विज्ञापन

बनियान और शॉर्ट्स पहने AAP विधायक का वीडियो देख भड़कीं सीएम रेखा गुप्ता, कहा- ठीक से कपड़े पहनें

वीडियो में AAP विधायक बनियान और शॉर्ट्स पहने कुर्सी पर पालथी मारकर बैठे हैं. कहा जा रहा है कि यह वीडियो तब का है, जब वह दिल्ली सरकार की योजना के लिए महिलाओं के आवेदन फॉर्म पर साइन कर रहे थे.

बनियान और शॉर्ट्स पहने AAP विधायक का वीडियो देख भड़कीं सीएम रेखा गुप्ता, कहा- ठीक से कपड़े पहनें
आप विधायक अनिल झा वत्स का वीडियो वायरल.
  • AAP विधायक अनिल वत्स अंडरगारमेंट्स में बैठकर अपने निर्वाचन क्षेत्र के लोगों के कागजात पर हस्ताक्षर कर रहे थे
  • दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने विधायक के आपत्तिजनक पहनावे और व्यवहार को बेहद शर्मनाक बताया
  • विधायक अनिल वत्स का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें वह महिलाओं के सामने बनियान और शॉर्ट्स में बैठे थे
नई दिल्ली:

आम आदमी पार्टी के एक विधायक अंडरगारमेंट्स में बैठकर अपने निर्वाचन क्षेत्र के लोगों के कागजों पर साइन कर रहे थे. उनका यह वीडियो वायरल होते ही दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उनकी कड़ी आलोचना की. उन्होंने विधायक अनिल झा वत्स के आपत्तिजनक पहनावे का जिक्र करते हुए उनके इस तरीके को बहुत ही शर्मनाक बताया. 

'शर्मनाक, ठीक से कपड़े पहनें'

दिल्ली सीएम ने कहा, "आपका व्यवहार शर्मनाक है. जब महिलाएं अपने कागजात पर हस्ताक्षर करवाने के लिए आपके पास आएं, तो कम से कम आपको ठीक से कपड़े पहनने चाहिए." आम आदमी पार्टी के इन विधायक का नाम अनिल झा वत्स है. वह उत्तर-पश्चिम दिल्ली के किराड़ी से AAP विधायक हैं.

महिलाओं के सामने अंडरगारमेंट्स में बैठे AAP विधायक

उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में वह बनियान और शॉर्ट्स पहने कुर्सी पर पालथी मारकर बैठे हैं. उनकी गोद में केसरिया रंग का एक कपड़ा रखा है. कहा जा रहा है कि यह वीडियो तब शूट किया गया था जब विधायक महिलाओं को आर्थिक मदद देने की दिल्ली सरकार की योजना के लिए उनके आवेदन फॉर्म पर साइन कर रहे थे. वीडियो में आम आदमी पार्टी विधायक कागजों पर साइन करते हुए दिख रहे हैं, जबकि उनके टेबल के सामने कई महिलाओं समेत अन्य लोग लाइन में खड़े हैं. 

दिल्ली लक्ष्मी योजना के लिए हो रहे रजिस्ट्रेशन

बता दें कि 1 अगस्त को शुरू की गई दिल्ली लक्ष्मी योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है. दिल्ली सरकार के मुताबिक, इस योजना के शुरू होने के सात दिनों के भीतर ही 5.14 लाख से ज्यादा रजिस्ट्रेशन कराए गए हैं. अब तक 2.18 लाख से ज्यादा आवेदन जमा किए जा चुके हैं.

हालांकि, आम आदमी पार्टी (AAP) ने सरकार की इस योजना के लिए तय किए गए पात्रता मानदंडों पर सवाल उठाए हैं. पार्टी ने कहा कि इसमें कई गरीब महिलाओं को शामिल नहीं किया गया है.

वत्स की विधानसभा सदस्यता रद्द करने की मांग

उनके इस वीडियो को देखकर सीएम रेखा गुप्ता ने कड़ी आलोचना की और वत्स के इस व्यवहार की वजह से उनकी विधानसभा सदस्यता रद्द करने की भी मांग की. उन्होंने कहा कि एक विधायक का इस तरह का अभद्र व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जा सकता. उनकी विधानसभा सदस्यता रद्द की जानी चाहिए.

सीएम रेखा गुप्ता ने AAP विधायक पर विधानसभा सत्र के दौरान अश्लील इशारे करने का भी आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की. हालांकि AAP विधायक ने दिल्ली सीएम के आरोप का खंडन करते हुए कोई भी अश्लील इशारा किए जाने का वीडियो सबूत मांगा. अनिल वत्स ने बाद में कहा, "मेरा कोई भी गलत इशारा करते हुए वीडियो उन्हें  दिखाना चाहिए. उनके पास लोगों की समस्याओं का कोई जवाब नहीं है, इसलिए वे ये सभी आरोप लगा रही हैं."

ये भी पढे़ं-बीमार भी, लाचार भी...जलन का नहीं मिला इलाज, सालों से खुद को तालाब में डुबोए है किशोर

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi News, AAP MLA Anil Jha Vats, CM Rekha Gupta
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com