Khandwa Crime News: मध्यप्रदेश के खंडवा जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां शराब और नए कपड़े खरीदने के लिए पैसे न मिलने से नाराज एक बेटे ने अपनी ही मां की बेरहमी से हत्या कर दी. यह घटना पंधाना थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अस्तरिया गांव की है, जिसने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया. मां‑बेटे जैसे पवित्र रिश्ते को शर्मसार करने वाली इस वारदात में आरोपी युवक ने गुस्से में आकर लट्ठ से अपनी मां के सिर पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई. घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
पंधाना थाना क्षेत्र में सामने आई दिल दहला देने वाली घटना
घटना खंडवा जिले के पंधाना थाना क्षेत्र की है, जहां सोमवार शाम ग्राम पंचायत राजगढ़ के पास स्थित अस्तरिया गांव में 50 वर्षीय चंदा बाई पति लखन की निर्मम हत्या कर दी गई. घटना की सूचना मिलते ही पंधाना पुलिस मौके पर पहुंची. प्रारंभिक जांच में सामने आया कि हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि महिला के अपने ही बड़े बेटे ने की है.

Khandwa Crime News: खंडवा में बेटे ने मां की हत्या
शराब की लत ने बेटे को बनाया हत्यारा
पुलिस जांच में पता चला कि चंदा बाई का 30 वर्षीय बेटा शिवकरण लंबे समय से शराब का आदी था. उसकी इस आदत से पूरा परिवार परेशान था. शराब की आदत के चलते उसकी शादी भी अब तक नहीं हो सकी थी. मां चंदा बाई लगातार बेटे को समझाने और उसे इस बुरी लत से बाहर निकालने का प्रयास कर रही थी, लेकिन शिवकरण पर इसका कोई असर नहीं हो रहा था.
पैसे मांगने पर मां ने किया मना, भड़क उठा बेटा
घटना वाले दिन शिवकरण को शराब की तलब लगी और उसने अपनी मां से शराब पीने और नए कपड़े खरीदने के लिए पैसे मांगे. चंदा बाई ने सिर हिलाकर साफ इनकार कर दिया. बस यही बात आरोपी बेटे को इतनी नागवार गुज़री कि वह आपा खो बैठा. शराब की लत में अंधे शिवकरण पर जैसे खून सवार हो गया और उसने पास में पड़े एक मोटे लट्ठ से मां के सिर पर लगातार कई वार कर दिए.
मौके पर ही हुई मां की मौत
बेटे के बेरहमी भरे वारों को चंदा बाई सहन नहीं कर सकी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई. घटना का शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी युवक को रस्सियों से बांध दिया और तुरंत पुलिस को सूचना दी.
आरोपी हिरासत में, पोस्टमार्टम के भेजा शव
सूचना मिलने पर पंधाना थाना प्रभारी दिलीप देवड़ा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. आरोपी शिवकरण को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि मामले में वैधानिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें : भोला सिकरवार हत्याकांड का फरार इनामी आरोपी पकड़ा गया; ग्वालियर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, ससुराल से ऐसे दबोचा
यह भी पढ़ें : ग्वालियर में TI ने शादी का झांसा देकर विधवा से रेप किया; गर्भवती होने के बाद FIR, फरार आरोपी अब PHQ अटैच
यह भी पढ़ें : कटनी में शराब पीने से रोकने पर झड़प; वीडियो वायरल, चौकी प्रभारी को SP ने हटाया
यह भी पढ़ें : Ambedkar Jayanti 2026: बाबा साहेब की जन्मस्थली महू में देशभर से पहुंचे श्रद्धालु; CM मोहन यादव होंगे शामिल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं