विज्ञापन
This Article is From May 20, 2017

कांग्रेस विधायक नितेश राणे फिर विवादों में, फिरौती का मामला दर्ज

नितेश राणे और विवादों का रिश्ता पुराना है. कांग्रेस दफ्तर पर हमला करने से लेकर फिरौती तक कई विवादों से उनका नाम आ चुका है.

कांग्रेस विधायक नितेश राणे फिर विवादों में, फिरौती का मामला दर्ज
कांग्रेस विधायक नितेश राणे (फाइल फोटो)
मुंबई: महाराष्ट्र के कांग्रेस विधायक नितेश राणे की वजह से पार्टी की परेशानी बढ़ी हैं. नितेश महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और मौजूदा कांग्रेस विधायक नारायण राणे के बेटे हैं. जिनके खिलाफ़ मुंबई पुलिस ने फिरौती मांगने का मामला दर्ज किया है. नितेश के घर के पास बने होटल एस्टेला के मालिक की शिकायत पर यह मामला दर्ज़ हुआ है. होटल एस्टेला के मालिक निखिल मिराणी और हितेश केसवानी अक्टूबर 2016 से मुंबई के उपनगर जुहू में कारोबार कर रहे हैं. उन्होंने अपनी शिकायत में कहा है कि होटल में भागीदारी के लिए नितेश राणे उनपर दबाव बना रहे थे और उसे अस्वीकार करने पर होटल बंद करा देने की धमकी दी, अन्यथा हर महीने 10 लाख रुपये की फिरौती देने को कहा. इसी दौरान 18 मई 2017 को रात 10:30 बजे दो लोगों ने होटल में घुसकर हुडदंग मचाया.

इस शिकायत पर करवाई करते हुए हुड़दंग मचाने वाले दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार भी किया है. साथ ही विधायक नितेश राणे के खिलाफ फिरौती मांगने का मामला दर्ज किया है. जबकि आरोपी नितेश राणे इस मामले को उन्हें बदनाम करने का षडयंत्र बता रहे हैं. विधानभवन में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि होटल एस्टेला के पास ही में उनके परिवार का घर है. पूरा परिवार इस होटल से परेशान है और इसके जोर से म्यूजिक बजाने की शिकायत दे चुके हैं. पुलिस ने हमारी शिकायत पर तो अबतक कार्रवाई नहीं की. ऐसा क्यों?

ऐसे में अब राज्य कांग्रेस राणे का समर्थन करते हुए सरकार पर पलटवार की तैयारी में है. कांग्रेस विधायक पृथ्वीराज चव्हाण ने मीडिया से कहा कि कांग्रेस नेताओं के खिलाफ़ देशभर में षडयंत्र चल रहा है. जबकि सरकार के बचाव के लिए शिवसेना नेता और मंत्री एकनाथ शिंदे आगे आए हैं. शिंदे ने कांग्रेस के आरोप झुठलाए हैं. उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि कानून अपना काम कर रहा है. सरकार का कोई दखल नहीं.

वैसे ज्ञात हो कि नितेश राणे और विवादों का रिश्ता पुराना है. कांग्रेस दफ्तर पर हमला करने से लेकर फिरौती तक कई विवादों से उनका नाम आ चुका है. जो भी हो, जब कांग्रेस पार्टी राज्य की बीजेपी सरकार के खिलाफ़ जोर शोर से सड़क पर उतरकर आंदोलन कर रही हो तब अपने ही एक विधायक पर फिरौती का मामला दर्ज होना पार्टी की परेशानी बढ़ा गया है.
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Congress Leader Narayan Rane, Nitesh Rane, Extortion Case, Santacruz Police, Hitesh Keswani
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com