मध्य प्रदेश के पन्ना से दिल को झकझोर देने वाली खबर आई है. कॉलेज में टॉप करने की खुशी ठीक से मन भी नहीं पाई थी कि 22 साल की एक होनहार छात्रा ने मौत को गले लगा लिया. सुसाइड से पहले उसने रोते हुए एक वीडियो बनाया, जिसमें अपनी पीड़ा बयां की. छात्रा ने बताया कि प्रताड़ना और ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर वो आत्महत्या कर रही है.
विवेक सोनी की रिपोर्ट...
टॉपर बनने के अगले दिन उठाया खौफनाक कदम
अजयगढ़ के लोढ़ा पुरवा गांव की रहने वाली सृष्टि उर्फ प्रिया मिश्रा बीएससी फाइनल ईयर की छात्रा थीं. उसने पूरे कॉलेज में टॉप किया था. लेकिन इस बड़ी उपलब्धि के अगले ही दिन उन्होंने ऐसा कदम उठा लिया, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया. 5 जून को प्रिया ने सल्फास खा लिया था, जिसके बाद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.

पीड़िता के मोबाइल से पुलिस को सुसाइड नोट मिला है.
मौत से पहले रोते हुए बनाया वीडियो
इस मामले में नया मोड़ तब आया, जब पुलिस को छात्रा के मोबाइल से सुसाइड नोट, व्हाट्सएप चैट और एक वीडियो मिला. इस वीडियो में सृष्टि रोते हुए अपने ऊपर हो रही प्रताड़ना का जिक्र करती नजर आ रही हैं. वह आरोपी की हरकतों से कितनी परेशान थीं, इसका अंदाजा वीडियो देखकर लगाया जा सकता है.
परिवार ने लगाया प्रताड़ना और ब्लैकमेलिंग का आरोप
मृतका के पिता सुरेश कुमार मिश्रा ने गांव के ही रहने वाले धीरेन्द्र उर्फ बड़कू सिंह (बरखू ठाकुर) पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि आरोपी लंबे समय से उनकी बेटी पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बना रहा था. वह उसे वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल भी कर रहा था, जिससे वह मानसिक रूप से टूट चुकी थी.
24 घंटे में पुलिस की गिरफ्त में आरोपी
पन्ना पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तेजी से कार्रवाई की. एसपी निवेदिता नायडू के निर्देश पर अजयगढ़ पुलिस टीम ने महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए साइबर फॉरेंसिक भेजा जा रहा है.
जांच के दौरान मिले सबूतों के आधार पर आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.
हमेशा परिवार का नाम रोशन किया- पिता
इस पूरी घटना से परिवार पूरी तरह टूट गया है. पिता का कहना है कि उनकी बेटी बेहद होनहार थी और उसने हमेशा परिवार का नाम रोशन किया. उन्होंने प्रशासन से आरोपी को फांसी जैसी कड़ी सजा देने की मांग की है, ताकि आगे किसी और बेटी के साथ ऐसा न हो.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं