विज्ञापन

सफाईकर्मी पर 3 महीने से धर्मांतरण का दबाव, जबलपुर के सेंट एलॉयसियस स्कूल में हिंदू संगठनों का हंगामा

जबलपुर के सेंट एलॉयसियस स्कूल में कथित धर्म परिवर्तन को लेकर मंगलवार को हंगामा हुआ. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति नियंत्रित की.

सफाईकर्मी पर 3 महीने से धर्मांतरण का दबाव, जबलपुर के सेंट एलॉयसियस स्कूल में हिंदू संगठनों का हंगामा
सेंट एलॉयसियस स्कूल में धर्मांतरण का आरोप.
NDTV

मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में स्थित सेंट एलॉयसियस स्कूल में कथित धर्म परिवर्तन का आरोप लगा है. इसकी सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता विरोध में स्कूल पहुंचे और परिसर में प्रवेश करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस मौके पर पहुंच गई. जब उन्हें रोकने की कोशिश की तो धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई. हंगामे के बीच स्कूल परिसर में कुछ स्थानों पर तोड़फोड़ की भी सूचना है.

प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं का आरोप है कि स्कूल में कार्यरत कुछ हिंदू कर्मचारियों पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया जा रहा है. उनका कहना है कि जो कर्मचारी कथित रूप से धर्म परिवर्तन के लिए तैयार नहीं होते, उन्हें नौकरी से हटाने की धमकी दी जाती है.

Latest and Breaking News on NDTV

सफाई कर्मचारी पर डाला जा रहा दबाव

इसी बीच स्कूल के एक सफाई कर्मचारी राजेश कुमार ने दावा किया कि वह पिछले 12 वर्षों से स्कूल में कार्यरत है. उसके अनुसार, बीते तीन महीनों से उस पर नियमित रूप से चर्च जाने और धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया जा रहा था.

घटना की जानकारी मिलते ही विजय नगर, माढ़ोताल सहित आसपास के कई थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंच गया. पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए प्रदर्शनकारियों को स्कूल परिसर से बाहर किया. प्रदर्शन के बाद हिंदू संगठनों ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में इस तरह की शिकायतें सामने आईं तो वे दोबारा आंदोलन करेंगे. पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है.

जांच कमेटी गठित की

टीआई सोनू कुर्मी ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि स्कूल में सफाई कर्मचारी का धर्म परिवर्तन कराने का दबाव बनाया जा रहा था. इसकी जांच के लिए जिला शिक्षा अधिकारी ने एक कमेटी बनाई है, जिसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी. इसके अलावा प्रदर्शन करने वालों को समझाया है. मामले में आगे की जांच जारी है.

ये भी पढ़ें- मुजफ्फरनगर में हिंदुओं को लालच देकर बनाया जा रहा था ईसाई, 5 महिलाओं समेत 12 लोग गिरफ्तार

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Jabalpur School, Jabalpur News, Hindu Groups, Conversion
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com