दिल्ली में रविवार की सुबह जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम से होते हुए 30,000 से ज़्यादा रनर्स ने 11वीं कॉग्निजेंट नई दिल्ली मैराथन में हिस्सा लिया और बड़ी बात ये रही कि इसके ज़रिये तीन एथलीटों ने जापान में सितंबर-अक्टूबर होनेवाले एशियाड के लिए क्वालिफ़ाई कर लिया. ख़ास बात ये भी रही कि इस रेस का ख़िताब मुंबई के एक डॉक्टर के नाम रहा.
मुंबई के कार्तिक कारकेरा ने रविवार सुबह आयोजित हुई 11वीं कॉग्निजेंट नई दिल्ली मैराथन में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम कर लिया. कारकेरा ने 42.2 किलोमीटर की दूरी 2 घंटे 13 मिनट 10 सेकंड (02:13:10) में पूरी कर एशियाई खेलों के लिए निर्धारित क्वालिफाइंग मार्क को आराम से पार कर लिया.
पेशे से डॉक्टर हैं चैंपियन कार्तिक
पेशे से डॉक्टर 28 वर्षीय कारकेरा को जीत के लिए गोपी थोनाकल (02:13:12) और मान सिंह (02:13:15) की कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने अंततः शीर्ष स्थान हासिल किया. तीनों रनर्स के बीच ज़बरदस्त मुक़ाबला देखने को मिला. फ़िनिश लाइन पर कुछ ही सेकंड के अंतर में रनर्स की रेस लग गई थी. तीनों ही रेसर्स ने सितंबर में होने वाले एशियाई खेलों के लिए पुरुषों के 2:15:04 के क्वालिफाइंग स्टैंडर्ड को पार कर लिया.
महिला रेसर्स नहीं कर सकीं क्वालिफ़ाई
महिला वर्ग में एलीट धाविकाएं पुरुषों जैसी तेज रफ्तार नहीं दिखा सकीं और 2:31:52 के क्वालिफाइंग मार्क से पीछे रहीं. ठाकर निर्माबेन (02:41:15) ने अपनी रैंकिंग के अनुरूप प्रदर्शन करते हुए खिताब जीता. जबकि, भगिरथी (02:43:28) और अश्विनी जाधव (02:56:59) क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं.
31 देश, 490 शहर, 30,000 से ज़्यादा रनर्स
एथलेटिक्स फेडेरेशन ऑफ़ इंडिया (AFI) द्वारा मान्यता प्राप्त देश की राष्ट्रीय मैराथन मानी जाने वाली नई दिल्ली मैराथन में 31 देशों और 490 शहरों से आए 30,000 से अधिक रनर्स ने भागीदारी कर इसे एक यादगार मैराथन बना दिया.
ओलंपिक पदक विजेता विजेंदर सिंह और टेनिस स्टार रोहन बोपन्ना ने सुबह प्रमुख रेस को हरी झंडी दिखाई और बाद में विजेताओं को ट्रॉफी व पुरस्कार राशि प्रदान की.
रेस डायरेक्टर एवं एनईबी स्पोर्ट्स के सीएमडी नागराज अडिगा ने कहा, “हर साल नई दिल्ली मैराथन और बड़ी व बेहतर होती जा रही है. भारत के शीर्ष एथलीटों की भागीदारी के साथ कई विदेशी धावकों की मौजूदगी हमारे लिए गर्व की बात है.” कॉग्निजेंट इंडिया के प्रेसिडेंट (ग्लोबल ऑपरेशंस) और चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर राजेश वारियर ने भी रेस में हिस्सा ले रहे एथलीटों की संख्या पर हैरानी जताई.
अन्य प्रमुख स्पर्धाओं में हाफ मैराथन में कुलदीप कुमार (01:08:51) और जेनेट शिकुर रेशिद (01:19:36) ने जीत दर्ज की. पुरुष वर्ग में रवि बुम्बाक (01:09:33) और मोहम्मद साहिल अनिगेरी (01:09:41) दूसरे व तीसरे स्थान पर रहे, जबकि महिला वर्ग में एकता (01:19:39) और प्रीति लामवा (01:19:59) क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं.
मैराथन के नतीजे:
मैराथन (पुरुष):
1. कार्तिक जयराज कारकेरा (02:13:10)
2. गोपी थोनाकल (02:13:12)
3. मान सिंह (02:13:15)
मैराथन (महिला):
1. ठाकर निर्माबेन भारतजी (02:41:15)
2. भगिरथी (02:43:28)
3. अश्विनी मदन जाधव (02:56:59)
हाफ मैराथन (पुरुष):
1. कुलदीप कुमार (01:08:51)
2. रवि बुम्बाक (01:09:33)
3. मोहम्मद साहिल अनिगेरी (01:09:41)
हाफ मैराथन (महिला):
1. जेनेट शिकुर रेशिद (01:19:36)
2. एकता (01:19:39)
3. प्रीति लामवा (01:19:59)
10 किमी (पुरुष):
1. मानव शर्मा (00:30:40)
2. प्रकाश राय (00:30:44)
3. विशाल सिंह (00:34:45)
10 किमी (महिला):
- अंजलि (00:37:05)
- नेहा (00:41:50)
- अनुप्रीति मिश्रा (00:41:48)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं