गुना जिले में NEET की तैयारी कर रही 19 साल की युवती ने आत्महत्या का प्रयास किया. युवती ने सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के बजरंगगढ़ ओवरब्रिज से छलांग लगा दी और सीधे सीधे रेबदे ट्रैक पर खड़े रेल इंजन के आगे जा गिरी. इसके बाद युवती करीब आधे घंटे तक गंभीर हालत में पटरियों पर तड़पती रही, लेकिन किसी ने उसकी मदद नहीं की, राहगीर उसे देकर निकल गए. हद तो तब हो गई जब पास की पटरी पर आकर रुके एक अन्य इंजन के लोको पायलट (ड्राइवर) ने भी युवती को तड़पते देखा, लेकिन वह मदद के लिए नीचे तक नहीं उतरा.
5-6 दिन से NEET की कोचिंग नहीं जा रही थी युवती
सिटी कोतवाली थाना पुलिस के अनुसार, गंभीर रूप से घायल हुई यह युवती आरोन थाने में पदस्थ एक पुलिस आरक्षक की बेटी बताई जा रही है. वह लंबे समय से गुना में परिवार के साथ रहकर नीट की तैयारी कर रही थी. लेकिन, वह पिछले पांच-छह दिनों से कोचिंग भी नहीं जा रही थी. छात्रा ने ऐसा क्यों किया इसे लेकर अभी तक कोई जानकारी नहीं आई है. घटना के बाद से परिजन सहमे हुए और कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हैं.
ये भी पढ़ें- 'दोबारा परीक्षा देने की हिम्मत नहीं', लिखकर जान देने वाली NEET छात्रा के परिवार की कहानी
बुजुर्ग ने युवती को पहुंचाया अस्पताल
घटना के बाद जब तड़पती हुई युवती को देखकर लोग मुंह मोड़ रहे थे, तभी वहां से गुजर रहे एक बुजुर्ग व्यक्ति की नजर उस पर पड़ी. उन्होंने तत्काल मौके पर पहुंचकर उसे उठाने का प्रयास किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण युवती हिल भी नहीं सकी, तो उन्होंने शोर मचाकर स्थानीय रहवासियों को बुलाया. इसके बाद लोगों ने एक ऑटो का इंतजाम किया और युवती को तुरंत एक निजी अस्पताल भिजवाया, जहां उसका इलाज शुरू किया गया.
ये भी पढ़ें- NEET में भी OMR शीट खाली छोड़ने वाला स्कैम, जानें कैसे बिना कुछ लिखे बना देते हैं टॉपर
कांस्टेबल की बेटी है युवती
सिटी कोतवाली थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने फोन पर NDTV को बताया कि पुलिस को कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली थी कि आरक्षक (कांस्टेबल) कमलेश खांडे की 19 साल की बेटी ब्रिज से नीचे गिरी है. यह पूरा मामला अभी संदिग्ध है, वह खुद ब्रिज से कूदी है या दुर्घटनावश नीचे गिरी है, इस पर अभी कुछ भी स्पष्ट कहना जल्दबाजी होगी. पुलिस टीम अस्पताल में युवती के बयान दर्ज करने पहुंची थी, लेकिन अत्यधिक चोटों और डॉक्टरों के अनुसार वह अभी कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं है. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, जल्द ही घटना के असली कारणों का खुलासा किया जाएगा.
ये भी पढ़ें- NEET पेपर लीक : डॉक्टर बनने का सपना टूटा; कर्ज में डूबे पिता की बेटी आकांक्षा ने फांसी लगाकर दी जान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं