विज्ञापन

झारखंड में बारिश का कहर, आकाशीय बिजली गिरने से पांच लोगों की मौत; 13 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

झारखंड में भारी बारिश के बीच आकाशीय बिजली ने भारी तबाही मचाई है. राज्य के विभिन्न हिस्सों में पांच लोगों की मौत से हड़कंप मचा हुआ है. मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए राज्य के 13 जिलों में अलर्ट जारी किया है.

झारखंड में बारिश का कहर, आकाशीय बिजली गिरने से पांच लोगों की मौत; 13 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
झारखंड में भारी बारिश के बीच आकाशीय बिजली ने भारी तबाही मचाई है.

Jharkhand Weather Update: झारखंड में कुदरत का कहर देखने को मिला है. पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के चार जिलों में आकाशीय बिजली गिरने से पांच लोगों की असमय मौत हो गई. मृतकों में एक मासूम बच्ची और दो महिलाएं शामिल हैं. इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे राज्य में शोक का माहौल है.

कहां-कहां हुआ हादसा

अधिकारियों के अनुसार शुक्रवार को गढ़वा जिले में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई. वहीं रांची धनबाद और बोकारो में भी एक-एक व्यक्ति ने अपनी जान गंवाई है. रांची के इटकी थाना क्षेत्र स्थित कुल्ली गांव में 12 वर्षीय बच्ची आश्रिता अपने माता-पिता के साथ आम तोड़ रही थी तभी बिजली गिरने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई. इस हादसे में उसके माता-पिता गंभीर रूप से घायल हुए हैं जिनका इलाज चल रहा है. इसके अलावा गढ़वा के गराखुर्द और बनजंघा गांव धनबाद के चुंगी गांव तथा बोकारो के बाबूडीह गांव में भी बिजली गिरने से लोगों की जान गई है.

मौसम विभाग की चेतावनी

राज्य में हो रही भारी बारिश और बिजली की चमक के बीच मौसम विभाग ने सतर्क रहने की सलाह दी है. रांची स्थित मौसम केंद्र ने रांची रामगढ़ बोकारो कोडरमा गिरिडीह धनबाद और गोड्डा समेत कुल 13 जिलों के लिए रविवार सुबह तक ‘ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार राज्य में दो निम्न दबाव प्रणालियों के सक्रिय होने के कारण मौसम में यह बड़ा बदलाव आया है.

तापमान में गिरावट 

बिजली और बारिश के इस दौर से झारखंड के लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है. राज्य के अधिकतम तापमान में सात डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है. हालांकि राहत का यह दौर अस्थाई है क्योंकि अगले चार दिनों में तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है. फिलहाल प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और पेड़ों के नीचे शरण न लेने की अपील की है.

यह भी पढ़ें- Rajasthan: 9 महीने तक हिरणी को बेटी की तरह पाला, आंखों पर पट्टी बांधकर विदा करते समय रो पड़ा पूरा परिवार; देखें वीडियो

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
लेखक के बारे में
img
भाषा
Agency
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Jharkhand News, Jharkhand Lightning, Jharkhand Meteorological Department, Jharkhand Orange Alert
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com