विज्ञापन
This Article is From Jan 06, 2019

महाराष्ट्र के शिक्षा मंत्री से छात्र ने पूछा सवाल, तो उन्होंने कथित तौर पर दे दिया गिरफ्तारी का आदेश

महाराष्ट्र के अमरावती जिले में एक स्नातक के छात्र ने प्रदेश के शिक्षा मंत्री विनोद तावडे पर उसे उस वक्त गिरफ्तार करने का आदेश देने का आरोप लगाया है, जब वह उनके और एक छात्र के बीच की बातचीत की रिकार्डिंग कर रहा था.

महाराष्ट्र के शिक्षा मंत्री से छात्र ने पूछा सवाल, तो उन्होंने कथित तौर पर दे दिया गिरफ्तारी का आदेश
शिक्षा मंत्री विनोद तावडे.
मुंबई:

महाराष्ट्र के अमरावती जिले में एक स्नातक के छात्र ने प्रदेश के शिक्षा मंत्री विनोद तावडे पर उसे उस वक्त गिरफ्तार करने का आदेश देने का आरोप लगाया है, जब वह उनके और एक छात्र के बीच की बातचीत की रिकार्डिंग कर रहा था. मंत्री ने इस आरोप से इंकार किया है. छात्र युवराज दबाड ने यह भी दावा किया कि कथित आदेश के चलते स्थानीय पुलिस ने उसे करीब कई घंटे तक हिरासत में रखा और उसका स्मार्टफोन भी जब्त कर लिया. बाद में, वीडियो रिकार्डिंग हटाकर स्मार्ट फोन उसे वापस कर दिया गया. तावडे ने आरोपों से इंकार करते हुए कहा कि उन्होंने किसी छात्र की गिरफ्तारी का आदेश नहीं दिया और उनके खिलाफ ‘झूठ' फैलाया जा रहा है. अमरावती में एक शीर्ष पुलिस अधिकारी ने बताया कि ना तो छात्र को गिरफ्तार किया गया, ना ही हिरासत में लिया गया और उसके मोबाइल से कुछ भी नहीं हटाया गया.

मध्य प्रदेश के मंत्री ने खुद को सफेद कपड़ों वाला गुंडा बताया

अमरावती में एक कॉलेज में तावडे ने भाषण प्रतियोगिता का उद्घाटन किया था जिसके बाद यह कथित घटना हुई. कार्यक्रम को संबोधित करने के बाद जब मंत्री जा रहे थे तब पत्रकारिता के कुछ छात्र उनके वाहन के नजदीक आ गये और मुफ्त शिक्षा नीति पर उनकी राय पूछने लगे. कॉलेज के छात्र प्रशांत राठौड़ ने बताया, ‘‘शिक्षा मंत्री विनोद तावडे ने कहा कि यदि मैं शिक्षा का खर्च बरदाश्त नहीं कर सकता तो मुझे कहीं कुछ काम करना शुरू कर देना चाहिए. मेरा उनसे सवाल था कि क्या प्रदेश में मुफ्त शिक्षा नीति हो सकती है''. राठौड़ ने कहा कि दबाड उनकी बातचीत की वीडियो रिकार्डिंग कर रहा था. जब मंत्री ने देखा तो ‘पहले उससे रिेकार्डिंग बंद करने को कहा और बाद में पुलिस को उसे गिरफ्तार करने को कहा'. दबाड ने कहा कि उन्होंने रिकार्डिंग करने के आदेश को मानने से मना कर दिया क्योंकि ‘‘वह (तावडे) हमारे प्रश्नों का उत्तर नहीं दे रहे थे''. उन्होंने कहा, ‘‘हम बस उनसे कुछ सवाल कर रहे थे और उनका विचार जानना चाहते थे''. दबाड ने कहा, ‘‘तावडे ने पुलिस को उसे गिरफ्तार करने का आदेश दिया जिसके बाद उसे परिसर से बाहर ले जाया गया और कुछ समय तक पुलिस वाहन में हिरासत में रखा गया. मेरा फोन मुझे शाम को वापस किया गया. बिना मेरी अनुमति के पुलिस ने मेरे फोन से रिकार्डिंग और वीडियो हटा दी''. 

VIDEO: BJP विधायक ने हनुमान जी को बताया मुसलमान, विपक्षी नेताओं ने कही यह बात...

 

 

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Vinod Tawde Education Minister, Vinod Tawde, Maharashtra
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com