विज्ञापन

10 हजार मोबाइल नंबरों की जांच कर डकैतों तक पहुंची पुलिस, बुजुर्ग दंपत्ति को बंधक बनाकर की थी वारदात

गुना जिले के मृगवास क्षेत्र में हुई सनसनीखेज डकैती का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. 10 हजार मोबाइल नंबरों के तकनीकी विश्लेषण के बाद पुलिस डकैतों तक पहुंची और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया. बुजुर्ग दंपत्ति को बंधक बनाकर की गई इस वारदात में लूटा गया माल, अवैध हथियार और बाइक भी बरामद की गई है.

10 हजार मोबाइल नंबरों की जांच कर डकैतों तक पहुंची पुलिस, बुजुर्ग दंपत्ति को बंधक बनाकर की थी वारदात

10000 Mobile Number Analysis: गुना जिले के मृगवास क्षेत्र में हुई सनसनीखेज डकैती की वारदात का पुलिस ने आखिरकार खुलासा कर दिया है. तकनीकी जांच और कड़ी मेहनत के बाद पुलिस ने बुजुर्ग दंपत्ति को बंधक बनाकर लूट करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. इस मामले में 10 हजार से ज्यादा मोबाइल नंबरों का विश्लेषण किया गया, तब जाकर पुलिस बदमाशों तक पहुंच सकी. आरोपियों के पास से लूटा गया माल, अवैध हथियार और वारदात में इस्तेमाल किए गए औजार भी बरामद किए गए हैं.

यह मामला गुना जिले के मृगवास थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बाकन्या का है. 13 अप्रैल 2026 की तड़के पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव में रहने वाले 65 वर्षीय वंकटदास बैरागी के घर डकैती की वारदात हुई है. रात करीब 2 बजे बदमाश छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए.

बुजुर्ग दंपत्ति को बनाया था बंधक

नकाबपोश बदमाशों ने घर में घुसते ही बुजुर्ग दंपत्ति को काबू में ले लिया. उनके हाथ-पैर बांध दिए गए और मारपीट की गई. इसके बाद बदमाशों ने घर में रखे करीब एक लाख रुपये नकद सहित सोने के कान के बाले, नाक का कांटा, चांदी की पायल और बिछूड़ी लूट ली.

गंभीरता को देखते हुए बनी विशेष पुलिस टीम

वारदात की गंभीरता को देखते हुए मृगवास पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की. पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसे जल्द से जल्द आरोपियों तक पहुंचने का जिम्मा सौंपा गया.

10 हजार मोबाइल नंबरों का हुआ तकनीकी विश्लेषण

पुलिस टीम ने वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों पर ध्यान केंद्रित किया. घटनास्थल और आसपास के इलाकों में सक्रिय करीब 10,000 मोबाइल नंबरों का बारीकी से विश्लेषण किया गया. इसी जांच के दौरान एक संदिग्ध मोबाइल नंबर पुलिस के रडार पर आया, जो जांच की दिशा तय करने वाला साबित हुआ.

पूछताछ में उगला सच, दो आरोपी गिरफ्तार

तकनीकी सुराग के आधार पर पुलिस ने ग्राम बिरयाई निवासी रामधन पुत्र हीरालाल कंजर को हिरासत में लिया. पूछताछ में उसने अपने साथी मनोहर उर्फ मनोरिया कंजर के साथ मिलकर डकैती करना स्वीकार किया. आरोपियों ने बताया कि उन्होंने पहले से घर की रेकी की थी और बुजुर्ग दंपत्ति को अकेला देखकर वारदात की योजना बनाई.

लूटा गया माल और अवैध हथियार बरामद

पुलिस ने दूसरे आरोपी मनोहर कंजर को भी गिरफ्तार कर लिया है. दोनों की निशानदेही पर 15 हजार रुपये नकद, लूटे गए सोने-चांदी के जेवर, वारदात में उपयोग की गई मोटरसाइकिल और ताला तोड़ने के औजार बरामद किए गए. इसके अलावा आरोपियों के पास से 12 बोर का देशी कट्टा और जिंदा कारतूस भी जब्त किया गया है.

कुछ आरोपी अभी फरार, तलाश जारी

इस मामले में पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने बताया कि डकैती की वारदात में शामिल दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. हालांकि कुछ अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. पुलिस का दावा है कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी पकड़ लिया जाएगा.

लेखक के बारे में
img
Vinod Kushwaha
reporter
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Madhya Pradesh Dacoity News, Police Cracked Dacoity Case, Mobile Number Analysis Police, Dacoity Accused Arrested, Guna District Crime News, Mrigwas Police Investigation
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com