विज्ञापन

पाकिस्तान को क्यों लगा बड़ा झटका? लश्कर का आखिरी स्थानीय कमांडर लतीफ भट मारा गया

सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक सितंबर में मूसा के मारे जाने से 2022 से सक्रिय लश्कर के चार बड़े कमांडरों का पूरा समूह खत्म हो गया था.

पाकिस्तान को क्यों लगा बड़ा झटका? लश्कर का आखिरी स्थानीय कमांडर लतीफ भट मारा गया
जम्मू-कश्मीर में लश्कर समूह का सुरक्षा बलों ने सफाया कर दिया है.
  • कुलगाम में लश्कर-ए-तैयबा के आखिरी सक्रिय स्थानीय कमांडर लतीफ भट को सुरक्षा बलों ने मार गिराया
  • आठ दिन तक चले ऑपरेशन में लतीफ भट और उसके सहयोगी उमर निसार डार को ढेर किया गया, जिन पर कई हमलों के आरोप थे
  • इस साल घाटी से कोई नया युवा आतंकवादी संगठन में शामिल नहीं हुआ,

कश्मीर में सुरक्षा बलों को आतंकवाद के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता मिली है. बुधवार को कुलगाम के जंगलपोरा देवसर इलाके में लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के आखिरी सक्रिय स्थानीय कमांडर लतीफ भट को मार गिराया गया. सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि इसके साथ ही घाटी में सक्रिय सूचीबद्ध स्थानीय आतंकियों का नेटवर्क लगभग पूरी तरह समाप्त हो गया है.

22 वर्षीय लतीफ भट ने 18 नवंबर 2025 को लश्कर-ए-तैयबा जॉइन किया था. ठीक एक साल बाद 18 नवंबर 2026 को वह सुरक्षा बलों के ऑपरेशन में मारा गया. उसके सहयोगी उमर निसार डार को एक दिन पहले इसी क्षेत्र में ढेर किया गया था.

आठ दिन तक चला ऑपरेशन

सुरक्षा बलों ने लतीफ भट को पकड़ने के लिए आठ दिन तक घेराबंदी और तलाशी अभियान चलाया. यह कार्रवाई 11 नवंबर को अखरन नवपोरा में सीआरपीएफ दल पर हुए हमले के बाद शुरू की गई थी जिसमें तीन जवान घायल हुए थे. जांच और खुफिया जानकारी के आधार पर आतंकियों को कुलगाम के इलाके में घेरा गया और दोनों आतंकियों को मार गिराया गया.

अधिकारियों के मुताबिक लतीफ भट 11 नवंबर के सीआरपीएफ हमले का मास्टरमाइंड था. उस पर जुलाई में कुलगाम में प्रवासी मजदूरों की हत्या और अनंतनाग में एक पुलिस हेड कांस्टेबल की हत्या में शामिल होने के आरोप भी थे.

पाकिस्तान की कोशिशें क्यों हुईं नाकाम?

सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि पाकिस्तान के लिए सबसे बड़ी चिंता यह है कि इस साल घाटी से एक भी युवक आतंकी संगठनों में शामिल नहीं हुआ. सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से कट्टरपंथ फैलाने की कोशिशों के बावजूद युवाओं ने हथियारों का रास्ता नहीं चुना.

जम्मू-कश्मीर के पूर्व डीजीपी एस.पी. वैद ने कहा, "घाटी के युवाओं ने आतंकवाद और अलगाववाद को नकार दिया है. उन्होंने पाकिस्तान का असली चेहरा देख लिया है — कि कैसे वह PoJK में कश्मीरी लोगों को उनके बुनियादी अधिकारों की मांग करने पर मार रहा है." उन्होंने आगे कहा, "वे अब पाकिस्तान और उसके आतंकी संगठनों के लिए, उनके अपने स्वार्थों की खातिर, 'तोप का चारा' (मोहरा) नहीं बनना चाहते."

स्थानीय लोगों के सहयोग से मिली सफलता

अधिकारियों के अनुसार जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना, सीआरपीएफ और खुफिया एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल इस सफलता की बड़ी वजह रहा. इसके अलावा स्थानीय लोगों ने भी आतंकियों को पनाह देने से दूरी बनाई और अहम जानकारियां साझा कीं. इसी रणनीति के चलते 2026 में लश्कर और जैश-ए-मोहम्मद के कई बड़े कमांडर मारे गए.

इस साल ढेर हुए बड़े आतंकी कमांडर

फरवरी में जैश-ए-मोहम्मद के कमांडर सैफुल्लाह को किश्तवाड़ में ऑपरेशन त्राशी-1 के दौरान मार गिराया गया. जुलाई में शोपियां में लश्कर के वरिष्ठ कमांडर जाकिर अहमद गनई का अंत हुआ. सितंबर में पाकिस्तानी आतंकी यासिर और बाद में हाशिम मूसा उर्फ आसिफ फौजी मारे गए. मूसा को पहलगाम हमले की साजिश से जुड़ा महत्वपूर्ण चेहरा माना जाता था और वह पाकिस्तान सेना की एसएसजी का पूर्व हवलदार था. अक्टूबर में मोहम्मद फैजान भी एलओसी पर घुसपैठ की कोशिश के दौरान मारा गया.

सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक सितंबर में मूसा के मारे जाने से 2022 से सक्रिय लश्कर के चार बड़े कमांडरों का पूरा समूह खत्म हो गया था. अब लतीफ भट के मारे जाने के बाद स्थानीय नेतृत्व की बची हुई कड़ी भी टूट गई है.

अमित शाह ने की सुरक्षा बलों की सराहना

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ऑपरेशन की सफलता पर सुरक्षा बलों की तारीफ की. उन्होंने कहा, "JKP, भारतीय सेना, CRPF और खुफिया एजेंसियों के संयुक्त प्रयासों से, आज तड़के कुलगाम में चलाए गए एक ऑपरेशन में घाटी में लश्कर के आखिरी सक्रिय स्थानीय आतंकवादी, लतीफ भट को मार गिराया गया." जम्मू-कश्मीर पुलिस ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए लिखा, "तुम भाग तो सकते हो, पर छिप नहीं सकते."

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kashmir Terrorism, Lateef Bhat, Lashkar-e-Taiba
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com