विज्ञापन

15 सेकेंड में 16 बार चाकू से गोदा... एकतरफा प्यार में हैवान बना युवक; उज्जैन से हैरान करने वाला मामला

बापू नगर निवासी पूजा दवा बाजार में कंप्यूटर ऑपरेटर का काम करती थी और 8 महीने से सुनील उसका पीछा कर रहा था.

15 सेकेंड में 16 बार चाकू से गोदा... एकतरफा प्यार में हैवान बना युवक; उज्जैन से हैरान करने वाला मामला
युवती को आरोपी ने रास्ते में रोककर चाकू से गोदा.
NDTV

मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में युवक एकतरफा प्यार में हैवान बन गया. कई महीनों से पीछा कर रहे सनकी आशिक ने 19 साल की छात्रा को दिनदहाड़े रास्ते में चाकुओं से गोद डाला. आरोपी ने 15 सेकेंड में 16 बार युवती के शरीर में चाकू घोंपे. पीड़िता इस दौरान खुद को बचाने की कोशिश कर रही थी, लेकिन आरोपी ने एक हाथ से युवती को पकड़े रखा था और दूसरे हाथ से चाकू गोदता रहा.

जब आसपास के लोग युवती को बचाने पहुंचे तो आरोपी भागने तक चाकू घोंपता रहा. चाकू के हमले से युवती लहूलुहान हो गई और घटनास्थल पर भी खून पड़ा हुआ है. गंभीर रूप से घायल होने पर छात्रा को लोगों ने जिला अस्पताल भेजा, जहां से निजी अस्पताल में रेफर कर दिया. घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई, जो काफी क्रूरता वाला है. नीलगंगा पुलिस फुटेज इसी आधार पर हमलावर को खोजने का प्रयास कर रही है.

बीए की छात्रा है पीड़िता

जानकारी के अनुसार, बापू नगर निवासी पूजा उर्फ गुनगुन (19) बीए की छात्रा है और दवा बाजार में एक फार्मेसी कंपनी के शॉप पर कंप्यूटर ऑपरेटर का काम करती है. करीब 8 माह से सुनील नाम का युवक उसके पीछे पड़ा हुआ है. इस बीच शुक्रवार दोपहर करीब 12:45 बजे जब पूजा दुकान पर जा रही थी, तभी सुनील ने उसे रास्ते में रोक लिया.

उसने पूजा को दुकान के पास रोककर बातचीत का प्रयास किया और फिर चाकू से वार कर दिए. पूजा पर हमला होते देख कुछ लोग बचाने आए. इतने में आरोपी फरार हो गया. परिचित पूजा को जिला अस्पताल ले गए, जहां उसके गंभीर हालत को देखते हुए रेफर कर दिया.

सीसीटीवी में कैद वारदात

घटनास्थल पर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए थे, जिसमें आरोपी सुनील पूजा पर हमला करते हुए नजर आया. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी जिला अस्पताल पहुंची, लेकिन युवती को गंभीर रूप से घायल होने के कारण निजी अस्पताल में रेफर कर दिया था. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावर को तलाश रही है. उसके पकड़ने या छात्रा के होश में आने के बाद ही घटना की सही वजह सामने आ सकेगी.

ये भी पढ़ें- सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में तैनात SDO निलंबित, सांभर को खाना खिलाने वाला वीडियो वायरल होने के बाद हुआ एक्शन

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ujjain News Today, Girl Student Stabbed, Girl Stabbed, MP News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com