विज्ञापन

क्रिकेटर शशांक सिंह पर FIR, पुलिस ने रिटायर्ड IPS पिता को भी बनाया आरोपी; जानें पूरा मामला

भोपाल में IPL क्रिकेटर शशांक सिंह और उनके रिटायर्ड IPS पिता शैलेश सिंह के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज हुआ है. आरोप है कि घर में काम करने वाले कुक के साथ गाली-गलौज और हिंसा की गई. पीड़ित कर्मचारी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.

क्रिकेटर शशांक सिंह पर FIR, पुलिस ने रिटायर्ड IPS पिता को भी बनाया आरोपी; जानें पूरा मामला
रिटायर्ड IPS पिता शैलेश सिंह के साथ क्रिकेटर शशांक सिंह.
  • भोपाल में पंजाब किंग्स के क्रिकेटर शशांक सिंह और उनके पिता शैलेश सिंह पर कुक के साथ मारपीट का आरोप है.
  • कुक विपेंद्र सिंह ने शिकायत दर्ज कराई कि उसे भोपाल बुलाकर नौकरी का झांसा दिया गया था.
  • विपेंद्र का कहना है कि उसे काम का अत्यधिक दबाव दिया गया और गाली-गलौज की गई.

IPL में पंजाब किंग्स की टीम से खेलने वाले क्रिकेटर शशांक सिंह और उनके रिटायर्ड IPS पिता शैलेश सिंह पर भोपाल में FIR दर्ज हुई है. आरोप है कि उन्होंने घर में काम करने वाले कुक के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जबरन काम करवाया. पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

कुक की शिकायत पर दर्ज हुई FIR

यह मामला भोपाल के रातीबड़ थाने का है, जहां पीड़ित कुक विपेंद्र सिंह ने शिकायत दर्ज कराई. पीड़ित ने आरोप लगाया है कि शशांक सिंह, उनके पिता शैलेश सिंह और उनके ड्राइवर मिश्रा ने उसके साथ मारपीट की और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया. 

नौकरी के नाम पर भोपाल बुलाया 

विपेंद्र सिंह का कहना है कि उसे रीवा से भोपाल बुलाया गया था. एक परिचित के जरिए उसे बताया गया कि शैलेश सिंह के घर पर खाना बनाने का काम मिलेगा और आगे चलकर सरकारी नौकरी लगवाने में मदद की जाएगी. उसे 15 हजार रुपये महीने की सैलरी के साथ रहने और खाने की सुविधा देने का वादा किया था.

Latest and Breaking News on NDTV
पीड़ित कुक विपेन्द्र सिंह तोमर.

काम का दबाव और धमकी के आरोप

पीड़ित के अनुसार, काम शुरू करने के कुछ ही घंटे बाद उस पर लगातार काम का दबाव बनाया जाने लगा. उसने बताया कि घर में पहले से काम कर रहे कुक को भी गालियां दी जा रही थीं. जब उसने काम छोड़ने की बात कही, तो उसे धमकाते हुए पूछा गया कि काम नहीं करेगा तो यहां आया क्यों?

मोबाइल छीना, कमरे में बंद होकर बचाने की कोशिश

विपेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि इस दौरान उसका मोबाइल छीन लिया गया और उसे जबरन काम करने के लिए कहा. डर के कारण वह खुद को कमरे में बंद कर लिया, लेकिन इसके बावजूद आरोप है कि शैलेश सिंह, शशांक सिंह और ड्राइवर ने उसके साथ मारपीट की. पीड़ित के शरीर और चेहरे पर चोट के निशान भी बताए जा रहे हैं.

पुलिस ने इन धाराओं में दर्ज किया केस

पुलिस ने इस मामले में शैलेश सिंह, शशांक सिंह और एक अन्य पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(बी), 115(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Cricketer Shashank Singh, IPL Cricketer, Cricketer Controversy, Bhopal Crime News, Retired IPS News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com