विज्ञापन
This Article is From Aug 22, 2018

मध्य प्रदेश के मंदसौर में नाले में बही कार, 4 लोगों की मौत

मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में बारिश के कारण नाले में जलस्तर बढ़ने से कार पानी के तेज बहाव में बह गई, जिससे कार सवार सभी चार लोगों की मौत हो गई.

मध्य प्रदेश के मंदसौर में नाले में बही कार, 4 लोगों की मौत
मंदसौर में हादसा हुआ और चार लोगों की मौत हो गई.
मंदसौर: मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में बारिश के कारण नाले में जलस्तर बढ़ने से कार पानी के तेज बहाव में बह गई, जिससे कार सवार सभी चार लोगों की मौत हो गई. अफजलपुर थाने के प्रभारी लाल सिंह परमार ने बुधवार को बताया कि, "मंगलवार शाम को धामनार और गुलियाना गांव के बीच पड़ने वाले नाले का जलस्तर बढ़ा हुआ था और सड़क के दोनों ओर वाहनों को रोका जा रहा था. शाम लगभग साढ़े पांच बजे एक कार में सवार चार लोगों को ग्रामीणों ने नाला पार करने से रोका मगर वे नहीं माने". परमार के अनुसार, जैसे ही कार नाले की पुलिया के बीच तक पहुंच पाती उससे पहले ही पानी के बहाव में कार बह गई. मौके पर मौजूद लोगों ने डायल 100 और 108 को सूचना दी. दोनों दल मौके पर पहुंचे, राहत और बचाव कार्य चलाकर कार में सवार चारों लोगों को निकालकर देर शाम जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने चारों को मृत घोषित कर दिया. 

गुजरात के पंचमहल में कार अनियंत्रित होकर नाले में गिरी, एक ही परिवार के 7 बच्चों की मौत 

आपको बता दें कि पिछले दिनों गुजरात के पंचमहल में भी ऐसा ही एक मामला सामने आया था. जहां एक कार नाले में गिर गई थी. कार में सवार एक ही परिवार के 7 बच्चों की मौत हो गई थी. वहीं 3 लोगों को बचा लिया गया था. इस बात की जानकारी पंचमहल के पुलिस अधिकारी एबी देवधा ने दी. मिली जानकारी के मुताबिक हलोल-बोदिली रोड के पास मोड़ पर कार का पिछला पहिया निकल गया जिससे कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खाई में गिर गई जिसमें पानी भरा हुआ था.घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से 3 लोगों को बचा लिया गया लेकिन बाकी 7 को जान नहीं बचाई जा सकी. सभी मृतक बदोली के रहने वाले एक ही परिवार के थे, ये सभी हलोल से अपने रिश्तेदार के यहां से आ रहे थे. फिलहाल सभी घायलों का इलाज जम्बूघोडा के अस्पताल में चल रहा है और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिये भेज दिया गया. (इनपुट- IANS) 

पटना में तेज रफ्तार स्कार्पियो गंगा में गिरी, 4 से 5 लोगों के डूबने की आशंका
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Madhya Pradesh, Madhya Pradeh News, Mandsaur
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com