विज्ञापन

जयपुर ED के अधिकारियों पर मुंबई में 2.25 करोड़ की जबरन वसूली का केस दर्ज, जानें पूरा मामला

जयपुर ED में तैनात अधिकारी मोहित गर्ग और देवेंद्र कुमार गुप्ता पर आरोप है कि उन्होंने मुंबई के मलाड इलाके के एक व्यवसायी से 2.25 करोड़ रुपये ऐंठे हैं.

जयपुर ED के अधिकारियों पर मुंबई में 2.25 करोड़ की जबरन वसूली का केस दर्ज, जानें पूरा मामला

प्रवर्तन निदेशालय के दो अधिकारियों के खिलाफ मुंबई में एक कारोबारी से करोड़ों रुपये की जबरन वसूली का गंभीर मामला सामने आया है. जयपुर ED में तैनात अधिकारी मोहित गर्ग और देवेंद्र कुमार गुप्ता पर आरोप है कि उन्होंने मुंबई के मलाड इलाके के एक व्यवसायी से 2.25 करोड़ रुपये ऐंठे हैं. इस हाई-प्रोफाइल मामले की जांच अब मुंबई क्राइम ब्रांच कर रही है. पुलिस में दर्ज एफआईआर के अनुसार, 20 जुलाई को दोनों आरोपी अधिकारी कारोबारी के मलाड स्थित कार्यालय पहुंचे थे. वहां उन्होंने कारोबारी को डराया और उस पर मनी लॉन्ड्रिंग के पैसों से संबंध होने का आरोप लगाया. अधिकारियों ने कारोबारी को ED के सर्च और जब्ती के अधिकारों की धमकी दी.  शुरुआत में उन्होंने मामले को रफादफा करने के लिए 5 करोड़ रुपये की मांग की, लेकिन बाद में सौदा 2.25 करोड़ रुपये में तय हुआ. शिकायतकर्ता कारोबारी का दावा है कि ED अधिकारियों के दबाव और गिरफ्तारी के डर से उसने उसी दिन 1 करोड़ रुपये नकद उन्हें दे दिए. 

इसके कुछ दिनों बाद 25 जुलाई को दिल्ली में इन अधिकारियों के सहयोगियों के माध्यम से बाकी के 1.25 करोड़ रुपये भी पहुंचाए गए. पूरी रकम वसूलने के बाद अधिकारियों ने कारोबारी को कुछ दस्तावेज दिखाए, जिनमें दावा किया गया था कि उसके खिलाफ चल रही जांच और मामला बंद कर दिया गया है लेकिन शिकायतकर्ता ने जब दस्तावेजों की जांच की तो उसे उनमें कई खामियां और विसंगतियां नजर आईं. इसके अलावा अधिकारियों पर यह भी आरोप है कि वे कारोबारी से हर महीने प्रोटेक्शन मनी के नाम पर भी पैसों की मांग कर रहे थे. परेशान होकर कारोबारी ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया. मुंबई की बांगुर नगर पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों ED अधिकारियों मोहित गर्ग और देवेंद्र कुमार गुप्ता के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता BNS की धारा 308(2) जबरन वसूली, 351(2) आपराधिक धमकी और 61 आपराधिक साजिश के तहत मामला दर्ज कर लिया है. शुरुआती केस बांगुर नगर पुलिस स्टेशन में दर्ज हुआ था, जिसे अब आगे की सघन जांच के लिए मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंप दिया गया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस मामले में प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट PMLA के तहत भी केस दर्ज कर तलाशी अभियान चलाया गया है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
ED Officials, Mumbai Extortion Case
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com