विज्ञापन
This Article is From Jul 07, 2017

मॉडल सोनिका चौहान की 'गैर-इरादतन हत्या' के आरोप में अभिनेता विक्रम चटर्जी गिरफ्तार

विक्रम पर 29 अप्रैल को लापरवाही से गाड़ी चलाने के कारण सोनिका की मौत का ज़िम्मेदार होने का आरोप लगाया गया था. हादसे के समय विक्रम एक पार्टी में शिरकत के बाद सोनिका चौहान को घर छोड़ने जा रहे थे.

मॉडल सोनिका चौहान की 'गैर-इरादतन हत्या' के आरोप में अभिनेता विक्रम चटर्जी गिरफ्तार
विक्रम चटर्जी पर 29 अप्रैल को लापरवाही से गाड़ी चलाने के कारण सोनिका चौहान की मौत का ज़िम्मेदार होने का आरोप है...
  • सोनिका चौहान की मौत 29 अप्रैल को एक कार हादसे में हुई थी
  • हादसे के वक्त विक्रम एक पार्टी के बाद सोनिका को घर छोड़ने जा रहे थे
  • विक्रम को दक्षिणी कोलकाता से गुरुवार रात को गिरफ्तार किया गया
कोलकाता: मॉडल और टीवी एंकर सोनिका चौहान की कार हादसे में हुई मौत के सिलसिले में गैर-इरादतन हत्या के आरोप का सामना कर रहे अभिनेता विक्रम चटर्जी को गिरफ्तार कर लिया गया है.

कोलकाता पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि दक्षिणी कोलकाता के कस्बा इलाके में रसबिहारी एवेन्यू कनेक्टर पर एक्रोपोलिस मॉल के बाहर गुरुवार मध्यरात्रि में कोलकाता पुलिसकर्मियों ने एक कैब का पीछा कर टेलीविजन और फिल्म अभिनेता को गिरफ्तार कर लिया.

विक्रम पर पहले रैश तथा नेग्लिजेंट ड्राइविंग का आरोप लगाया गया था, जिसके लिए अधिकतम दो वर्ष कैद की सज़ा सुनाई जा सकती है, लेकिन बाद में विक्रम चटर्जी के खिलाफ आईपीसी की धारा 304 के तहत मामला दर्ज किया गया, जो गैर-इरादतन हत्या से जुड़ी है, और इसके लिए 10 साल तक की कैद सुनाई जा सकती है. पुलिस का कहना है कि विक्रम के खिलाफ 'पर्याप्त सबूत' मौजूद हैं.

विक्रम चटर्जी तब से फरार थे, जब से पुलिस ने उन पर सोनिका चौहान की मौत के लिए गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया था. विक्रम पर 29 अप्रैल को लापरवाही से गाड़ी चलाने के कारण सोनिका की मौत का ज़िम्मेदार होने का आरोप लगाया गया था. हादसे के समय विक्रम एक पार्टी में शिरकत के बाद सोनिका चौहान को घर छोड़ने जा रहे थे.

बीच में इस मामले ने राजनैतिक रंग भी ले लिया था, जब पश्चिम बंगाल के विपक्षी दलों ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस पर एक लोकप्रिय टीवी धारावाहिक में मुख्य भूमिका निभाने वाले विक्रम चटर्जी को बचाने की कोशिश करने का आरोप लगाया था.

(इनपुट भाषा से भी)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sonika Chauhan, Vikram Chatterjee, Culpable Homicide, Section 304, Death In Car Accident
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com