Jabalpur Murder & Suicide: मध्य प्रदेश के जबलपुर (Jabalpur) में मर्डर और सुसाइड की वारदात सामने आई है. एक युवक ने अपनी महिला बिजनेस पार्टनर को गोली मारकर हत्या कर दी. इसके बाद युवक ने खुद को गोली मार ली. दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. इस वारदात के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. घटना गोरखपुर थाना क्षेत्र के राजू डुप्लेक्स के पास की है.
दोनों पार्टनरशिप में चला रहे थे ब्यूटी पार्लर
जानकारी के मुताबिक, भंडारी अस्पताल के पास राजुल डुप्लेक्स में दोनों की लाशें खून से सनी मिली. शुरुआती जांच में कारोबार और पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद की बात सामने आई है. मृतकों की पहचान शक्ति कोहली और दीपेश राठौर के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि मृतक महिला शक्ति कोहली अपने पति से अलग रह रही थी और वो दीपेश राठौर नाम के युवक के साथ मिलकर पार्टनरशिप में ब्यूटी पार्लर चला रही थी.
फायरिंग की आवाज सुनकर पहुंचे लोग
पुलिस के अनुसार, सोमवार दोपहर शक्ति अपने कमरे पर मौजूद थी. इसी दौरान दीपेश वहां पहुंचा. दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ. विवाद बढ़ने पर दीपेश ने पिस्टल से महिला को गोली मार दी. गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई. इसके बाद युवक ने खुद को गोली मार ली. फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. इसके बाद घटना की सूचना पुलिस की दी.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
इधर, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया. वहीं मौके से हथियार समेत अन्य सामग्री बरामद किए गए. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.
परिजनों का आरोप
गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपी दीपेश राठौर का बैकग्राउंड अपराधिक प्रवृत्ति का बताया जा रहा है. इस बीच मृतका के परिजनों ने दीपेश राठौर पर शक्ति कोहली को परेशान करने के आरोप लगाए. परिजनों ने बताया कि पुलिस में इसकी शिकायत की थी, इसके बावजूद कार्रवाई नहीं हुई.
ये भी पढ़ें: 'पैसे निकालो बेटा...' मृत पति के खाते से रुपये निकालने महिला बैंक मैनेजर ने पत्नी से मांगे 10000- VIDEO
ये भी पढ़ें: भिंड में दिनदहाड़े युवक का अपहरण, सड़क पर घसीट-घसीटकर पीटा; अब पुलिस ने आरोपियों का निकाला जुलूस
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं