विज्ञापन
This Article is From Aug 18, 2017

लोकसभा के साथ मध्य प्रदेश के लिए बीजेपी ने तैयार किया मिशन ‘अबकी बार 200 के पार’

अगले साल मध्य प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनावों में भाजपा ने कुल 230 में से 200 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है.

लोकसभा के साथ मध्य प्रदेश के लिए बीजेपी ने तैयार किया मिशन ‘अबकी बार 200 के पार’
केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर का कहना है कि मध्य प्रदेश चुनावों में भाजपा और बेहतर प्रदर्शन करेगी
भोपाल: गुजरात राज्यसभा चुनाव में अहमद पटेल को घेरने के लिए बिछाई सभी विसात फेल होने के बाद भाजपा चुनावों में हर कदम फूंक-फूंक कर रख रही है. बीजेपी ने 2019 के लोकसभा चुनावों के लिए लक्ष्य तय करते हुए काम शुरू कर दिया है. लोकसभा से पहले होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए विशेष रणनीति बनाई जा रही है. इसी क्रम में मध्य प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए बीजेपी ने सीटों का लक्ष्य 200+ तय किया है.

केन्द्रीय पंचायती राज मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि अगले साल मध्य प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनावों में भाजपा ने कुल 230 में से 200 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है, जबकि वर्ष 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 29 सीटों पर जीत हासिल करने के लिए अभियान शुरू कर दिया है. 

नरेंद्र तोमर ने यहां प्रदेश भाजपा कार्यालय में संवाददातओं को बताया कि भाजपा ने वर्ष 2018 में मध्य प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए ‘अबकी बार 200 के पार’ का नारा दिया है. इस चुनाव में बीजेपी  200 से ज्यादा सीटों पर जीतेगी. उन्होंने दावा किया कि इसके अलावा, वर्ष 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव में पार्टी मध्यप्रदेश की सभी 29 सीटों पर कब्जा करेगी. इसके लिए बीजेपी अभी से अभियान शुरू कर दिया है.

नरेंद्र तोमर यहां केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री थावरचंद गहलोत के साथ भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के तीन दिवसीय भोपाल दौरे के दौरान होने वाले कार्यक्रमों में भाग लेने आये हुए हैं. मध्य प्रदेश विधानसभा में कुल 230 सीटें हैं, जिनमें से भाजपा के पास वर्तमान में 165 सीटें हैं, जबकि मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के कब्जे में 56 सीटें हैं. बहुजन समाज पार्टी के पास चार सीटें हैं जबकि तीन सीटों पर निर्दलीय विधायक हैं. वहीं, एक सीट कांग्रेस विधायक के निधन के कारण खाली है और भाजपा की एक सीट पर अदालत ने स्थगनादेश लगा रखा है.

वर्ष 2014 में हुए आम चुनाव में भाजपा को प्रदेश की कुल 29 लोकसभा सीटों में से 27 सीटें मिलीं थी, जबकि कांग्रेस को दो सीटें गुना एवं छिंदवाडा मिली थी. गौरतलब है कि रतलाम-झाबुआ सीट से भाजपा सांसद दिलीप सिंह भूरिया के निधन के कारण हुए वहां हुए उपचुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार कांतिलाल भूरिया ने इस सीट को भाजपा से छीन लिया. इस प्रकार वर्तमान में मध्यप्रदेश में भाजपा के पास लोकसभा की 26 सीटें हैं और कांग्रेस के पास तीन सीटें हैं.

(इनपुट भाषा से)
 
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Madhya Pradesh Assembly Polls
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com