Gwalior Crime News: ग्वालियर में पुरानी रंजिश के चलते एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां जीजा और साले ने मिलकर 16 वर्षीय नाबालिग का गन पॉइंट पर अपहरण कर लिया. आरोपियों ने चलते रास्ते में उसे बाइक से खींचकर जबरदस्ती कार में बैठाया और पूरे रास्ते मारपीट करते रहे. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आई और तुरंत कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. चौंकाने वाली बात यह रही कि गिरफ्तार होने से बचने के लिए आरोपियों ने नाबालिग को ही तमंचा थमा कर फंसाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की सतर्कता से उनकी साजिश नाकाम हो गई.
पुरानी रंजिश बनी अपहरण की वजह
घटना पुरानी छावनी थाना क्षेत्र की बताई जा रही है. पुलिस के अनुसार मोहना निवासी 16 वर्षीय नाबालिग की करहिया निवासी गुलशन सिंह और उसके भाई जगरूप सिंह से पुरानी दुश्मनी थी. इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने साजिश रची.
गुरुद्वारे से लौटते वक्त किया अगवा
नाबालिग किले स्थित गुरुद्वारे में दर्शन करने आया था. वहां से अपने दो दोस्तों के साथ बाइक से लौटते समय आरोपियों को उसके शहर में होने की जानकारी मिल गई. इसके बाद तीनों आरोपी कार से पीछा करते हुए रायरू हाईवे तक पहुंचे.
गन पॉइंट पर कार में डाला, रास्ते में पीटा
रायरू हाईवे पर आरोपियों ने बाइक रुकवाई और नाबालिग को जबरन खींचकर कार में बैठा लिया. आरोप है कि इस दौरान उसकी कनपटी पर तमंचा अड़ाया गया. कार में ले जाते समय आरोपियों ने उसके साथ जमकर मारपीट की, जिससे उसके चेहरे, पीठ और पसलियों में चोटें आईं.
पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचे आरोपी
अपहरण की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और आरोपियों का पीछा किया. करहिया थाना पुलिस की मदद से गांव में घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया.
नाबालिग को फंसाने की साजिश नाकाम
पूछताछ में सामने आया कि जिस तमंचे से नाबालिग को धमकाया गया था, उसे ही आरोपी गिरफ्तारी के समय उसके हाथ में थमाने की कोशिश कर रहे थे, ताकि खुद को बचा सकें. लेकिन पुलिस ने स्थिति को भांपते हुए उनकी चाल नाकाम कर दी.
विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने गुलशन सिंह, जगरूप सिंह और जसपाल सिंह के खिलाफ अपहरण, मारपीट, आर्म्स एक्ट और आपराधिक साजिश की धाराओं में केस दर्ज किया है. नाबालिग का मेडिकल परीक्षण कराया गया है.
हथियार के स्रोत की जांच जारी
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों के पास अवैध हथियार कहां से आया. साथ ही पुरानी रंजिश के अन्य पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है.
यह भी पढ़ें : भिंड में कुदरत का कहर; महिला समेत तीन की मौत, आंधी-तूफान और बारिश से तबाही, पेड़-दीवार गिरे
यह भी पढ़ें : यूपी में आज आंधी और बारिश से सावधान, 90 किमी की रफ्तार से आएगा तूफान, पूर्वांचल से वेस्ट यूपी तक अलर्ट
यह भी पढ़ें : मध्यप्रदेश में गेहूं खरीदी ने बनाया नया रिकॉर्ड; 104 लाख MT उपार्जन, MSP पर किसानों को 23708 करोड़ का भुगतान
यह भी पढ़ें : पिछोर विधायक प्रतिनिधि से तंग परिवार ने CM से मांगी इच्छा मृत्यु, शिवपुरी में वीडियो से मचा हड़कंप
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं