विज्ञापन

उज्जैन के सिख छात्र को कनाडा में सहपाठ‍ियों ने कार से कुचला? चौंकाने वाली वजह आई सामने

MP News: मध्यप्रदेश के उज्जैन निवासी छात्र गुरकीरत सिंह मनोचा की कनाडा में कथित रूप से कार से कुचलकर हत्या कर दी गई. वह वहां बिजनेस मैनेजमेंट की पढ़ाई कर रहा था और पढ़ाई के साथ नौकरी भी करता था. घटना के बाद परिवार और सिख समाज में शोक का माहौल है.

उज्जैन के सिख छात्र को कनाडा में सहपाठ‍ियों ने कार से कुचला? चौंकाने वाली वजह आई सामने

मध्यप्रदेश के उज्जैन के एक सिख छात्र की कनाडा में दर्दनाक मौत हो गई. बताया जा रहा है कि छात्रों के बीच हुए विवाद के बाद युवक को कथित रूप से कार से कुचल दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई. घटना की खबर मिलते ही परिवार के साथ सिख समाज में भी शोक की लहर दौड़ गई.

पढ़ाई के लिए गया था कनाडा

देवास रोड स्थित पार्श्वनाथ सिटी निवासी गुरकीरत सिंह मनोचा, पिता गुरजीत सिंह मनोचा, वर्ष 2025 में कनाडा के नॉर्थन लाइट्स कॉलेज में बिजनेस मैनेजमेंट के पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा कोर्स की पढ़ाई करने गया था. गुरकीरत पढ़ाई के साथ-साथ वहां वॉलमार्ट में नौकरी भी करता था. 14 मार्च को ड्यूटी खत्म होने के बाद कॉलेज के कुछ छात्र उसे फोर्ट सेंट जॉन ले गए, जहां कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की गई और बाद में उस पर कार चढ़ा दी गई. गंभीर रूप से घायल होने के बाद गुरकीरत को अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

दो लोगों के झगड़े में फंसा युवक

मृतक के बड़े भाई प्रबकीरत सिंह मनोचा के मुताबिक, कॉलेज के दो छात्रों के बीच झगड़ा हुआ था. इसी दौरान उनके भाई को भी विवाद में घसीट लिया गया. आरोप है कि पहले मारपीट की गई और बाद में उस पर कार चढ़ा दी गई. परिवार के अनुसार स्थानीय पुलिस ने 7-8 लोगों को हिरासत में लिया था, लेकिन बाद में उनके वकील के हस्तक्षेप के बाद उन्हें छोड़ दिया गया. परिजनों की पुलिस और अस्पताल प्रशासन से वीडियो कॉल पर बातचीत भी हुई है.

दोस्त ने दी परिवार को जानकारी

घटना की जानकारी सबसे पहले कनाडा में रह रहे गुरकीरत के एक दोस्त ने देर रात रायपुर में रहने वाले उनके भाई प्रबकीरत सिंह को फोन कर दी. इसके बाद परिवार को पूरी घटना का पता चला. परिवार का कहना है कि कनाडा में उनके कुछ रिश्तेदार हैं, जो वहां कानूनी प्रक्रिया में मदद कर रहे हैं. हालांकि शव को भारत लाने में करीब तीन सप्ताह लग सकते हैं. परिजनों ने सरकार से मदद की गुहार लगाई है.

CM मोहन यादव ने जताया शोक

घटना की जानकारी मिलने के बाद मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मृतक के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है और हर संभव मदद का आश्वासन दिया है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
MP News, MP Hindi News, Madhya Pradesh News, Madhya Pradesh Hindi News, Ujjain News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com