विज्ञापन

झारखंड के गढ़वा में जंगली हाथियों का आतंक, 24 घंटे में 2 लोगों को हाथी ने कुचला; दोनों की मौत

हाथियों के कुचलने से 2 लोगों की मौत के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है. ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि हाथियों को आबादी वाले क्षेत्रों से दूर रखने के लिए ठोस और स्थायी उपाय किए जाएं.

झारखंड के गढ़वा में जंगली हाथियों का आतंक, 24 घंटे में 2 लोगों को हाथी ने कुचला; दोनों की मौत
झारखंड के गढ़वा में जंगली हाथियों का आतंक

झारखंड के गढ़वा जिले में पिछले 24 घंटे में जंगली हाथियों के झुण्ड ने दो लोगों को कुचल कर मार डाला. रंका के बाहोकुदर में कल की घटना के बाद अब एक और घटना सामने आई है. धुरकी थाना क्षेत्र के कदवा उर्फ लिखनी धौरा गांव में महुआ चुनने गए एक बुजुर्ग व्यक्ति की जंगली हाथी के हमले में मौके पर ही मौत हो गई. इस घटना से पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल व्याप्त है. मृतक की पहचान 62 वर्षीय दईब कोरवा के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, दईब कोरवा महुआ चुनने के लिए बियवादामर जंगल गए थे.

जंगल में मिला बुजुर्ग का शव

देर शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई. सोमवार को जब परिजन और ग्रामीण उनकी खोज में जंगल पहुंचे तो उनका शव बरामद हुआ. शव के आसपास हाथियों के पैरों के निशान मिलने से स्पष्ट हुआ कि उनकी मौत जंगली हाथियों के हमले में हुई है. प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से जंगली हाथियों का झुंड सक्रिय है. आशंका जताई जा रही है कि दईब कोरवा अनजाने में हाथियों के संपर्क में आ गए, जिसके बाद हाथियों ने उन्हें कुचल दिया.

मृतक के परिजनों को मिलेगी आर्थिक सहायता

हमला इतना भीषण था कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई. घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है. मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीणों ने बताया कि दईब कोरवा परिवार के मुखिया थे और उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. परिजनों ने सरकार और वन विभाग से उचित मुआवजे की मांग की है. इस संबंध में डीएफओ अंशुमान राजहंस ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि विभाग मृतक के परिवार के साथ खड़ा है. उन्होंने बताया कि सरकारी प्रावधान के तहत 4 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी, जिसमें तत्काल 50 हजार रुपये परिजनों को दिए जाएंगे, जबकि शेष राशि कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उपलब्ध कराई जाएगी. 

दुधवल गांव में मुन्ना सिंह को हाथियों ने कुचला

इससे पहले गढ़वा जिले के रंका वन क्षेत्र के दुधवल गांव में सोमवार को अहले सुबह जंगली हाथियों के झुण्ड ने गांव के मुन्ना सिंह को दौड़ा कर पकड़ कर पटक दिया. जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घायलावस्था मे उसे रंका हॉस्पिटल लाया गया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया है. वन विभाग शव को अपने कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा अस्पताल भेजा. वहीं मौके पर वन विभाग द्वारा परिजनों को 50000 रुपये हजार का नकद मुआवजा दिया, जबकि बाकी मुआवजा की राशि कागजी प्रक्रिया के बाद देने की बात सामने आई है.

लेखक के बारे में
img
श्यामजी तिवारी
Sub Editor
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Jharkhand News, Elephant Tramples 2 People In Jharkhand, Jharkhand News In Hindi, Garhwa News, Garhwa News Today
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com