मध्य प्रदेश के भिंड शहर में दिनदहाड़े हुए एक सनसनीखेज अपहरण कांड ने कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. बदमाशों ने मोहल्ले से एक युवक पर हमला कर उसे सड़क पर घसीटते हुए बेरहमी से पीटा और फिर थार गाड़ी में डालकर अपहरण कर ले गए. घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. हालांकि सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपियों का पीछा किया, घेराबंदी कर युवक को मुक्त कराया और तीन अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया.
पिस्टल की बट से हमला
जानकारी के अनुसार, बाहराय निवासी अभिषेक भदौरिया पार्क मोहल्ला स्थित एक किराना दुकान पर बैठा हुआ था. तभी पुरानी रंजिश के चलते आरोपी राज बघेल, भूरे उर्फ शिवम, सूर्य और चंदन वहां पहुंचे. आरोप है कि राज बघेल ने पिस्टल की बट से अभिषेक पर हमला कर दिया. इसके बाद सभी आरोपियों ने मिलकर उसकी जमकर मारपीट की. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी युवक को सड़क पर घसीटते हुए लात-घूंसों से पीटते रहे. इसी दौरान कृष्णा राजावत और गोपाल राजावत थार गाड़ी लेकर मौके पर पहुंचे.
युवक को अपहरण कर ले गए
बदमाशों ने घायल अभिषेक को जबरन वाहन में डाल लिया और वहां से फरार हो गए. अपहरण की सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस अलर्ट हो गई. थाना प्रभारी शिवप्रताप राजावत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थार वाहन का पीछा शुरू किया. आरोपियों ने युवक को बबेड़ी गांव स्थित श्मशान घाट पर ले जाकर फिर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी, लेकिन पुलिस ने तेजी दिखाते हुए बबेड़ी रोड पर घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया और अपहृत युवक को सकुशल मुक्त करा लिया. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अपहरणकर्ता राज बघेल, कृष्णा राजावत और गोपाल राजावत को गिरफ्तार कर लिया, जबकि चार अन्य आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे. पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है.
आरोपियों का निकाला जुलूस
घटना के बाद पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश देने के लिए उसी इलाके में आरोपियों का जुलूस निकाला, जहां उन्होंने वारदात को अंजाम दिया था. जुलूस के दौरान आरोपी सार्वजनिक रूप से 'अपराध करना पाप है' जैसे नारे लगाते दिखाई दिए. पुलिस की इस कार्रवाई की पूरे जिले में चर्चा हो रही है. फिलहाल देहात थाना पुलिस ने अपहरण, मारपीट और धमकी सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी है. वहीं दिनदहाड़े हुई इस घटना और सामने आए वीडियो ने शहर में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है.
ये भी पढ़ें: नागौद राजघराना गोलीकांड: बाबा राजा ने साले सहित 3 लोगों पर दर्ज कराई FIR, पर पत्नी-बेटे का नाम गायब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं