- जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आतंकियों ने दो छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी मजदूरों को गोली मारी थी.
- एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई और दूसरे का इलाज चल रहा था, लेकिन बाद में उसकी भी मौत हो गई.
- आतंकियों ने 10 दिन के भीतर अनंतनाग में एक पुलिस अधिकारी की गोली मारकर हत्या कर दी थी.
जम्मू-कश्मीर में टारगेट किलिंग की घटनाएं फिर से सामने आने लगी है. बीते 10 दिन में आतंकियों के टारगेट किलिंग की दो घटनाओं में एक पुलिस कर्मी सहित तीन लोगों की हत्या की गई है. शुक्रवार को कुलगाम में ईंट भट्ठे पर काम करने वाले दो प्रवासी मजदूरों को आतंकियों ने गोली मारी थी. इसमें एक मजदूर की मौत शुक्रवार को ही हो गई थी. जबकि दूसरे का इलाज चल रहा था. लेकिन आज सुबह दूसरे मजदूर की भी मौत हो गई. इस आतंकी हमले में मारे गए दोनों प्रवासी मजदूर छत्तीसगढ़ के रहने वाले थे. इससे पहले अनंतनाग में आतंकियों ने एक पुलिस अधिकारी की गोली मारकर हत्या कर दी थी.
छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों की मौत
पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि जम्मू-कश्मीर के कुलगाम ज़िले में एक ईंट भट्ठे पर हुए आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दो मज़दूरों की मौत हो गई. उन्होंने बताया कि हमलावरों ने शुक्रवार देर शाम दक्षिण कश्मीर ज़िले के केल्लम इलाके में ईंट भट्ठे पर मज़दूरों को निशाना बनाया. अधिकारियों ने बताया कि हमले में दो मजदूर घायल हो गए थे, और उनमें से एक दीपक रात्रे की मौके पर ही मौत हो गई थी.
अधिकारियों ने बताया कि दूसरे घायल व्यक्ति भूपिंदर को पहले GMC अनंतनाग ले जाया गया और बाद में सौरा के SKIMS अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. अधिकारियों ने बताया कि दोनों मज़दूर बीस-तीस साल की उम्र के थे और छत्तीसगढ़ के रहने वाले थे.
यह हमला 10 दिन से भी कम समय में हुई एक और घटना के ठीक बाद हुआ है, जिसमें आतंकवादियों ने कथित तौर पर अनंतनाग शहर में एक पुलिस अधिकारी की गोली मारकर हत्या कर दी थी.
2024 में पंजाब के दो मजूदरों की मारी थी गोली, अब फिर टारगेट किलिंग
इससे पहले जम्मू कश्मीर में गैर कश्मीरियों पर हमले की घटनाएं 2024 में कई सामने आई थी. सात फरवरी 2024 को पंजाब के दो मजदूरों अमृतपाल सिंह और रोहित मसीह की श्रीनगर के शहीद गंज इलाके में एक आतंकवादी ने गोली मारकर हत्या कर दी थी. अब अचानक फिर से कश्मीर में आतंकियों ने टारगेट किलिंग की घटनाएं बढ़ती नजर आई है.
यह भी पढ़ें - जम्मू-कश्मीर में आतंकियों ने 2 मजदूरों को मारी गोली, एक की मौत; 10 दिन में टारगेट किलिंग की दूसरी घटना
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं