विज्ञापन

भोपाल में दूल्हे का ‘हर्ष फायर’ पड़ा भारी: बारात में कट्टे से फायरिंग, वीडियो वायरल होते ही FIR

Bhopal News: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में शादी के जश्न के दौरान दूल्हे द्वारा की गई हर्ष फायरिंग का वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दूल्हे समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया.

भोपाल में दूल्हे का ‘हर्ष फायर’ पड़ा भारी: बारात में कट्टे से फायरिंग, वीडियो वायरल होते ही FIR

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में शादी का जश्न उस समय भारी पड़ गया जब दूल्हे ने बारात के दौरान कट्टे से हर्ष फायरिंग कर दी. यह पूरा मामला परवलिया थाना क्षेत्र का है, जहां 8 अप्रैल को आयोजित एक शादी समारोह में दूल्हा बारात लेकर पहुंचा और खुशी के माहौल में फायरिंग कर दी. हरप्रीत कौर रीन की र‍िपोर्ट

बताया जा रहा है कि दूल्हा मिस्बा खान, जो पेशे से प्रॉपर्टी ब्रोकर है, अपनी शादी के जश्न में इतना उत्साहित हो गया कि उसने अवैध हथियार से फायर कर दिया. शादी D.D. फॉर्म हाउस में आयोजित थी और बारात के पहुंचते ही माहौल जश्न में बदल गया. इसी दौरान कुछ लोगों ने इवेंट में इस्तेमाल होने वाली गन के साथ-साथ कट्टे से भी फायरिंग शुरू कर दी. गनीमत रही कि इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और किसी को चोट नहीं आई.

इस पूरी घटना का वीडियो बारात में शामिल लोगों ने बना लिया और उसे इंस्टाग्राम पर वायरल कर दिया. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दूल्हा डांस कर रहा है, उसके आसपास लोग नोट उड़ा रहे हैं और उसी दौरान फायरिंग की जा रही है. जैसे ही यह वीडियो पुलिस तक पहुंचा, पुलिस ने तुरंत मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी.

जांच में सामने आया कि दूल्हे के चाचा ससुर असलम खान ने पहले खुद फायरिंग की और फिर अपने पास रखा अवैध कट्टा दूल्हे को थमा दिया. इसके बाद दूल्हे ने भी जोश में आकर फायर कर दिया. वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों की पहचान की और उनके खिलाफ मामला दर्ज किया.

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दूल्हे मिस्बा खान और असलम खान को गिरफ्तार कर लिया है. साथ ही असलम खान के कब्जे से अवैध हथियार भी जब्त किया गया है. पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

शादी जैसे खुशी के मौके पर की जाने वाली हर्ष फायरिंग कई बार गंभीर हादसों का कारण बन जाती है. कानूनन यह एक अपराध है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाती है.  

यह भी पढ़ें- IAS Transfer MP: मध्यप्रदेश में 26 आईएएस के तबादले, इन जिलों के कलेक्टर बदले, देखें सूची

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com