मध्य प्रदेश में नर्मदापुरम पश्चिम मध्य रेल के सबसे बड़े रेल जंक्शन पर यात्रियों की सेहत से कैसे खिलवाड़ किया जा रहा है, जिसका आज जिला प्रशासन ने भांडा फोड़ किया है. इटारसी इटारसी रेलवे स्टेशन पर वेंडर यात्रियों के लिए दूषित खाद्य सामग्री तैयार कर रहे थे, दूसरी ओर किचन में गंदगी फैली थी. प्रशासन ने मौके से दूषित खाने को बरामद किया है. उनका कहना है कि यात्रियों की लिए तैयार भोजन की गुणवत्ता बहुत ही खराब थी.
इटारसी के रेलवे स्टेशन के नजदीक बारह बंगला क्षेत्र में तीन किचन संचालित की जा रही थीं, जहां खाना बनाते समय भारी अनियमितताएं थीं. सूचना के बाद कार्रवाई नर्मदापुरम के अपर कलेक्टर (एडीएम) के नेतृत्व में जिला प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने छापा मारा तो देखा कि गंदगी के बीच रेलवे यात्रियों के लिए भोजन बनाया जा रहा था. बड़ी मात्रा में सड़े हुए आलू, खराब सब्जियां, समोसे, चावल और अन्य खाद्य सामग्री मिली, जिसे मौके पर ही नष्ट करा दिया गया.

इन तीन किचन पर पड़ा छापा
टीम ने राहुल इंटरप्राइजेज, अतुल अवस्थी और होटल धर्मराज की किचनों का निरीक्षण किया. जांच में खाद्य सुरक्षा मानकों का गंभीर उल्लंघन और अनहाइजीनिक स्थिति मिलने पर तीनों किचनों के साथ उनके प्रेमिसेस (परिसर) भी तत्काल सील कर दिए गए.
भारा मात्रा में सब्जियां नष्ट कराईं
निरीक्षण के दौरान करीब 100 लीटर ग्रेवी, 200 किलो सब्जियां, 1,500 समोसे, 250 किलो आलू और 30 किलो चावल सहित बड़ी मात्रा में दूषित खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई. जांच में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) का सरकारी नमक भी बड़ी मात्रा में मिला, जिसे जब्त कर लिया गया है. प्रशासन यह भी जांच कर रहा है कि सरकारी राशन का नमक इन किचनों तक कैसे पहुंचा.
खाद्य सुरक्षा विभाग ने तीनों प्रतिष्ठानों से अमानक एवं संदिग्ध खाद्य पदार्थों के पांच नमूने जांच के लिए एकत्र किए हैं. सभी नमूने राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं. रिपोर्ट आने के बाद संबंधित संचालकों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं अन्य प्रासंगिक कानूनों के तहत कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.
ये भी पढ़ें- ट्रेन कैंसिल होने पर कैसे मिलता है पूरा रिफंड? ऑनलाइन और काउंटर टिकट के लिए जानें क्या है नियम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं