- मध्य प्रदेश की डॉ. मुस्कान सोनी ने पुणे के केतन अग्रवाल मर्डर केस पर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट शेयर की थी
- डॉ. मुस्कान ने मृतक केतन अग्रवाल के गंजेपन और शारीरिक रूप का मजाक उड़ाते हुए #IHateMen हैशटैग का उपयोग किया था
- सोशल मीडिया पर व्यापक आलोचना के बाद डॉक्टरों की संस्था ने उन्हें पद से हटाकर पांच साल के लिए निलंबित कर दिया
महाराष्ट्र के पुणे में चेतन अग्रवाल मर्डर केस को लेकर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाली मध्य प्रदेश की डॉ. मुस्कान सोनी चौतरफा घिर गई हैं. अपनी संवेदनहीन पोस्ट और #IHateMen हैशटैग को लेकर डॉ. मुस्कान सोनी ने अब सफाई देते हुए माफी मांगी है और अपने अतीत का जिक्र किया है. उन्होंने कहा कि उनके अतीत में कुछ ऐसी चीजें हुई थीं, जिसकी वजह से उन्होंने 'आई हेट मैन' लिखा था, हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि उनके साथ क्या हुआ था.
एमपी की डॉ. मुस्कान सोनी की पोस्ट में मृतक का मजाक
यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब एमपी की डेंटिस्ट मुस्कान सोनी ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम हैंडल पर एक स्टोरी शेयर की. यह पोस्ट पुणे के हाई-प्रोफाइल केतन अग्रवाल हत्याकांड से जुड़ी थी, जिसमें केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी पर हत्या का आरोप है.
सोशल मीडिया पर भड़का गुस्सा, कार्रवाई की मांग
जैसे ही यह संवेदनहीन पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हुई, वैसे ही नेटिजन्स का गुस्सा भड़क गया. लोगों ने एक डॉक्टर जैसे जिम्मेदार पेशे से जुड़े व्यक्ति द्वारा इतनी क्रूर और गैर-जिम्मेदाराना टिप्पणी करने के लिए उनकी जमकर आलोचना की. सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई और मेडिकल लाइसेंस रद्द करने की मांग तेजी से उठने लगी.
डॉक्टर्स एसोसिएशन का कड़ा रुख: पद से हटाया, 5 साल के लिए सस्पेंड
विवाद बढ़ता देख डॉक्टरों की बड़ी संस्था 'ऑल इंडिया डेंटल स्टूडेंट्स एंड सर्जन्स एसोसिएशन' ने इस मामले पर बेहद कड़ा रुख अपनाया है. एसोसिएशन ने मध्य प्रदेश टीम की कोषाध्यक्ष डॉ. मुस्कान सोनी को तुरंत प्रभाव से उनके पद से हटा दिया है. इसके साथ ही, संस्था ने उनकी प्राथमिक सदस्यता को भी आगामी पांच साल के लिए निलंबित कर दिया है. एसोसिएशन का साफ कहना है कि डॉ. मुस्कान की यह टिप्पणी मेडिकल पेशे के नैतिक नियमों, संवेदनाओं और गरिमा के पूरी तरह खिलाफ थी.

डॉ. मुस्कान सोनी की सफाई: "अतीत के कारण लिखा था 'I Hate Men'"
चारों तरफ से घिरने और पद से हटाए जाने के बाद डॉ. मुस्कान सोनी ने एक वीडियो जारी कर अपनी सफाई पेश की है. उन्होंने कहा, "मैंने किसी का मजाक बनाने के उद्देश्य से वह वीडियो शेयर नहीं किया था, क्योंकि यह मामला बेहद संवेदनशील है. जिस दिन यह केस सामने आया था, मैंने एक स्टोरी में 'I hate men' लिखा था, लेकिन मैं जेंडर के आधार पर कभी किसी के बारे में गलत नहीं बोलती. मैंने स्पष्ट लिखा था कि निर्दोष लोगों के साथ ऐसा नहीं होना चाहिए."
केतन के परिवार से मांगी माफी, कहा- "मुझे वेश्या तक कहा जा रहा है"
डॉ. मुस्कान ने आगे कहा कि वह पुरुषों का सम्मान करती हैं और हमेशा सही बात का पक्ष लेती हैं. उन्होंने कहा, "मैं अपने शब्दों के लिए मृतक केतन अग्रवाल के परिवार से हाथ जोड़कर माफी मांगती हूं. मेरी मानसिकता किसी की हत्या का समर्थन करने वाली नहीं है."
उन्होंने लोगों से ट्रोलिंग बंद करने की अपील करते हुए बताया कि इस विवाद के बाद से उन्हें और उनके परिवार को मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा है. डॉ. सोनी ने रोष जताते हुए कहा, "मैं हमेशा महिला सशक्तिकरण के लिए आवाज उठाती रही हूं, लेकिन अब लोग मुझे ही सोशल मीडिया पर 'वेश्या' जैसे भद्दे शब्द कह रहे हैं. इन भद्दे कमेंट्स और धमकियों से परेशान होकर ही मैंने अपनी इंस्टाग्राम आईडी को प्राइवेट कर लिया है."
ये भी पढ़ें: पुणे के लोहगढ़ फोर्ट पर बढ़ी पर्यटकों की भीड़, केतन अग्रवाल हत्याकांड की जगह देखने पहुंच रहे लोग
ये भी पढ़ें: सिया गोयल का बचाव करना महिला डेंटिस्ट को पड़ा भारी ! #IHateMen भी लिखा था, 5 साल के लिए हुईं सस्पेंड
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं