विज्ञापन

गैस किल्लत की खबरों के बीच जान लीजिए LPG, PNG, CNG और LNG का मतलब...जानें किसका क्या काम

मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव और ग्लोबल सप्लाई चेन में आ रही दिक्कतों के बीच LPG, PNG, CNG और LNG की चर्चा सबसे ज्यादा हो रही है. ऐसे में आइए जानते हैं कि हमारे किचन का सिलेंडर, पाइप वाली गैस और गाड़ियों का ईंधन एक-दूसरे से कैसे अलग हैं.

गैस किल्लत की खबरों के बीच जान लीजिए LPG, PNG, CNG और LNG का मतलब...जानें किसका क्या काम
आपके घर तक पहुंचती है कितनी तरह की गैस

LPG vs PNG vs CNG vs LNG: आजकल हर जगह खाड़ी देशों (Middle East) में तनाव और युद्ध की खबरें छाई हैं. इसकी चर्चा भारत के कोने-कोने में हो रही है. शायद आपको लगे कि दूर देश में हो रही इन लड़ाइयों से हमें क्या फर्क पड़ता है. लेकिन सच तो ये है कि इसका सीधा असर आपके किचन के बजट और आपकी कार की रफ्तार पर पड़ सकता है. भारत अपनी जरूरत की गैस का एक बड़ा हिस्सा बाहर से मंगवाता है. ईरान-इजराइल जंग से हॉर्मुज जलमार्ग से सप्लाई प्रभावित हो गई है, जिससे LPG, PNG, CNG और LNG की किल्लत बढ़ गई है. सरकार ने कुछ जरूरी कदम भी उठाए हैं. ऐसे में आइए जानते हैं आखिर ये एलपीजी, पीएनजी, सीएनजी और एलएनजी क्या हैं और ये एक-दूसरे से अलग कैसे हैं.

LPG क्या होता है

सबसे पहले बात उस लाल सिलेंडर की, जो हमारे घरों की सबसे जरूरी चीज है. इसका पूरा नाम लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस (Liquefied Petroleum Gas) है. इसका मुख्य काम खाना बनाना है. जब कच्चा तेल (Crude Oil) साफ किया जाता है, तब ये गैस निकलती है. इसे भारी दबाव डालकर लिक्विड बनाया जाता है, ताकि इसे सिलेंडर में भरा जा सके. इसे कहीं भी ले जाना आसान है. 'उज्ज्वला योजना' के बाद तो यह घर-घर तक पहुंच गई है.

PNG क्या है

अगर आप बड़े शहर में रहते हैं, तो शायद आपके घर में सिलेंडर की जगह दीवार से सटा हुआ एक पाइप आता होगा. यही PNG है. इसका पूरा नाम पाइप्ड नेचुरल गैस (Piped Natural Gas) है. इसका मुख्य काम किचन में खाना बनाना और फैक्ट्रियों में फ्यूल पहुंचाना है. यह पानी के कनेक्शन जैसी है. पाइप के जरिए सीधी आपके चूल्हे तक आती है. जितना इस्तेमाल करेंगे, उतना बिल भरना पड़ेगा. इसका फायदा ये है कि सिलेंडर खत्म होने का डर नहीं और न ही उसे बुक करने की टेंशन रहती है.

CNG क्या होती है

पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों के बीच जो चीज हमें राहत देती है, वो CNG है. इसका पूरा नाम कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (Compressed Natural Gas) है. इससे गाड़ियां चलती हैं. यह पेट्रोल के मुकाबले कम प्रदूषण फैलाती है और सस्ती भी पड़ती है, इसलिए इसे 'क्लीन फ्यूल' कहा जाता है.

LNG क्या होती है

एलएनजी वो गैस है, जो सात समंदर पार से जहाज के जरिए आती है. इसका पूरा नाम लिक्विफाइड नेचुरल गैस (Liquefied Natural Gas) है. नेचुरल गैस को जब -162°C तक ठंडा किया जाता है, तो वह लिक्विड बन जाती है. इससे उसका वॉल्यूम बहुत कम हो जाता है और इसे बड़े-बड़े जहाजों में भरकर एक देश से दूसरे देश भेजना आसान हो जाता है.भारत इसे बाहर से मंगवाता है, फिर टर्मिनल पर इसे वापस गैस में बदलकर पाइपलाइन (PNG) या गाड़ियों (CNG) के लिए भेज दिया जाता है.

हरीश राणा को कैसे दी जाएगी इच्छामृत्यु? सुप्रीम कोर्ट की मंजूरी के बाद अब आगे का प्रोसेस क्या है

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com