US-Israel-Iran Tension: इजरायल-अमेरिका और ईरान के बीच जंग जैसे हालात हैं. इजरायल-अमेरिका, ईरान पर हवाई हमले कर रहा है, ईरान भी इसका जवाब दे रहा है. जवाबी कार्रवाई में ईरान ने दुबई में हवाई हमले किए हैं. इससे मध्य प्रदेश के रहने वाले 100 से अधिक लोग वहां फंस गए हैं. दुबई और शारजाह एयरपोर्ट पर फंसे यात्रियों में इंदौर, भोपाल, ग्वालियर सहित कई अन्य जिलों के लोग शामिल हैं.
दुबई में फंसे लोगों में मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर के पुजारी विकास शर्मा भी शामिल हैं. वे ज्योतिष सम्मेलन में शामिल होने के लिए वहां गए थे. इसके अलावा, इंदौर के पूर्व विधायक संजय शुक्ला और उनके कई साथी भी दुबई में फंसे हुए हैं. अब परिवार शासन प्रशासन से उन्हें जल्द वापस लाने की गुहार लगा रहा है.

दुबई में फंसे अपने भाई से बात करते पुजारी आशीष शर्मा.
2.5 घंटे तक फ्लाइट में बैठे रहे, नहीं भरी उड़ान
जानकारी के अनुसार, उज्जैन के मोतीबाग निवासी विकास शर्मा महाकाल मंदिर के मुख्य पुजारी के छोटे बेटे हैं, विकास भी मंदिर में पुजारी हैं. वे पांच दिवसीय ज्योतिष सम्मेलन में शामिल होने के लिए दुबई गए थे और बुर्ज खलीफा में रुके हुए थे. 28 फरवरी की रात वह लौटने के लिए फ्लाइट में बैठ गए थे, करीब ढाई घंटे तक फ्लाइट में बैठने के बाद भी प्लेन ने उड़ान नहीं भरी. इसके बाद एयरपोर्ट प्रबंधन ने हवाई हमले की सूचना देकर फ्लाइट निरस्त कर दी, जिससे विकास अन्य भारतीयों के साथ वहां फंस गए.
दुबई में कर्फ्यू के हालात
महाकाल मंदिर के मुख्य पुजारी घनश्याम शर्मा के बड़े बटे आशीष ने दुबई में फंसे अपने भाई विकास से रविवार को वीडियो कॉल पर बात की. इस दौरान विकास बताया कि रात में फ्लाइट में बैठने के बाद ढाई घंटे तक उड़ान का इंतजार करते रहे. इसके बाद ऐलान किया गया कि हमले के कारण दुबई, शाहजहां और आबुधाबी के एयरपोर्ट बंद कर दिए हैं. यह कब तक बंद रहेंगे फिलहाल इसकी जानकारी नहीं दी गई है. विकास ने बताया कि दुबई में कर्फ्यू जैसे हालात हैं. ज्यादातर लोग अपने-अपने घरों में रह रहे हैं.

दुबई में अपने साथियों के साथ पूर्व विधायक संजय शुक्ला.
पूर्व विधायक शुक्ला ने गृह मंत्री शाह से की अपील
दुबई में हवाई सेवा निरस्त होने से इंदौर के पूर्व विधायक संजय शुक्ला भी वहां फंस गए हैं. उनके साथ विशाल पटेल, प्रवीण कक्कड़, मनीष सहारा (सहारा ग्रुप), संजय अग्रवाल (अग्रवाल ग्रुप), पिंटू छाबड़ा (सी21) और गोलू पाटनी समेत कई इंदौरी भी वहां फंसे हैं. पूर्व विधायक संजय शुक्ला ने गृह मंत्री अमित शाह से उन्हें और दुबई में फंसे सभी भारतीयों को वापस लाने की अपील की है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं