भोपाल: ट्विशा शर्मा मौत मामले की जांच कर रही CBI को अब तक दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं मिली है. यह जानकारी सीबीआई की टीम की ओर से भोपाल कोर्ट को मामले की सुनवाई के दौरान 16 जून को दी गई. दूसरी पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही ट्विशा की मौत की स्पष्ट वजह सामने आएगी और सीबीआई उसी दिशा में अपनी जांच आगे बढ़ाएगी. लेकिन, सबसे बड़ा सवाल यही बना हुआ है कि आखिर 24 दिन बाद भी पीएम रिपोर्ट सीबीआई को क्यों नहीं मिल पाई है.
कब हुआ था ट्विशा का दूसरा पोस्टमार्टम?
दरअसल, ट्विशा शर्मा के परिजनों की मांग और मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के आदेश पर ट्विशा शर्मा का दूसरा पोस्टमार्टम 24 मई 2026 को किया गया था. दिल्ली एम्स (AIIMS Delhi) के डॉक्टरों की टीम ने भोपाल एम्स में एम्स पीएम की प्रक्रिया पूरी की थी. दूसरे पीएम को 24 दिन बीत गए हैं, लेकिन अब तक रिपोर्ट नहीं आई है.
ट्विशा केस: गिरिबाला-समर्थ को राहत नहीं, 30 जून तक ज्यूडिशियल कस्टडी मिली, जानें कोर्ट में क्या हुआ?
क्यों हो रही पोस्टमार्टम रिपोर्ट में देरी?
दिल्ली एम्स के डॉक्टर के अनुसार, ट्विशा का दूसरा पीएम करने वाली टीम मामले की गहन जांच कर रही है. उसे अभी 1-2 टेस्ट और करने हैं, जिसका प्रोसेस लंबा है. इस कारण से पीएम रिपोर्ट आने में देरी हो रही है. बताया जा रहा है कि जैसे ही सारे टेस्ट की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी, रिपोर्ट सीबीआई की टीम को सौंप दी जाएगी.
ट्विशा की पहली पोस्टमार्टम रिपोर्ट में क्या आया था?
ट्विशा शर्मा का पहला पोस्टमार्टम भोपाल एम्स के डॉक्टरों ने किया था, जिसमें उसकी मौत फांसी लगने से होना बताया गया था. रिपोर्ट में ट्विशा के शरीर पर चोट के निशान भी मिले थे, जिससे यह मामला और संदिग्ध बन गया था.
क्या है पूरा मामला?
नोएडा की रहने वाली ट्विशा शर्मा की शादी दिसंबर 2025 में भोपाल निवासी लॉयर समर्थ सिंह हुई थी. 12 मई को ट्विशा की कटारा हिल्स स्थित घर में संदिग्ध हालत में मौत हो गई थी. ट्विशा की मौत के मामले में पति समर्थ और सास रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह जेल में हैं. सीबीआई मामले की जांच की रही है. ट्विशा के परिजनों ने उन पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं