विज्ञापन

522 के बदले सिर्फ 95 नंबर मिलने का दावा, NEET रिजल्ट में गड़बड़ी को लेकर हाईकोर्ट पहुंचा छात्र

NEET OMR Sheet Discrepancy: छात्र का आरोप है कि उसने जब आंसर की से अपनी ओएमआर शीट मैच की तो नंबर ज्यादा थे, लेकिन रिजल्ट में उसे कम नंबर दिए गए हैं. हालांकि एनटीए ने ऐसे सभी मामलों को सिरे से खारिज किया है.

522 के बदले सिर्फ 95 नंबर मिलने का दावा, NEET रिजल्ट में गड़बड़ी को लेकर हाईकोर्ट पहुंचा छात्र
नीट रिजल्ट में गड़बड़ी का मामला

मेडिकल एंट्रेंस एग्जाम NEET को लेकर विवाद खत्म नहीं हो रहा है. पेपर लीक के बाद अब री-नीट में नंबरों की गड़बड़ी के दावे किए जा रहे हैं. तमाम छात्रों ने अपनी ओएमआर शीट और रिजल्ट के नंबरों में अंतर का दावा किया है, इसी बीच बीड के एक छात्र ने इसे लेकर कोर्ट में याचिका दायर की है. नीट रिजल्ट में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए छात्र ने औरंगाबाद खंडपीठ में याचिका दायर की. छात्र का दावा है कि आंसर की के मुताबिक उसके 522 नंबर होते हैं, लेकिन स्कोर कार्ड में सिर्फ 95 नंबर मिले हैं. 

एनटीए पर लगाए आरोप 

बीड के एक छात्र सोहम गवते ने नीट परीक्षा के नतीजों पर गंभीर आपत्तियां जताई हैं. सोहम का दावा है कि आंसर की के अनुसार उसे 522 अंक मिलने चाहिए थे, लेकिन स्कोरकार्ड में केवल 95 अंक दिखाए गए हैं. आरोप है कि इस संबंध में एनटीए को सात बार ई-मेल और बार-बार फोन के जरिए शिकायत करने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला. 

इस बीच, इस मामले को लेकर बॉम्बे हाई कोर्ट की औरंगाबाद खंडपीठ में याचिका दायर कर दी गई है. छात्र की इस याचिका पर अब 23 जुलाई को सुनवाई होगी. बता दें कि ऐसे मामले पहले भी सामने आए हैं, लेकिन ये पहला मामला है, जिसमें हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई है. 

क्या है पूरा मामला?

दरअसल नीट पेपर लीक के बाद 21 जून को दोबारा परीक्षा आयोजित कराई गई थी, जिसमें 20 लाख छात्रों ने हिस्सा लिया. इनमें से 11.21 लाख छात्रों ने क्वालिफाई किया है. रिजल्ट जारी होने के बाद अब कुछ ऐसे छात्र सामने आए हैं, जिन्होंने आरोप लगाया है कि उनकी ओमआर शीट और रिजल्ट के नंबर मैच नहीं कर रहे हैं. इसे लेकर एनटीए को लगातार शिकायतें मिल रही हैं. 

हालांकि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने साफ किया है कि कोई गड़बड़ी नहीं हुई है. एनटीए ने सभी छात्रों के नाम के साथ सफाई जारी की और बताया कि जो ओएमआर शीट वायरल हो रही हैं, वो एआई से एडिट की गई हैं. इसके साथ ही एजेंसी ने ऐसे फर्जी दावे करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी है. 

ये भी पढ़ें - NEET काउंसलिंग में च्वॉइस फिलिंग की ये 5 गलतियां पड़ सकती हैं भारी, हाथ से निकल जाएगी सीट

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
NEET Result, NEET Result 2026, NEET OMR Sheet
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com