विज्ञापन

कुलगाम आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दूसरे मजदूर की भी मौत, 10-10 लाख रुपये की मदद का ऐलान

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले के केलम गांव में हुए आतंकी हमले में घायल छत्तीसगढ़ के प्रवासी मजदूर भूपेंद्र भैना की श्रीनगर स्थित एसकेआईएमएस अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. इससे पहले शक्ति जिले के दीपक रात्रे की भी गोलीबारी में मौत हो चुकी थी. घटना के बाद छत्तीसगढ़ में शोक का माहौल है.

कुलगाम आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दूसरे मजदूर की भी मौत, 10-10 लाख रुपये की मदद का ऐलान
रोजगार के लिए गए थे कश्मीर, आतंकियों की गोली का शिकार बने दो श्रमिक

Kulgam Terror Attack: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में हुए आतंकी हमले ने छत्तीसगढ़ के दो परिवारों की खुशियां छीन लीं. हमले में घायल सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के प्रवासी मजदूर भूपेंद्र भैना की शनिवार सुबह श्रीनगर के अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. इससे पहले इसी हमले में शक्ति जिले के दीपक रात्रे की जान जा चुकी थी. दोनों मजदूर रोजगार की तलाश में जम्मू-कश्मीर गए थे और कुलगाम के केलम गांव स्थित एक ईंट भट्ठे पर काम कर रहे थे. भूपेंद्र की मौत की खबर से उनके गांव धनसीर छुईहा में शोक की लहर दौड़ गई है. परिवार अब पार्थिव शरीर के गांव पहुंचने का इंतजार कर रहा है, जबकि राज्य सरकार ने हर संभव सहायता का भरोसा दिया है.

कुलगाम हमले में मृतकों की संख्या बढ़कर दो

अधिकारियों के अनुसार कुलगाम जिले के केलम गांव में शुक्रवार शाम आतंकवादियों ने दो बाहरी मजदूरों पर बेहद करीब से गोलीबारी कर दी थी. हमले में दोनों मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए थे. घायलों को तत्काल अनंतनाग के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां गंभीर रूप से घायल दीपक रात्रे ने दम तोड़ दिया था. दूसरे घायल भूपेंद्र भैना की हालत नाजुक होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए श्रीनगर स्थित सुपर स्पेशियलिटी शेर-ए-कश्मीर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एसकेआईएमएस) रेफर किया गया था. शनिवार सुबह इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई. इसके साथ ही हमले में मरने वालों की संख्या दो हो गई.

Kulgam Terror Attack: आर्थिक मदद का ऐलान

Kulgam Terror Attack: आर्थिक मदद का ऐलान

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री कार्यालय ने ट्वीट किया, "मुख्यमंत्री ने कुलगाम में दो मज़दूरों की कायराना हत्या की कड़ी निंदा की है और बेगुनाह लोगों की मौत पर गहरा दुख जताया है. उन्होंने मृतकों के परिवारों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 10-10 लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है. यह जिला प्रशासन की ओर से दी जाने वाली 6-6 लाख रुपए की तत्काल सहायता के अतिरिक्त होगी."

सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के रहने वाले थे भूपेंद्र

मृतक भूपेंद्र भैना (28) पुराने बलौदा बाजार-भाटापारा जिले, वर्तमान सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के धनसीर छुईहा गांव के निवासी थे. वह अपनी पत्नी के साथ रोजगार की तलाश में जम्मू-कश्मीर गए थे. परिजनों के अनुसार भूपेंद्र मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे. उनकी मौत से परिवार के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है.

Kulgam Terror Attack: मृतक का घर

Kulgam Terror Attack: मृतक का घर

मासूम बेटे समेत परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

भूपेंद्र अपने पीछे दो साल के मासूम बेटे, वृद्ध दादी और बहन को छोड़ गए हैं. उनके माता-पिता भी रोजगार के सिलसिले में हिमाचल प्रदेश गए हुए हैं. ग्रामीणों के अनुसार परिवार आर्थिक रूप से बेहद साधारण है और भूपेंद्र ही परिवार के प्रमुख सहारा थे. उनकी असमय मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. गांव में जैसे ही उनकी मौत की खबर पहुंची, शोक का माहौल छा गया. लोग परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं.

Kulgam Terror Attack: मृतक की बॉडी

Kulgam Terror Attack: मृतक की बॉडी

शक्ति जिले के दीपक रात्रे की भी गई जान

इस आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के शक्ति जिले के रहने वाले 24 वर्षीय दीपक रात्रे की भी मौत हुई है. वह भी रोजगार के लिए कश्मीर गए थे और उसी ईंट भट्ठे पर काम करते थे, जहां भूपेंद्र कार्यरत थे. दोनों मजदूर बेहतर भविष्य और रोजगार की तलाश में घर से दूर गए थे, लेकिन आतंकी हमले ने उनकी जिंदगी छीन ली.

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जताया दुख

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि कुलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के श्रमिकों की मृत्यु और घायल होने की खबर अत्यंत पीड़ादायक है. मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं और छत्तीसगढ़ सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है. उन्होंने मृतक श्रमिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की.

सुरक्षा बलों ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन

हमले के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है. हमलावरों की तलाश के लिए व्यापक तलाशी अभियान चलाया जा रहा है. अधिकारियों के अनुसार घटना की जांच जारी है और हमले में शामिल आतंकियों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं.

यह भी पढ़ें : जम्मू-कश्मीर के आतंकी हमले में घायल दूसरे मजदूर की भी मौत, 10 दिन में टारगेट किलिंग में तीन हत्या

यह भी पढ़ें : जम्मू कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षा बलों और आतंकियों में मुठभेड़, पहलगाम हमले के बाद दूसरा एनकाउंटर

यह भी पढ़ें : कुलगाम टारगेट किलिंग: अमरनाथ में रिकॉर्ड श्रद्धालु, PoK में बिगड़ते हालात... क्यों बौखलाया पाकिस्तान

यह भी पढ़ें : जैसलमेर में ऊंट से टकराई सेना की SUV; इंदौर के मेजर की मौत, महीने भर पहले हुई थी शादी, दो लेफ्टिनेंट भी घायल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kulgam Terror Attack, Chhattisgarh Workers, Terrorism, Target Killing, Kulgam News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com