- इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती के बाद आकाश जाट और साक्षी नकुम ने परिवार की सहमति से विवाह किया था.
- विवाह के कुछ महीने बाद आकाश को सांस की नली के कैंसर का पता चला और पत्नी का व्यवहार बदल गया.
- आकाश ने आरोप लगाया कि बीमारी के दौरान पत्नी ने उनका साथ छोड़ा और दूसरी शादी कर ली.
कभी इंस्टाग्राम पर शुरू हुई एक प्रेम कहानी ने साथ जीने-मरने के वादों के बीच खूबसूरत मोड़ लिया था. दोनों ने प्रेम विवाह किया, परिवारों की मंजूरी मिली और नई जिंदगी की शुरुआत हुई. लेकिन कुछ ही महीनों बाद हालात ऐसे बदले कि रिश्ता अदालत तक पहुंच गया. कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे एक युवक ने अपनी पत्नी पर साथ छोड़ने, दूसरी शादी करने और कानूनी प्रक्रिया पूरी किए बिना नया घर बसाने का आरोप लगाया है. अब इस मामले में अदालत ने आरोपी महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तारी वारंट जारी किया है.
इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती, फिर की शादी
इंदौर की राजस्व कॉलोनी निवासी आकाश जाट की मुलाकात रतलाम की साक्षी नकुम से इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी. दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे यह दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई. रिश्ते को आगे बढ़ाते हुए दोनों ने 20 नवंबर 2022 को इंदौर के आर्य समाज मंदिर में विवाह कर लिया. बाद में दोनों परिवारों की सहमति मिलने पर 13 दिसंबर 2022 को रतलाम में सामाजिक रीति-रिवाजों के साथ दोबारा शादी की.
शादी के कुछ महीने बाद आई गंभीर बीमारी
विवाह के कुछ समय बाद आकाश की तबीयत खराब रहने लगी. इलाज और जांच के लिए उन्हें गुजरात के वडोदरा ले जाया गया. वहां 10 अप्रैल 2023 को जांच में उनकी सांस की नली में कैंसर होने की पुष्टि हुई. आकाश का कहना है कि बीमारी की जानकारी मिलने के बाद उनकी पत्नी का व्यवहार बदल गया और रिश्तों में दूरियां आने लगीं.
पति का आरोप- बीमारी के बाद पत्नी ने बनाई दूरी
आकाश का आरोप है कि जब उन्हें सबसे ज्यादा अपने जीवनसाथी के सहयोग की जरूरत थी, तब पत्नी ने उनका साथ छोड़ दिया. उनका दावा है कि पत्नी ने उनसे कहा था कि "तुम तो कल मर जाओगे, मेरा क्या होगा?" आकाश के मुताबिक, इसके बाद दोनों के रिश्ते लगातार खराब होते चले गए.

आकाश और साक्षी की शादी की फोटो.
इलाज के दौरान दर्ज कराई शिकायत
आकाश का आरोप है कि कैंसर के इलाज के दौरान उनकी पत्नी ने महिला थाने में उनके खिलाफ मारपीट की शिकायत दर्ज कराई. हालांकि, मेडिकल रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजों की जांच के बाद पुलिस ने उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की. इसके बाद साक्षी ने फैमिली कोर्ट में तलाक की याचिका भी दायर कर दी.
मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया जब आकाश को जानकारी मिली कि तलाक का मामला अदालत में लंबित रहने के बावजूद उनकी पत्नी ने 10 जून 2024 को छतरपुर निवासी एक युवक से विवाह कर लिया. बताया जा रहा है कि इस विवाह से एक बेटी भी है. इसके बाद आकाश ने दस्तावेज और अन्य साक्ष्य जुटाकर अपने अधिवक्ता रजनीश शर्मा के माध्यम से न्यायालय में आपराधिक परिवाद प्रस्तुत किया.
फैमिली कोर्ट ने खारिज कर दी तलाक याचिका
18 अप्रैल 2026 को फैमिली कोर्ट ने साक्षी की तलाक याचिका खारिज कर दी. अदालत ने अपने आदेश में कहा कि पत्नी द्वारा लगाए गए कई आरोप उपलब्ध रिकॉर्ड से मेल नहीं खाते. न्यायालय ने यह भी उल्लेख किया कि पति उस समय कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहा था और प्रताड़ना से जुड़े आरोप प्रथम दृष्टया सिद्ध नहीं होते हैं.

आकाश और साक्षी ने आर्य समाज में शादी की थी.
अदालत ने दर्ज किया मामला, जारी हुआ वारंट
फैमिली कोर्ट के फैसले के बाद जेएमएफसी न्यायालय ने पहली शादी रहते दूसरी शादी करने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 82(1) के तहत मामला दर्ज किया. अदालत ने कई बार समन जारी किए, लेकिन आरोपी के उपस्थित नहीं होने पर उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया. न्यायालय ने 25 जुलाई 2026 को पेश होने के निर्देश दिए हैं.
आकाश की जिंदगी में मुश्किलें यहीं खत्म नहीं हुईं. कैंसर के इलाज के दौरान 19 जून 2023 को उनके पिता बंशीलाल जाट का निधन हो गया. कुछ समय बाद उनकी मां सुशीला जाट का भी देहांत हो गया. लगातार आए इन व्यक्तिगत झटकों ने उनकी परिस्थितियों को और कठिन बना दिया. वर्तमान में आकाश अकेले रह रहे हैं. इलाज और रोजमर्रा की जरूरतों के लिए वह अपने दोस्तों के सहयोग पर निर्भर हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं