विज्ञापन

'मैं पहले लेता था ड्रग्स'- एमपी कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी का बयान

मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी ने पुलिस हिरासत से छूटने के बाद बड़ा बयान दिया है. उन्होंने स्वीकार किया कि वह पहले ड्रग्स लेते थे, लेकिन पिछले तीन साल से पूरी तरह नशे से दूर हैं. नाना ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए खुद को बेगुनाह बताया.

'मैं पहले लेता था ड्रग्स'- एमपी कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी का बयान
  • नाना पटवारी ने स्वीकार किया कि वे पहले ड्रग्स का सेवन करते थे, लेकिन पिछले तीन वर्षों से पूरी तरह दूर हैं.
  • पुलिस ने नाना पटवारी को बिना कारण बताए हिरासत में लिया और पूरे दिन शहर में घुमाया था.
  • नाना पटवारी ने कहा कि जिस स्कॉर्पियो से सामान बरामद हुआ, उसका वाहन उनका नहीं बल्कि संजय कौशल का है.

'मैं पहले ड्रग्स लेता था, लेकिन पिछले तीन साल से पूरी तरह दूर हूं'. यह बयान मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी का है, जो हाल ही में पुलिस कार्रवाई के बाद चर्चा में आ गए हैं. नाना पटवारी को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है. एक तरफ नाना पटवारी ने खुद स्वीकार किया है कि वह कुछ साल पहले नशे का सेवन करते थे, वहीं उन्होंने यह भी कहा कि पिछले तीन वर्षों से उनका ड्रग्स से कोई संबंध नहीं है.  

हिरासत से छूटने के बाद नाना पटवारी का बयान

पुलिस हिरासत से बाहर आने के बाद नाना पटवारी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उनकी सबसे बड़ी गलती सिर्फ इतनी है कि वह कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई हैं. उन्होंने दावा किया कि जिन लोगों को पुलिस ने पकड़ा है, उनसे उनका इस मामले में कोई संबंध नहीं है. उनका कहना है कि वह अपनी गाड़ी सर्विसिंग के लिए देने जा रहे थे, तभी पुलिस उन्हें अपने साथ ले गई.

'दिनभर घुमाया, वजह तक नहीं बताई'

नाना पटवारी के मुताबिक पुलिस उन्हें थाने लेकर गई, जहां सिर्फ उनका नाम पूछा गया. उन्होंने आरोप लगाया कि हिरासत में लेने के बाद उन्हें यह तक नहीं बताया गया कि आखिर उन्हें क्यों पकड़ा गया है. उनका कहना है कि पुलिस ने सिर्फ इतना कहा कि बाद में सब पता चल जाएगा. उन्होंने दावा किया कि सुबह करीब 10 बजे उन्हें सर्विस सेंटर से उठाया और पूरे दिन शहर में घुमाने के बाद रात में छोड़ दिया.

ड्रग्स लेने की बात कबूली

मीडिया से बातचीत में नाना पटवारी ने स्वीकार किया कि वह पहले ड्रग्स का सेवन करते थे. हालांकि उन्होंने साफ कहा कि यह बात पुरानी है और पिछले तीन साल से उन्होंने नशे को पूरी तरह छोड़ दिया है. उन्होंने कहा कि आज उनका ड्रग्स या किसी भी अवैध गतिविधि से कोई लेना-देना नहीं है और उन पर लगाए जा रहे आरोप बेबुनियाद हैं.

स्कॉर्पियो और अन्य लोगों से दूरी का दावा

नाना पटवारी ने कहा कि जिस स्कॉर्पियो वाहन की चर्चा हो रही है, वह उनकी नहीं बल्कि संजय कौशल की है. उन्होंने कहा कि वाहन से जो भी सामान बरामद हुआ है, उससे उनका कोई संबंध नहीं है. उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस ने उनसे संजय कौशल और इरफान के बारे में पूछताछ की थी. नाना के मुताबिक ये दोनों चुनाव के दौरान कार्यकर्ता के रूप में काम कर चुके हैं, लेकिन वर्तमान मामले से उनका कोई लेना-देना नहीं है.

जीतू पटवारी बोले- मेरे भाई का केस से कोई संबंध नहीं

पूरे मामले पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि उनके भाई ने मीडिया के सामने स्वीकार किया है कि वह पहले ड्रग्स लेते थे, इससे बड़ी सच्चाई और क्या हो सकती है. साथ ही उन्होंने दावा किया कि उनके भाई का मौजूदा मामले से कोई संबंध नहीं है और सरकार राजनीतिक बदले की भावना से एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Nana Patwari Detained, Jitu Patwari Brother Arrested, MP Political Agitation, Madhya Pradesh Drug News, Jitu Patwari News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com