विज्ञापन

ग्वालियर में TI ने शादी का झांसा देकर विधवा से रेप किया; गर्भवती होने के बाद FIR, फरार आरोपी अब PHQ अटैच

Gwalior Rape Case: ग्वालियर में रेप केस दर्ज होते ही आरोपी टीआई रूपेश शर्मा फरार. पुलिस ने दो टीमें बनाई, PHQ भोपाल अटैच कर जांच शुरू. पढ़िए पूरी खबर.

ग्वालियर में TI ने शादी का झांसा देकर विधवा से रेप किया; गर्भवती होने के बाद FIR, फरार आरोपी अब PHQ अटैच
ग्वालियर में रेप केस का आरोपी टीआई फरार, पुलिस जांच जारी

Gwalior TI Rape Case: ग्वालियर में दुष्कर्म के गंभीर आरोपों में घिरे पीटीएस तिघरा में पदस्थ निरीक्षक रूपेश शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. एफआईआर दर्ज होने के बाद आरोपी टीआई फरार हो गया, जिससे मामले की संवेदनशीलता और बढ़ गई. पुलिस की टीमें उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिला है. उधर, पुलिस विभाग ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी निरीक्षक को तत्काल प्रभाव से पीटीएस तिघरा से पुलिस मुख्यालय भोपाल अटैच कर दिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

सोशल मीडिया से पहचान, शादी का झांसा

हरिशंकरपुरम निवासी 38 वर्षीय विधवा महिला, जो पेशे से बुटीक संचालिका है, ने झांसी रोड थाने में शिकायत दर्ज कराई है. महिला ने बताया कि पति के निधन के बाद उसकी पहचान सोशल मीडिया के जरिए निरीक्षक रूपेश शर्मा से हुई थी. आरोपी ने खुद को अविवाहित बताया और शादी का झांसा देकर उसके साथ संबंध बनाए. महिला के अनुसार, इसी दौरान वह गर्भवती हो गई.

Gwalior TI Rape Case: ग्वालियर में रेप आरोपी टीआई फरार

Gwalior TI Rape Case: ग्वालियर में रेप आरोपी टीआई फरार

शादी से मुकरा, सच्चाई सामने आई

पीड़िता का आरोप है कि जब उसने आरोपी से शादी की बात की तो वह टालमटोल करने लगा. शक होने पर महिला जब उसके घर पहुंची, तब उसे पता चला कि आरोपी पहले से शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं. खुद को ठगा महसूस करने के बाद महिला ने पुलिस से शिकायत की. पूरे मामले की जांच के बाद पुलिस ने निरीक्षक रूपेश शर्मा के खिलाफ दुष्कर्म का प्रकरण दर्ज किया.

केस दर्ज होते ही फरार हुआ आरोपी

एफआईआर दर्ज होने के तुरंत बाद झांसी रोड थाना पुलिस जब पीटीएस तिघरा पहुंची, तो निरीक्षक वहां मौजूद नहीं था. आरोपी का मोबाइल फोन भी तभी से बंद आ रहा है. पुलिस ने उसकी तलाश में दो टीमें गठित की हैं, जिन्होंने भितरवार स्थित उसके मूल निवास और शिवपुरी में ससुराल पर दबिश दी, लेकिन वह दोनों जगह नहीं मिला.

पुलिस मुख्यालय भोपाल किया गया अटैच

रेप का मामला दर्ज होने के बाद पुलिस विभाग ने भी सख्ती दिखाई है. निरीक्षक रूपेश शर्मा को पीटीएस तिघरा से हटाकर पुलिस मुख्यालय भोपाल अटैच कर दिया गया है. साथ ही, उसे तत्काल प्रभाव से इकतरफा रिलीव कर दिया गया है और इसकी सूचना परिजनों को भी दे दी गई है.

एसएसपी ने की पुष्टि

एसएसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि पीटीएस में पदस्थ निरीक्षक रूपेश शर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. उन्होंने कहा कि आरोपी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. मामले की जांच जारी है और जो भी साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधि अनुसार कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें : कटनी में शराब पीने से रोकने पर झड़प; वीडियो वायरल, चौकी प्रभारी को SP ने हटाया

यह भी पढ़ें : Ambedkar Jayanti 2026: बाबा साहेब की जन्मस्थली महू में देशभर से पहुंचे श्रद्धालु; CM मोहन यादव होंगे शामिल

यह भी पढ़ें : Ambedkar Jayanti 2026: ऐसा था बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर का जीवन, पढ़िए उनके प्रेरणादायी विचार

यह भी पढ़ें : अंबेडकर जयंती पर कैदियों को राहत; 14 अप्रैल को 87 बंदियों की रिहाई, 7 की सजा में छूट, गृह विभाग का बड़ा फैसला

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com