Crime News: मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में हथियारों की तस्करी से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है. सिटी कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हरियाणा से आए एक युवक को 29 धारदार तलवारों के साथ गिरफ्तार किया है. आरोपी झोले और कपड़ों के भीतर तलवारें छिपाकर शहर के संवेदनशील इलाकों में बेचने की फिराक में था. हाल के दिनों में उत्तर प्रदेश में आत्मरक्षा के नाम पर तलवार बांटने के मामलों के बाद पुलिस और खुफिया एजेंसियां पहले से ही अलर्ट पर थीं. इसी सतर्कता के चलते खंडवा पुलिस को यह बड़ी सफलता मिली है.

Weapon Smuggling: पुलिस द्वारा पकड़ी गई तलवारें
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
खंडवा के एडिशनल एसपी महेंद्र तारणेकर ने बताया कि सिटी कोतवाली थाना प्रभारी प्रवीण आर्य को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक सरदारों जैसा नीला ड्रेस पहने बमनगांव रोड पर स्थित पांच पुलिया के पास रेलवे आउटर क्षेत्र में संदिग्ध हालत में घूम रहा है. सूचना में बताया गया था कि उसके पास सफेद बोरे में कई तलवारें हैं, जिन्हें वह बेचने की कोशिश कर रहा है.

Crime News: खंडवा में पुलिस को बड़ी सफलता
घेराबंदी कर दबोचा गया आरोपी
सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस की टीम ने घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया. तलाशी के दौरान आरोपी के कंधे पर टंगे सफेद बोरे और उसके कपड़ों के अंदर छिपाई गई लोहे की कुल 29 धारदार तलवारें बरामद की गईं. हथियारों की इतनी बड़ी खेप देखकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए.
हरियाणा का रहने वाला है आरोपी
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नाग प्रदीप पिता लक्ष्मण दास बताया. वह हरियाणा के जिला कैथत स्थित फतेहपुर उंडरी का निवासी है. जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पहले भी खंडवा शहर में आना‑जाना करता रहा है और उसे शहर की भौगोलिक व सामाजिक स्थिति की अच्छी जानकारी थी.

Weapon Smuggling: पुलिस की गिरफ्त में आरोपी
संवेदनशील इलाकों में बेचने की थी तैयारी
पुलिस के अनुसार आरोपी ने पहले शहर के मुस्लिम बहुल इलाकों को चुना और वहां तलवारें बेचने का प्रयास किया. इसके बाद उसने खंडवा के अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में अवैध रूप से तलवारें खपाने की कोशिश की. उल्लेखनीय है कि खंडवा जिला अति संवेदनशील जिलों में शामिल है, ऐसे में यह मामला सुरक्षा की दृष्टि से बेहद गंभीर माना जा रहा है.
दिल्ली में भी दर्ज है पुराना मामला
पुलिस रिकॉर्ड खंगालने पर यह भी सामने आया कि आरोपी पर दिल्ली के पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन थाने में पहले से एक आपराधिक मामला दर्ज है. इस पृष्ठभूमि को देखते हुए पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी किसी संगठित नेटवर्क के लिए काम कर रहा था या अकेले ही हथियारों की तस्करी कर रहा था.
तलवार खरीदने वालों की तलाश में जुटी पुलिस
तलवारों की इतनी बड़ी खेप जब्त होने के बाद पुलिस अब खंडवा शहर के विभिन्न इलाकों में तलाशी अभियान चला रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी से तलवारें खरीदने वाले लोग कौन थे और उनका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था.
यूपी की घटना के बाद बढ़ी सतर्कता
गौरतलब है कि हाल ही में उत्तर प्रदेश में आत्मरक्षा के नाम पर तलवारें बांटने का मामला सामने आया था, जिसने देशभर में बहस छेड़ दी थी. उसी के बाद से मध्यप्रदेश पुलिस और खुफिया विभाग इस तरह की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखे हुए हैं. खंडवा में हुई यह कार्रवाई उसी अलर्ट सिस्टम का नतीजा मानी जा रही है.
यह भी पढ़ें : MP में UCC को लेकर सियासी घमासान, कमेटी गठन की तैयारी के बीच कांग्रेस और बीजेपी आमने-सामने
यह भी पढ़ें : MP में पहली बार पकड़ी गई OG ग्रेड गांजे की खेप, जानिए पानी में उगने वाला ‘ओशियन ग्रोथ' गांजा कितना महंगा है
यह भी पढ़ें : अक्षय तृतीया से पहले बाल विवाह पर सख्ती; MP के सभी जिलों में कंट्रोल रूम और उड़न दस्ते
यह भी पढ़ें : Ladli Behna Yojana: अप्रैल में भी मिलेंगे 1500 रुपये, जानिए कब आएगी लाड़ली बहना योजना की 35वीं किस्त?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं