पहले दोस्ती, फिर भरोसा और आखिर में मौत... रीवा से सामने आई यह कहानी किसी क्राइम फिल्म की पटकथा जैसी लगती है. सतना के रहने वाले विपिन कुमार यादव को शायद इस बात का अंदाजा भी नहीं रहा होगा कि जिस शख्स को वह अपना दोस्त समझ रहे हैं, वही उनकी जिंदगी का सबसे बड़ा दुश्मन बन चुका है.
आरोप है कि पत्नी के प्रेमी ने पहले उनसे नजदीकियां बढ़ाईं, उनके घर में रुका, साथ समय बिताया और फिर ससुराल ले जाकर अपने साथी के साथ मिलकर उनकी हत्या कर दी. इतना ही नहीं, मौत के बाद शव को तीन दिन तक छिपाकर रखा और फिर जमीन में दफना दिया. अब पुलिस ने महीनों बाद इस सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए जमीन से कंकाल और कपड़े बरामद किए हैं.
दोस्ती के जरिए रची हत्या की साजिश
मामला रीवा जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के टीकर गांव का है. पुलिस जांच में सामने आया है कि सतना जिले के रामपुर बघेलान क्षेत्र निवासी विपिन कुमार यादव की शादी टीकर गांव में हुई थी. आरोप है कि उनकी पत्नी का गांव के ही सुनील कुशवाहा से प्रेम संबंध था. इसी दौरान सुनील ने विपिन से दोस्ती कर ली. वह उनके घर भी गया और वहां रुका भी. धीरे-धीरे उसने ऐसा भरोसा बनाया कि विपिन बिना किसी शक के उसके साथ अपने ससुराल पहुंच गया.
ससुराल पहुंचने के बाद हुई हत्या
एसडीओपी प्रतिभा शर्मा के अनुसार, टीकर गांव पहुंचने के बाद सुनील कुशवाहा ने अपने एक साथी के साथ मिलकर विपिन को कुएं में धक्का दे दिया. कुएं में गिरने से विपिन की मौत हो गई. आरोप है कि घटना के बाद दोनों आरोपियों ने किसी को भनक नहीं लगने दी. शव तीन दिन तक कुएं में पड़ा रहा. बाद में उसे बाहर निकाला गया और गांव में ही एक गड्ढा खोदकर दफना दिया गया, ताकि किसी को हत्या की जानकारी न मिल सके.
विपिन के अचानक लापता होने पर उनके पिता संतु यादव ने 26 मार्च को रामपुर बघेलान थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी. शुरुआती जांच में पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिला, लेकिन बाद में कॉल डिटेल खंगालने पर मामले ने नया मोड़ ले लिया. जांच में पता चला कि विपिन की पत्नी और सुनील कुशवाहा के बीच लगातार और लंबे समय तक बातचीत होती थी. इसके बाद पुलिस का शक गहरा गया और जांच का दायरा बढ़ाया गया.
पूछताछ में खुला राज
एसडीओपी प्रतिभा शर्मा ने बताया कि इसी बीच किसी अन्य मामले में गोविंदगढ़ पुलिस ने सुनील कुशवाहा को हिरासत में लिया. इसकी जानकारी रामपुर बघेलान पुलिस को मिली तो उससे पूछताछ की. पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपी टूट गया और उसने पूरी वारदात कबूल कर ली. उसने बताया कि वह खुद विपिन के घर गया था, उन्हें अपने साथ टीकर गांव लाया और फिर अपने साथी के साथ मिलकर हत्या कर दी.
जमीन खोदकर निकाला कंकाल
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने टीकर गांव में बताए गए स्थान की खुदाई कराई. खुदाई के दौरान जमीन से कंकाल और कुछ कपड़े बरामद हुए, जिनकी पहचान विपिन कुमार यादव से जुड़ी बताई जा रही है. बरामद अवशेषों को पोस्टमार्टम और अन्य जांच के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल भेजा गया है. फिलहाल मुख्य आरोपी सुनील कुशवाहा पुलिस हिरासत में है. वहीं, पुलिस इस पूरे मामले में मृतक की पत्नी की भूमिका की भी जांच कर रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं