विज्ञापन
This Article is From Feb 19, 2026

Blinkit की बढ़ी मुश्किलें, दिल्ली पुलिस ने दर्ज किया केस, ऐप पर अवैध चाकू बेचने का आरोप, जानें पूरा मामला

Blinkit Illegal Knives Sale case: दिल्ली पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इन चाकुओं की सप्लाई कहां से हो रही थी और इन्हें स्टॉक करने के लिए कौन लोग जिम्मेदार हैं. पुलिस की टीम कंपनी के सप्लाई चेन और सामान खरीदने के सोर्स की पूरी कुंडली खंगाल रही है.

Blinkit की बढ़ी मुश्किलें, दिल्ली पुलिस ने दर्ज किया केस, ऐप पर अवैध चाकू बेचने का आरोप, जानें पूरा मामला
दिल्ली पुलिस ने Blinkit के गुरुग्राम के फरुखनगर में स्थित एक बड़े वेयरहाउस पर छापा मारा.
नई दिल्ली:

ऑनलाइन सामान डिलीवर करने वाली क्विक डिलीवरी ऐप ब्लिंकिट (Blinkit) इस समय कानूनी पचड़े में फंस गई है. दिल्ली पुलिस ने कंपनी के खिलाफ एक  मामला दर्ज किया है. आरोप है कि ब्लिंकिट अपने प्लेटफॉर्म के जरिए ऐसे चाकू बेच रही थी जो कानूनन सही नहीं हैं और अवैध हथियारों की कैटेगरी में आते हैं. 

यह मामला तब सामने आया जब पुलिस को शक हुआ कि ऐप पर मिलने वाले कुछ चाकुओं का साइज सरकारी नियमों से काफी बड़ा है. फिलहाल पुलिस ने इस मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी है.

पुलिस ने खुद ऑर्डर देकर पकड़ी गड़बड़ी

इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब दिल्ली पुलिस ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स की जांच के दौरान ब्लिंकिट पर एक 'स्टेनली' यूटिलिटी चाकू देखा. इसकी सच्चाई जानने के लिए पुलिस ने खुद ऐप से वह चाकू ऑर्डर किया. जब चाकू डिलीवर हुआ, तो पुलिस ने पाया कि वह हाथ से मुड़ने वाला यानी फोल्डिंग चाकू था, जिसकी लंबाई 8 सेंटीमीटर और चौड़ाई 2.5 सेंटीमीटर थी. 

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, कानून के हिसाब से इतना बड़ा चाकू बेचना या रखना अपराध है, जिसके बाद 14 फरवरी को आर्म्स एक्ट के तहत FIR दर्ज की गई.

क्या कहता है भारत का  कानून?

बहुत कम लोगों को पता है कि घर में इस्तेमाल होने वाले चाकुओं के लिए भी सरकार ने नियम बनाए हैं. कानून के मुताबिक, किसी भी धारदार चीज या चाकू की ब्लेड की लंबाई ज्यादा से ज्यादा 7.62 सेंटीमीटर और चौड़ाई 1.72 सेंटीमीटर ही हो सकती है. अगर कोई चाकू इन पैमानों से बड़ा होता है, तो उसे प्रतिबंधित हथियार माना जाता है. ब्लिंकिट पर बिक रहे चाकू इन नियमों का उल्लंघन कर रहे थे, इसी वजह से पुलिस ने कंपनी के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है.

छापेमारी में बरामद हुए दर्जनों अवैध चाकू

केस दर्ज करने के बाद पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है. 15 फरवरी को दिल्ली में ब्लिंकिट से जुड़े कई स्टोर्स पर तलाशी ली गई, जहां से पुलिस को 16 अवैध चाकू मिले. इसके बाद जांच का दायरा बढ़ाते हुए पुलिस ने 16 फरवरी को गुरुग्राम के फरुखनगर में स्थित एक बड़े वेयरहाउस पर छापा मारा. वहां से पुलिस को 32 और अवैध चाकू मिले. अब तक पुलिस कुल 50 ऐसे चाकू जब्त कर चुकी है जो नियमों के खिलाफ बेचे जा रहे थे.

अब आगे क्या एक्शन लेगी दिल्ली पुलिस?

दिल्ली पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इन चाकुओं की सप्लाई कहां से हो रही थी और इन्हें स्टॉक करने के लिए कौन लोग जिम्मेदार हैं. पुलिस की टीम कंपनी के सप्लाई चेन और सामान खरीदने के सोर्स की पूरी कुंडली खंगाल रही है. जांच के अगले हिस्से में पुलिस इस मामले से जुड़ी कंपनियों और अधिकारियों को नोटिस भी भेज सकती है. 

दूसरी तरफ, ब्लिंकिट की ओर से अभी तक इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है. यह खबर उन सभी लोगों के लिए एक सबक है जो ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से सामान मंगवाते समय सुरक्षा और नियमों को नजरअंदाज कर देते हैं.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Blinkit, Delhi Police, FIR Against Blinki, Arms Act Case, Illegal Knives Sale
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com