- छत्तीसगढ़ कैडर के 2009 बैच के IAS अवनीश शरण ने अपने फिटनेस ट्रांसफॉर्मेशन की कहानी सोशल मीडिया पर साझा की है
- उन्होंने 39 वर्ष की उम्र में फिटनेस यात्रा शुरू की, मेजर सर्जरी के बाद जून 2025 में नए सिरे से शुरुआत की थी
- अवनीश शरण ने वैज्ञानिक तरीके से बॉडी फैट को 30 प्रतिशत से घटाकर सिंगल डिजिट में लाने में सफलता पाई है
IAS Awanish Sharan Fitness: छत्तीसगढ़ कैडर के साल 2009 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी अवनीश शरण फिर सुर्खियों में हैं. पहले जहां वे अपनी सक्सेस स्टोरी की वजह से हर किसी को प्रेरित करते नजर आते थे, वहीं अब उन्होंने ऐसा बॉडी ट्रांसफॉर्मेशन किया है, जिसे देखकर डॉक्टर भी दंग रह गए.
रायपुर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आईएएस अवनीश शरण ने फिटनेस की दुनिया में नई मिसाल पेश करने वाली फैट टू फिट की पूरी कहानी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर की है, जिसमें 39 साल की उम्र में शुरुआत, बीच में मेजर सर्जरी और अब बॉलीवुड के एक्टर सरीखी शानदार बॉडी बनने तक का पड़ाव शामिल है.

ias Awanish Sharan body transformation fitness diet plan in Raipur Chhattisgarh
Photo Credit: Awanish Sharan
बेटी 'वेदिका' के जन्मदिन के लिए सेट किया था डेडलाइन
सोशल मीडिया पर अवनीश शरण ने लिखा कि उन्होंने अपनी फिटनेस जर्नी साल 2020 में (39 साल की उम्र में) शुरू की थी, लेकिन सरकारी व्यस्तताओं और साल 2024 में हुई एक मेजर सर्जरी के कारण उनका रूटीन पूरी तरह टूट गया था. इसके बाद जून 2025 में मैंने नए सिरे से शुरुआत की. 1 जनवरी 2026 को मैंने खुद को एक चुनौती दी कि मुझे 27 जून को अपनी बेटी वेदिका के जन्मदिन से पहले अपने जीवन की सबसे बेहतरीन शेप हासिल करनी है. इस सफर में मेरी पत्नी रुद्राणी मेरी सबसे बड़ी ताकत बनीं.

ias Awanish Sharan body transformation fitness diet plan in Raipur Chhattisgarh Photo Credit: Facebook/ Awanish Sharan
सिंगल डिजिट में आया बॉडी फैट
आईएएस अवनीश शरण ने कोई शॉर्टकट या क्रैश डाइट नहीं अपनाई, बल्कि शुद्ध देसी और वैज्ञानिक तरीका चुना. नतीजा यह हुआ कि उनका बॉडी फैट 30% से घटकर सिंगल डिजिट (10% से कम) में आ गया. सिर्फ बाहर से ही नहीं, सितंबर 2025 से मई 2026 के बीच उनकी अंदरूनी सेहत में जो चमत्कारी सुधार हुआ, उसने डॉक्टरों को भी चौंका दिया है:
टोटल कोलेस्ट्रॉल 278 से घटकर सीधे 158 आ गया, जिसमें करीब 43% की कमी आई. वहीं, खराब कोलेस्ट्रॉल 205.2 से गिरकर 83 पर पहुंच गया, इसमें 60% की भारी कमी देखी गई. इसी तरह से अच्छा कोलेस्ट्रॉल 51 से बढ़कर 62.8 हो गया, जो 23% सुधार के साथ सबसे बड़ी कामयाबी है. ट्राइग्लिसराइड्स 109 से घटकर मात्र 61.9 रह गया.

IAS Awanish Sharan body transformation fitness diet plan in Raipur Chhattisgarh Photo Credit: Facebook/ Awanish Sharan
IAS अवनीश शरण का सीक्रेट फिटनेस फार्मूला
सोशल मीडिया पर अपने रूटीन को साझा करते हुए आईएएस अवनीश ने बताया कि उन्होंने 3 मुख्य स्तंभों पर काम किया— समझदारी से ट्रेनिंग, भोजन और अच्छी नींद. हफ्ते में 5-6 दिन स्ट्रेंथ ट्रेनिंग और मांसपेशियों को मजबूत करने के लिए प्रोग्रेसिव ओवरलोड. कार्डियो को केवल दिल की सेहत के लिए किया, सजा के तौर पर नहीं. रोज पैदल चलना.
पूरी तरह से घर का बना हाई-प्रोटीन खाना, कॉम्प्लेक्स कार्ब्स, सलाद, फल और भरपूर पानी. चीनी और प्रोसेस्ड फूड से पूरी तरह दूरी. काम के भारी दबाव के बीच भी हर दिन 6 से 7 घंटे की गहरी और क्वालिटी नींद.

IAS अवनीश शरण: कभी 10वीं में आए थे महज 44% मार्क्स Photo Credit: Facebook/ Awanish Sharan
आईएएस बोले- 39 से ज्यादा फिट हूं 45 की उम्र में
आईएएस अवनीश शरण का मानना है कि वजन कम करना उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि नहीं है, बल्कि सबसे बड़ी जीत यह है कि वह आज 45 साल की उम्र में, 39 साल की उम्र के मुकाबले कई गुना ज्यादा स्वस्थ और ऊर्जावान महसूस कर रहे हैं.
नए लोगों को सलाह देते हुए उन्होंने लिखा "शुरुआत कीजिए, भले ही आप परफेक्ट न हों. आदतों पर भरोसा करिए, मोटिवेशन पर नहीं. सेहत के लिए कसरत कीजिए, लुक अपने आप आ जाएगा. अनुशासन हमेशा मोटिवेशन से ज्यादा ताकतवर होता है."

IAS Awanish Sharan UPC Success Story From Bihar to Raipur Chhattisgarh Photo Credit: Facebook/ Awanish Sharan
10 से ज्यादा बार फेल, लेकिन नहीं मानी हार
आईएएस अवनीश शरण का जन्म 20 जनवरी 1982 को बिहार के समस्तीपुर में हुआ. उन्होंने यहां के दलसिंहसराय (आरबी कॉलेज) से पढ़ाई की. मैट्रिक में 44%, इंटर में 65% और ग्रेजुएशन में 60.7% अंक लाने वाले अवनीश राज्य लोक सेवा आयोग की प्रारंभिक परीक्षा में 10 से अधिक बार फेल हुए थे. लेकिन हार न मानने के उनके जज्बे ने उन्हें साल 2009 में यूपीएससी क्लियर कराकर आईएएस अफसर बनाया.
यह भी पढ़ें- DSP की वाइफ ने फेसबुक पर लिखा- मां बीमार, बच्चों को इंतजार, नक्सल क्षेत्र से पति का हो ट्रांसफर, अब हुआ तबदला
यह भी पढ़ें- DSP की पत्नी की एक फेसबुक पोस्ट ने बदल दी जिंदगी, दिलचस्प है इनकी शादी की कहानी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं