विज्ञापन

दतिया में दिनदहाड़े किडनैपिंग; ‘पुलिस’ लिखी स्कॉर्पियो में घसीटकर ले गए, मारपीट के बाद चलती गाड़ी से फेंका

एमपी के दतिया में हाईवे पर युवक पवन यादव का अपहरण कर बेरहमी से मारपीट की गई. ‘पुलिस’ लिखी स्कॉर्पियो में बदमाश उसे उठा ले गए. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाया और युवक गंभीर हालत में सड़क किनारे मिला.

दतिया में दिनदहाड़े किडनैपिंग; ‘पुलिस’ लिखी स्कॉर्पियो में घसीटकर ले गए, मारपीट के बाद चलती गाड़ी से फेंका
दतिया में युवक का अपहरण कर बेरहमी से पीटा, ‘पुलिस’ लिखी स्कॉर्पियो में ले गए; वीडियो वायरल होते ही पुलिस एक्शन में
वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट्स
  • हाईवे पर युवक का अपहरण, मारपीट के बाद चलती स्कॉर्पियो से फेंका; दतिया में सनसनी
  • ‘पुलिस’ लिखी स्कॉर्पियो से उठा ले गए युवक को, वीडियो वायरल
  • जमीन विवाद में फिर हमला, तीन महीने बाद दोबारा टूटा युवक का शरीर
दतिया:

मध्य प्रदेश के दतिया जिले में बुधवार शाम हाईवे पर युवक के अपहरण और बेरहमी से मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है. कोतवाली थाना क्षेत्र में मोटल होटल के पास कुछ बदमाशों ने एक युवक को पहले वाहन से टक्कर मारी, फिर सरेआम उसकी पिटाई की और जबरन स्कॉर्पियो में बैठाकर ले गए. घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. एसपी के निर्देश पर कई पुलिस टीमें सक्रिय हुईं. युवक गंभीर हालत में इंदरगढ़ थाना क्षेत्र में सड़क किनारे मिला. घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है. NDTV के लिए दतिया से मनीष सेन की रिपोर्ट.

हाईवे पर सरेआम मारपीट के बाद अपहरण

जानकारी के अनुसार महेवा निवासी 24 वर्षीय पवन यादव अपने चचेरे भाई संजय यादव के साथ न्यायालय में वकील से मिलने के बाद वापस लौट रहा था. इसी दौरान कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित मोटल होटल के पास एक स्कॉर्पियो वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर गए. आरोप है कि स्कॉर्पियो से उतरे लोगों ने पवन यादव के साथ मारपीट शुरू कर दी. खुद को बचाने के लिए पवन झाड़ियों की ओर भागा, लेकिन बदमाशों ने उसका पीछा कर उसे घेर लिया और पकड़ लिया. इसके बाद आरोपियों ने पवन को जबरन स्कॉर्पियो में बैठाया और मौके से फरार हो गए.

युवक को घसीटकर गाड़ी की ओर ले जाते हुए

युवक को घसीटकर गाड़ी की ओर ले जाते हुए

घटनास्थल पर बने वीडियो ने मचाया हड़कंप

घटना के दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने पूरी वारदात का वीडियो बना लिया. वायरल वीडियो में कुछ लोग युवक को जबरन ले जाने का विरोध करते दिखाई दे रहे हैं. वहीं आरोपी वीडियो बनाने वालों को धमकाते हुए भी नजर आ रहे हैं. वीडियो सामने आने के बाद घटना की जानकारी तत्काल पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल को दी गई.

स्कॉर्पियो पर लिखा था 'पुलिस'

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार जिस स्कॉर्पियो से युवक का अपहरण किया गया, उसके पीछे 'पुलिस' लिखा हुआ था. वाहन का नंबर UP 93 BO 3238 बताया गया है. पुलिस अब वाहन और उसमें सवार आरोपियों की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्य जुटा रही है.

जिस गाड़ी में ले गए उसमें पुलिस लिखा था

जिस गाड़ी में ले गए उसमें पुलिस लिखा था

पुलिस की घेराबंदी के बाद सड़क किनारे मिला युवक

एसपी मयूर खंडेलवाल के निर्देश पर जिले के सभी थानों को अलर्ट किया गया और कई पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में लगा दी गईं. पुलिस द्वारा नाकाबंदी और घेराबंदी की जानकारी मिलने के बाद आरोपी कथित रूप से अपहृत युवक को इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुर गांव के पास सड़क पर फेंककर फरार हो गए. गंभीर रूप से घायल हालत में मिले पवन यादव को पुलिस ने तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है.

दोनों हाथ और पैर में फ्रैक्चर की आशंका

घायल युवक के परिजनों के अनुसार हमले में उसके दोनों हाथ और दोनों पैरों में गंभीर चोटें आई हैं. डॉक्टरों द्वारा जांच की जा रही है. पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जानकारी में युवक को गंभीर फ्रैक्चर होने की बात सामने आई है.

तीन महीने पहले भी हुआ था हमला

पुलिस जांच में सामने आया है कि पवन यादव का आरोपियों से करीब 10 बीघा जमीन को लेकर विवाद चल रहा है. करीब तीन महीने पहले भी इसी विवाद को लेकर उसके साथ मारपीट की गई थी. उस घटना में उसके दोनों हाथ और एक पैर में फ्रैक्चर हुआ था. अब दूसरी बार हुई इस वारदात ने विवाद को और गंभीर बना दिया है.

फरियादी ने बताई पूरी घटना

घायल युवक के चचेरे भाई और फरियादी संजय यादव ने बताया कि टक्कर मारने के बाद आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी. संजय के अनुसार, वह किसी तरह भागकर झाड़ियों में छिप गया और अपनी जान बचाई, लेकिन पवन को बदमाश जबरन गाड़ी में डालकर ले गए.

छह आरोपियों पर गंभीर धाराओं में केस

संजय यादव की शिकायत पर पुलिस ने शैलेन्द्र यादव, जशरत यादव, संजू यादव, राघवेंद्र यादव, विशाल यादव और विकास यादव के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस ने आरोपियों पर हत्या के प्रयास, अपहरण और राजीनामे के लिए दबाव बनाने जैसी गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू की है.

एडिशनल एसपी बोले- जल्द होगी गिरफ्तारी

एडिशनल एसपी मनजीत सिंह चावला ने बताया कि युवक के अपहरण की सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें सक्रिय कर दी गई थीं. उन्होंने कहा कि सभी संबंधित थानों को सूचना देकर नाकाबंदी कराई गई. बाद में युवक घायल अवस्था में मिला और उसे अस्पताल पहुंचाया गया. मामले में केस दर्ज कर लिया गया है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है.

यह भी पढ़ें : दतिया सीट पर संकट; बीजेपी हाईकोर्ट पहुंची, कांग्रेस विधायक पर आरोप, राजीव गांधी की हत्या से जुड़ा मामला

यह भी पढ़ें : कर्ज में डूबे नौसिखिए अपराधियों की साजिश; जयपुर में नकली पिस्तौल और किचन वाले चाकू से CA का अपहरण, 3 गिरफ्तार

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kidnapping Case, Datia, Highway Kidnapping CCTV, Madhya Pradesh, Land Dispute
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com