Ujjain Borewell Rescue Operation Update: मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के बड़नगर क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां खुले बोरवेल में गिरे तीन वर्षीय मासूम को निकालने के लिए पिछले 19 घंटे से अधिक समय से रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है. बड़नगर तहसील के झलारिया गांव में गुरुवार शाम हुए हादसे के बाद से प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ जुटा हुआ है. कलेक्टर रौशन कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा स्वयं मौके पर डटे हुए हैं. NDRF और SDRF की संयुक्त टीम लगातार प्रयास कर रही है, लेकिन अब तक बच्चे को सुरक्षित बाहर नहीं निकाला जा सका है.
बड़नगर, उज्जैन में वोरबेल से बच्चे को निकालने के लिए पिछले 12 घंटे से अधिक समय से कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप शर्मा और पूरी टीम घटना स्थल पर डटी हुई है।
— Collector Ujjain (@collectorUJN) April 10, 2026
रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी...
टीम की अथक मेहनत और समन्वय का बेहतरीन उदाहरण। #Ujjain #Badnagar pic.twitter.com/SJBzBRQemf
झलारिया गांव में हुआ हादसा
उज्जैन से करीब 75 किलोमीटर दूर बड़नगर तहसील के झलारिया गांव में यह हादसा गुरुवार शाम करीब साढ़े सात बजे हुआ. ढाई से तीन साल का मासूम भागीरथ देवासी खेलते‑खेलते एक खुले बोरवेल में गिर गया. बोरवेल करीब 200 फीट गहरा बताया जा रहा है, जिससे रेस्क्यू ऑपरेशन बेहद चुनौतीपूर्ण हो गया है.

Ujjain Borewell Child Rescue: बड़नगर बोरवेल हादसा
मौके पर पूरा प्रशासन मौजूद
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन हरकत में आया. कलेक्टर रौशन कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा और प्रशासन‑पुलिस की पूरी टीम मौके पर पहुंच गई. हालात की गंभीरता को देखते हुए राज्य और जिला स्तर की आपदा प्रबंधन टीमें भी तुरंत सक्रिय की गईं.
NDRF‑SDRF का जॉइंट रेस्क्यू ऑपरेशन
भोपाल से पहुंची NDRF की टीम के साथ हरदा, इंदौर और उज्जैन की SDRF टीमें संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं. शुरुआती प्रयासों में बोरवेल के भीतर पाइप और रस्सियों के जरिए बच्चे तक पहुंचने की कोशिश की गई. बच्चे के हाथों में रोप रिंग पहनाकर बाहर निकालने के दो प्रयास किए गए, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी.
समानांतर सुरंग बनाने में आई बाधा
बच्चे तक सुरक्षित पहुंचने के लिए पांच पोकलेन मशीनों की मदद से बोरवेल के समानांतर एक सुरंग बनाई जा रही थी. लेकिन करीब 40 फीट खुदाई के बाद चट्टानें आने के कारण काम रोकना पड़ा. अब इन चट्टानों को तोड़ने के लिए भोपाल से हैमर मशीन मंगाई गई है, ताकि खुदाई फिर से शुरू की जा सके.
45 फीट गहराई पर मिली नई लोकेशन
रेस्क्यू टीम को ताजा जानकारी मिली है कि बच्चा फिलहाल बोरवेल में करीब 45 फीट की गहराई पर है. विशेषज्ञ लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और ऑक्सीजन सप्लाई बनाए रखने के लिए बोरवेल में पाइप डाले गए हैं.
परिजनों का रो‑रोकर बुरा हाल
मासूम की मां जत्तू बाई का रो‑रोकर बुरा हाल है. वह बार‑बार भगवान से अपने बच्चे की सलामती की दुआ मांग रही हैं. मां का कहना है कि पता नहीं उसका बच्चा किस हालत में होगा. परिवार के अन्य सदस्य भी सदमे में हैं और मौके पर मौजूद हैं.
3 साल के मासूम की जान बचाने की जंग जारी…
— Collector Ujjain (@collectorUJN) April 10, 2026
उज्जैन के बड़नगर तहसील के झलारिया गाँव में बोरवेल में गिरे 3 वर्षीय बच्चे का रेस्क्यू अभियान चल रहा है।
कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह और एसपी श्री प्रदीप शर्मा के नेतृत्व में प्रशासन की पूरी टीम मौके पर डटी हुई है।#BorewellRescue #Ujjain pic.twitter.com/AA3nGqO8EU
कैसे हुआ हादसा?
परिजनों ने बताया कि भागीरथ के पिता पूसाराम देवासी राजस्थान के पाली जिले के निवासी हैं. परिवार भेड़ चराने के लिए झलारिया गांव आया हुआ था. हादसे के वक्त बच्चा दीवार के पास खेल रहा था. उसने पत्थर से बोरवेल का ढक्कन हटाया और उसे बाल्टी समझकर पैर डाल दिया, जिससे वह सीधे अंदर गिर गया. मां ने गिरते हुए देखा और बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक वह गहराई में जा चुका था.
सांसे थामे है पूरा गांव
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान पूरा गांव और जिला प्रशासन की नजरें मौके पर टिकी हुई हैं. हर कोई मासूम के सुरक्षित बाहर निकलने की प्रार्थना कर रहा है. प्रशासन का कहना है कि कोई भी कसर नहीं छोड़ी जा रही है और ऑपरेशन तब तक जारी रहेगा, जब तक बच्चे को सुरक्षित बाहर नहीं निकाल लिया जाता.
यह भी पढ़ें : भोपाल के बड़ा तालाब पर फिर चला बुलडोजर; 350 से ज्यादा अतिक्रमण हटेंगे, 21 अप्रैल तक चलेगा अभियान
यह भी पढ़ें : फंड की कमी का बहाना नहीं चलेगा; पेंशन के लिए कुर्सी-टेबल बेचें, लाडकी बहन जैसी योजना बंद करें: बॉम्बे हाईकोर्ट
यह भी पढ़ें : Ladli Behna Yojana: अप्रैल में भी मिलेंगे 1500 रुपये, जानिए कब आएगी लाड़ली बहना योजना की 35वीं किस्त?
यह भी पढ़ें : कुणाल चौधरी का शिवराज सिंह चौहान पर विवादित बयान; शाजापुर में गेहूं खरीदी पर धरना, जानिए क्या बोल गए?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं