Dharavi Coronavirus Updates: देश में लगातार बढ़ते कोरोनावायरस (Coronavirus) के मामलों के बीच महाराष्ट्र (Maharashtra Corona) में पिछले 24 घंटों में सबसे ज्यादा नए मामले दर्ज किए गए. पिछले 24 घं में राज्य में 3041 नए मामले सामने आए जिसके बाद यहां संक्रमितों का आंकड़ा 50000 के पार हो गया. अब यहां कुल 50231 संक्रमित हो गए हैं. पूरे महाराष्ट्र में अब तक 1635 लोगों की मौत इस वायरस के संक्रमण से हुई. मुंबई में एशिया की सबसे बड़ी झुग्गी धारावी में भी कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं. रविवार को यहां 27 नए मामले सामने आए जिसके बाद धारावी में संक्रमितों की संख्या 1541 हो गई. धारावी में दो और लोगों की मौत भी पिछले 24 घंटों के दौरान इस वायरस के संक्रमण से हुई है.
धारावी की आबादी करीब 6.5 लाख है. यहां का जनसंख्या घनत्व 2,27,136 है. बीएमसी सूत्रों के मुताबिक नगर निकाय 213 निरूद्ध क्षेत्रों में आवश्यक वस्तुओं और दवाइयों की आपूर्ति कर रहा है. धारावी पुनर्विकास समिति के प्रमुख राजू कोरदे के अनुसार उपयुक्त स्वच्छता सुविधाओं के अभाव और कमरों में अधिक संख्या में लोगों का रहना इलाके में कोरोना वायरस संक्रमण फैलने का मुख्य कारण है. कोरदे ने कहा, ‘‘धारावी में छोटे-छोटे कमरे हैं और तंग गलियां हैं. इसलिए, यदि बीएमसी निरूद्ध क्षेत्र बनाती भी है तो दो गज दूरी के नियमों का पालन करना असंभव है.''
नगर निकाय अधिकारियों के मुताबिक धारावी में 225 सामुदायिक शौचालय, 100 सार्वजनिक शौचालय और महाराष्ट्र आवास एवं क्षेत्र विकास प्राधिकरण द्वारा निर्मित 125 शौचालय हैं. बीएमसी के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘चूंकि सैकड़ों लोग इलाके में साझा शौचालय का इस्तेमाल करते हैं, ऐसे में संक्रमण फैलने का खतरा अधिक है. यही कारण है कि इन स्थानों को नियमित रूप से साफ सुथरा करने की जरूरत है.'' धारावी में नगर निगम के नौ दवाखाने हैं. इसके अलावा करीब 50 निजी क्लीनिक भी हैं.
दुनियाभर के देशों के साथ-साथ भारत में भी कोरोनावायरस (Coronavirus) के मामले तेजी से बढ़ते जा रहे हैं. देश में कोरोना (Covid-19) संक्रमितों का कुल आंकड़ा 1.31 लाख के पार पहुंच गया है. स्वास्थ्य मंत्रालय (Health Ministry) की ओर से रविवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, भारत में कोरोनावायरस मरीज़ों की कुल संख्या 1,31,868 हो गई है और जबकि इस वायरस से अब तक 3867 लोगों की मौत हो चुकी है. वहीं, पिछले 24 घंटों में कोरोना के 6767 नए मामले सामने आए हैं और 147 लोगों की जान गई है. 24 घन्टे में सबसे ज्यादा नए मामले सामने आए हैं. हालांकि, राहत की बात यह है कि 54,441 मरीज कोरोना को मात देने में कामयाब हुए हैं. रिकवरी रेट सुधर कर 41.28 प्रतिशत पर पहुंच गया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं