हरियाणा के सोनीपत जिले से ताल्लुक रखने वाले अंकित बैयनपुरिया (वास्तविक नाम अंकित सिंह) मौजूदा समय में किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं. देश भर में अपनी फिटनेस को लेकर मशहूर अंकित फिलहाल आर्मेनिया में मौजूद हैं. जहां उनका अल्टीमेट फाइटिंग चैंपियनशिप (यूएफसी) में मुकाबला अर्मेनियाई-रूसी पेशेवर मिक्स्ड मार्शल आर्टिस्ट अरमान त्सारुक्यान (Arman Tsarukyan) के साथ है. अहम मुकाबले से पहले उन्होंने देशवासियों से सपोर्ट की मांग की है.
31 वर्षीय अंकित ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से एक वीडियो पोस्ट करते हुए कहा है, 'सभी भाइयों को राम राम. मैं पहुंच गया हूं आर्मेनिया और एक अगस्त को मेरी फाइट है यूएफसी फाइटर अरमान त्सारुक्यान के खिलाफ. मैं जानता हूं ये फाइट बिल्कुल भी आसान नहीं होने वाली है. पर भगवत गीता का वो श्लोक आज भी मुझे याद है कि हमारा अधिकार केवल कर्म करने पर है. उसके फल की चिंता हमें नहीं करनी है.'
अंकित ने कहा, 'मैंने अपनी तरफ से कर्म पूरा किया है. जितना भी मुझे टाइम मिला है उस हिसाब से मैंने अपनी बेस्ट ट्रेनिंग की है. हर चीज मैंने अपनी तरफ से बेस्ट करनी की कोशिश की है. मुझे आप सभी लोगों के दुआओं की जरूरत है. क्योंकि कहा जाता है ना. जहां दवा काम नहीं करता है. वहां दुआ काम कर जाया करती है. मुझे पूरी उम्मीद है कि मुकाबले के दौरान सभी देशवासी मेरे साथ खड़े रहेंगे. मैं आप सभी को गर्व महसूस करवाने की पूरी कोशिश करूंगा. जय हिंद जय भारत.'
कौन हैं अंकित बैयनपुरिया?
अंकित बैयनपुरिया का असल नाम अंकित सिंह हैं. वह हरियाणा के सोनीपत जिले में स्थित बयांपुर गांव से आते हैं. उनका जन्म 31 अगस्त साल 1998 में हुआ था. सोशल मीडिया पर वह फिटनेस इन्फ्लुएंसर, यूट्यूबर और कंडीशनिंग एथलीट के रूप में मशहूर हैं. वे मुख्य रूप से अपने '75 हार्ड चैलेंज'(75 Hard Challenge) और देसी वर्कआउट के तरीकों के लिए लोगों के बीच जाने जाते हैं.
यह भी पढ़ें- प्रीति का पंच, मेडल पक्का! सेमीफाइनल में पहुंची हरियाणा की शेरनी, अब गोल्ड के लिए करेंगी जंग
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं