विज्ञापन
This Article is From Dec 22, 2015

कत्ल का राज : हेमा उपाध्याय की हत्या में पति चिंतन का हाथ?

कत्ल का राज : हेमा उपाध्याय की हत्या में पति चिंतन का हाथ?
चिंतन उपाध्याय (फाइल फोटो)
मुंबई: हेमा उपाध्याय के कत्ल का राज अब और उलझ गया है। कांदिवली पुलिस की मानें तो हेमा का पति चिंतन ही हत्याकांड का साजिशकर्ता है। उसे पुलिस ने आरोपी बनाया है। अदालत ने चिंतन को 1 जनवरी तक के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

हत्या के लिए उकसाने का आरोप
पुलिस रिमांड के मुताबिक जांच में यह साफ हुआ है कि हेमा के पति चिंतन उपाध्याय ने हत्या में शामिल आरोपियों के साथ गुप्त बैठक कर हत्या की साजिश रची और उन्हें हत्या के लिए उकसाया। यही वजह है कि पुलिस ने मामले में  हत्या की साजिश की धारा 120 बी और हत्या के लिए उकसाने की धारा 109 को जोड़ दिया है।

तलाक के मामले को लेकर शक पहले से
पुलिस की मानें तो पेशे से आर्टिस्ट पति - पत्नी के बीच तलाक की कानूनी लड़ाई और जुहू के फ्लैट के विवाद के चलते चिंतन पर पहले से शक था। हत्या में शामिल आरोपियों खासकर प्रमुख आरोपी विद्याधर से चिंतन की नजदीकी और पैसों का लेनदेन भी उसकी गिरफ्तारी की बड़ी वजह बनी। इसके अलावा 3 दिसंबर के आसपास चिंतन, विद्याधर और प्रदीप का गुप्त स्थान पर मीटिंग करना शक पैदा करने वाला है। साजिश को अंजाम देने के लिए विद्याधर का हेमा को फोन कर यह बताना कि प्रदीप के पास चिंतन के खिलाफ सबूत है जिसे वह पैसे के बदले दे सकता है। उसके बाद हेमा का कांदिवली में उसके कारखाने पर पहुंचना। चिंतन पर शिकंजा कसने की वजह बना।

हेमा के भाई का आरोप है कि चिंतन ने अपनी धमकी को सच कर दिखाया। इस बीच जयपुर में चिंतन के पिता विघासागर ने भी माना है कि मामले में फरार हत्या का मुख्य आरोपी विद्याधर राजभर हत्या के कुछ दिन पहले उनके घर आया था। हालांकि उन्होंने बेटे पर लगे आरोप को गलत बताया है।

हेमा के साथ जाने से भम्भानी की भी जान गई
पुलिस की मानें तो चिंतन तलाक चाहता था, लेकिन हेमा उसके लिए तैयार नहीं थी। आरोप है कि मुआवजे की रकम और फ्लैट को लेकर दोनों में जबरदस्त अनबन थी। इसका अंत चिंतन ने हेमा को रास्ते से हटाकर करने की ठानी।  हेमा को भी इस बात का अंदेशा था इसलिए वह अपने साथ वकील हरीश भम्भानी को भी लेकर गई थी। लेकिन हत्यारों ने भम्भानी को भी नहीं छोड़ा।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
हेमा उपाध्याय हत्याकांड, मुंबई, चिंतन उपाध्‍याय, शक के दायरे में पति, गिरफ्तार, Hema Upadhyay Murder, Mumbai, Chintan Upadhyay, Mumbai Police
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com