लालू परिवार में आंतरिक घमासान पहले से ही जारी है. वहीं अब तेजस्वी और तेजप्रताप के बीच अब सियासी बयानबाजी भी शुरू हो गई है. खुद को कृष्ण कहने वाले बड़े भाई तेजप्रताप यादव ने छोटे भाई को फटकार लगाई है, और नसीहत भी दी है. जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेजप्रताप यादव ने अपने छोटे भाई आरजेडी नेता तेजस्वी यादव को बिहार को लेकर दिए गए बयान पर पलटवार किया है. तेजप्रताप ने उन्हें नसीहत दी है कि बिहार की छवि धूमिल नहीं करनी चाहिए.
पटना में तेजप्रताप यादव ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि तेजस्वी हमारे छोटे भाई हैं, लेकिन उन्हें अपने बयानों पर ध्यान देना चाहिए. उन्हें बिहार की छवि खराब करने वाले बयानों से बचना चाहिए.
बिहार हमारी पहचान है
तेजप्रताप ने कहा कि बिहार के बारे में सकारात्मक सोच रखनी चाहिए. बाहर जाकर बिहार की छवि खराब करने वाले बयान नहीं देने चाहिए. बिहार में ही हमारा जन्म हुआ है और यही हमारी पहचान है. तेजप्रताप ने कहा कि जो लोग बाहर जाकर बिहार की छवि खराब करते हैं, उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए.
बिहार गरीब नहीं अमीर है
बिहार गरीब नहीं है, बल्कि अमीर है. बिहार का युवा दिल से अमीर है. यहां के लोग स्वाभिमानी हैं. तेजस्वी यादव को ऐसे बयानों से बचना चाहिए. वे मेरे छोटे भाई हैं, इसलिए हम उन्हें यही सलाह दे सकते हैं. उन्होंने कहा कि कोई सिर्फ पैसों से अमीर नहीं होता, दिल से भी अमीर होता है.
तेजस्वी अब बच्चे नहीं हैं
तेजस्वी के राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के कार्यकारी अध्यक्ष पद संभालने पर तेजप्रताप यादव ने कहा कि राजद उनसे चलेगा या नहीं, यह वे खुद ही बता सकते हैं. हम उनके बड़े भाई हैं, लेकिन अब वे बच्चे नहीं हैं कि हम उन्हें समझाते रहें. यहां हम जनशक्ति जनता दल में राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं. कल क्या पता हमें देखते हुए वे भी राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष बन जाएं. अगर बन भी जाते हैं तो हम शुभकामनाएं ही देंगे.
उन्होंने कहा कि राजनीतिक लड़ाई अलग है और व्यक्तिगत संबंध अलग हैं. बता दें कि हाल ही में केरल विधानसभा चुनाव के दौरान तेजस्वी यादव ने बिहार को गरीब राज्य बताया था. उनके इस बयान के बाद सत्ता पक्ष ने विरोध जताया था.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं