पुणे से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां खुद को बाबा बताने वाले अशोक खरात पर करोड़ों रुपये की उगाही करने का आरोप लगा है. एक बिल्डर ने FIR में दावा किया है कि “दिव्य शक्ति” दिलाने और जान का डर दिखाकर उससे करीब 4 से 5 करोड़ रुपये वसूले गए. मामले के मुताबिक, 51 साल के इस बिल्डर की मुलाकात साल 2018 में खरात से हुई थी. उस वक्त वह अपना लॉजिस्टिक्स बिजनेस शुरू करने की तैयारी कर रहा था और आशीर्वाद लेने के लिए बाबा के संपर्क में आया था, लेकिन धीरे-धीरे यह मुलाकात एक डर और अंधविश्वास के जाल में बदल गई.
21 देशों में जाओ, तभी कामयाबी मिलेगी
पीड़ित के अनुसार, बाबा ने उसे समझाया कि अगर उसे बिजनेस में सफलता चाहिए तो उसे 21 देशों की यात्रा करनी होगी. बाबा का दावा था कि इन देशों में जाकर खास पूजा करने से “भगवान की शक्ति” मिलेगी और उसका नाम दुनियाभर में होगा. FIR में यह भी कहा गया है कि बाबा ने उसे डराने के लिए तरह-तरह की बातें कहीं. उसने कहा कि अगर वह उसे 21 देशों में नहीं ले गया, तो 'सर्प देवता नाराज हो जाएंगे' और उसकी मौत हो जाएगी. इतना ही नहीं, ब्लैक मैजिक से मारने की धमकी भी दी गई.
विदेश यात्राएं और खर्च का सिलसिला
डर के माहौल में आकर बिल्डर ने कई विदेश यात्राओं का खर्च उठाया. अमेरिका के कम से कम 5 ट्रिप्स कराए गए. इसके अलावा म्यांमार जैसे देशों में जाकर मिट्टी की पूजा करने जैसी अजीब रस्में भी करवाई गईं.
90 लाख की मर्सिडीज भी दिलवाई
आरोप है कि बाबा ने पीड़ित से एक लग्जरी मर्सिडीज कार भी खरीदवाई. करीब 90 लाख रुपये की इस गाड़ी में 15 लाख रुपये डाउन पेमेंट कर बाकी लोन लिया गया और फिर गाड़ी बाबा को सौंप दी गई. इतना ही नहीं बाबा ने कथित तौर पर अपने फार्महाउस के निर्माण, फर्नीचर और अन्य चीजों के नाम पर भी लगातार पैसे मांगे. पीड़ित का कहना है कि हर बार कोई नई पूजा या कारण बताकर उससे पैसे लिए जाते रहे.
झूठे केस में फंसाने की दी धमकी
बिल्डर का कहना है कि कई साल तक पैसे देने और यात्राएं करने के बावजूद अंतिम “उत्तार पूजा” कभी नहीं करवाई गई. जब उसने पैसे वापस मांगने की कोशिश की, तो उसे जान से मारने और झूठे केस में फंसाने की धमकी दी गई.
पहले से ही कई मामलों में आरोपी
पुलिस के मुताबिक, अशोक खरात पहले से ही कई मामलों में गिरफ्तार है, जिनमें यौन शोषण जैसे गंभीर आरोप भी शामिल हैं. जांच के दौरान 200-300 वीडियो क्लिप्स भी बरामद हुई हैं, जिनकी जांच चल रही है. SIT अब उसके पैसों के लेन-देन और महाराष्ट्र में मौजूद संपत्तियों की भी जांच कर रही है, जिनमें कई बेनामी होने का शक है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं