विज्ञापन
This Article is From Feb 09, 2016

'पर्दे में रहने दो, पर्दा न उठाओ...' जानिए ऐसा क्यों बोले छगन भुजबल?

'पर्दे में रहने दो, पर्दा न उठाओ...' जानिए ऐसा क्यों बोले छगन भुजबल?
एनसीपी नेता छगन भुजबल (फाइल फोटो)
मुंबई: मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में ईडी अर्थात प्रवर्तन निदेशालय की जांच के दायरे में आ चुके एनसीपी नेता छगन भुजबल अमेरिका से लौट आए हैं। अमेरिकी कांग्रेस के बुलावे पर वह वाशिंगटन के तीन दिन के दौरे पर गए थे। अमेरिका से भारत लौटने के लिए भुजबल ने दुबई का रास्ता चुना।

मुंबई के नवीनतम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भुजबल के उतरते ही उनके समर्थकों ने एयरपोर्ट पर ही उनके स्वागत के लिए जोरदार ताकl आजमाइश की। 'छगन भुजबल अंगार है, बाकि सब भंगार है' यह चिरपरिचित नारा यहां कई बार गूंजा। फिर भुजबल ने एयरपोर्ट पर ही समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा कि, कार्यकर्ता शांत रहें। आम आदमी को तकलीफ न होने दें। इससे पहले 1 फरवरी को एनसीपी के पूर्व सांसद और छगन भुजबल के भतीजे समीर की गिरफ्तारी के बाद उनके पुराने संसदीय क्षेत्र नासिक में हिंसक प्रतिक्रिया उभरी थी।

एयरपोर्ट से सीधे एनसीपी मुख्यालय पहुंचे भुजबल ने संवाददाता सम्मेलन में खुद को लगातार बेगुनाह बताया। वह अपने साथ परिजनों पर भ्रष्टाचार के आरोप भी झुठलाते रहे। इस बीच, भुजबल ने दावा किया कि उनके खिलाफ जारी ईडी की कार्रवाई में सांत्वना देने के लिए सभी दलों में मौजूद उनके हितचिंतकों ने फोन किए और उनके पाक साफ होने का भरोसा दिया। जिस पर भुजबल से पूछा गया कि शिवसेना में आप का हितैषी कौन है, जिसने फोन किया था? झट से भुजबल ने कहा, पर्दे में रहने दो, पर्दा न उठाओ। भुजबल शिवसेना के वे बागी नेता हैं, जिन्होंने गृहमंत्री रहते शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे को गिरफ़्तार करवाया था।

भुजबल की प्रेस कांफ्रेंस में उनसे उनके विवादित व्हाट्सअप डीपी को लेकर भी सवाल पूछा गया। अनेकों खंजर पीठ में लेकर बैठे आदमी की तस्वीर उन्होंने व्हाट्सअप डीपी के रूप में लगाई थी। साथ में लिखा था कि, भरोसे का ये सिला मिलता है। भुजबल ने कहा कि व्हाट्सअप डीपी को उनके पार्टी के नेताओं से जोड़कर न देखा जाए।

इस दौरान भुजबल के बेटे और एनसीपी विधायक पंकज मंगलवार को ईडी के सामने पेश हुए। 8 घंटे तक चली पूछताछ के बाद पंकज को घर जाने दिया गया। इस दौरान ईडी दफ़्तर के आसपास धारा 144 लागू की गई थी। साथ ही इसका भंग करनेवाले उनके समर्थकों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। जांच कार्यालय से निकलते हुए पंकज भुजबल ने जांच में सहयोग का दावा किया। तो दूसरी तरफ़ भुजबल के भतीजे और पूर्व एनसीपी सांसद समीर अब भी ईडी की कस्टडी में हैं।
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
छगन भुजबल, पंकज भुजबल, प्रवर्तन निदेशालय, एनसीपी, महाराष्ट्र, Chhagan Bhujbal, Pankaj Bhujbal, ED, NCP, Maharashtra
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com