- पुणे पुलिस ने केतन अग्रवाल हत्याकांड में 5300 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है
- जांच में पता चला है कि हत्या से पहले केतन के हाथ-पैर तोड़ने की साजिश रची गई थी
- केतन का पासपोर्ट फाड़ने और उसके नाम से फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाने का सुझाव चेतन चौधरी ने दिया था
पुणे के केतन अग्रवाल हत्याकांड में पुणे पुलिस ने 5300 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है, जिसमें खुलासा हुआ है कि हत्या से पहले उसके हाथ-पैर तोड़ने की साजिश रची गई थी. जांच के मुताबिक, हत्या से पहले केतन को बेंगलुरु ले जाकर उसके हाथ-पैर तोड़ने के विकल्प पर भी विचार किया गया था. चार्जशीट में पुलिस ने दावा किया है कि रितेश हंगे ने इस बारे में बेंगलुरु में रहने वाले अपने एक दोस्त से चर्चा की थी. हालांकि, जानकारी के मुताबिक उस दोस्त ने इस बात का विरोध किया था.
केतन का पासपोर्ट फाड़ने की थी प्लानिंग
जांच में ये भी सामने आया है कि केतन का पासपोर्ट फाड़ने और उसके नाम से फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाने का सुझाव चेतन चौधरी ने दिया था. 'माही' नाम से एक इंस्टाग्राम अकाउंट भी बनाया गया था. ये भी सामने आया है कि सिया गोयल ने कई लोगों के सामने यह बात कही थी कि वह केतन से शादी नहीं करना चाहती. जांच के दौरान पुलिस ने मामले से जुड़े एक गवाह और एक नेलपेंट आर्टिस्ट महिला सहित अन्य लोगों के बयान दर्ज किए हैं.
साजिश में रितेश हंगे की भूमिका काफी अहम
आरोप पत्र की जांच से यह स्पष्ट होता है कि इस साजिश में रितेश हंगे की भूमिका काफी महत्वपूर्ण थी. इस आरोप पत्र में चश्मदीदों के बयान, तस्वीरें, सोशल मीडिया और डिजिटल सबूत शामिल किए गए हैं. ऐसी जानकारी सामने आ रही है कि इस मामले में वरिष्ठ वकील उज्ज्वल निकम को विशेष लोक अभियोजक Special Public Prosecutor के रूप में नियुक्त किया जाएगा.
18 जून को हुई थी केतन अग्रवाल की हत्या
बता दें कि 18 जून को केतन की हत्या पुणे की लोहागढ़ पहाड़ी से धक्का देकर कर दी गई थी. हत्या का आरोप उसकी मंगेतर सिया गोयल पर लगा है. इस मामले में एक चश्मदीद ने पुलिस को बताया कि सिया के इशारे पर चेतन ने केतन को लोहगढ़ की खाई में धकेला था. हत्या के बाद चेतन ने उसे भी खाई में फेंकने की धमकी दी थी. उसने पुलिस के सामने दावा किया कि उसने केतन अग्रवाल को लोहगढ़ किले से खाई में धकेलते हुए देखा था. 23 जून को गवाह ने अपना बयान पुलिस के सामने दर्ज कराया था.
ये Video भी देखें:| केतन हत्याकांड में आया सबसे बड़ा मोड़; सिया और चेतन को लेकर नया राज खुला!TOP NEWS
ये भी पढ़ें-लोहगढ़ में केतन को मेरे सामने चेतन ने धक्का दिया, मुझे बोला, तुझे भी फेंकू- चश्मदीद ने बताया आंखों देखा हाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं