विज्ञापन

झारखंड में 8 इनामी समेत 27 नक्सलियों ने किया सरेंडर, पुलिस अफसर बोले- '2026 में 22 माओवादी ढेर, अब तो हथियार छोड़ दो'

27 Maoists Surrender in Jharkhand: एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, '2026 में कुल 22 माओवादी मारे गए, 44 गिरफ्तार किए गए और 29 ने आत्मसमर्पण किया. जिन्होंने आत्मसमर्पण नहीं किया है, हम उन लोगों से अपील करते हैं कि वे हिंसा का मार्ग त्यागकर मुख्यधारा में आ जाएं.'

झारखंड में 8 इनामी समेत 27 नक्सलियों ने किया सरेंडर, पुलिस अफसर बोले- '2026 में 22 माओवादी ढेर, अब तो हथियार छोड़ दो'
झारखंड में एक साथ 27 नक्सलियों न सरेंडर कर दिया है.
IANS

Jharkhand News: झारखंड में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन क्लीन' को आज एक बहुत बड़ी कामयाबी मिली. पुलिस मुख्यालय में 21 मई को आयोजित एक आधिकारिक कार्यक्रम में झारखंड पुलिस और सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों के सामने 8 इनामी समेत कुल 27 नक्सली अपने हथियार के साथ सरेंडर कर मुख्यधारा में लौटे. आत्मसमर्पण करने वाले उग्रवादियों में से 25 भाकपा माओवादी संगठन के हैं, जबकि दो जेजेएमपी उग्रवादी संगठन से जुड़े हैं. सरेंडर करने वाले भाकपा माओवादियों का यह दस्ता कोल्हान के बेहद दुर्गम पहाड़ी व जंगली इलाकों में सक्रिय था. इस दस्ते ने पिछले कुछ सालों में पूर्व विधायक पर जानलेवा हमला करने, सुरक्षाबलों की हत्या करने और ताबड़तोड़ आईईडी ब्लास्ट करने जैसी कई वारदातों को अंजाम दिया था.

पुलिस के अनुसार, आत्मसमर्पण करने वाले इन उग्रवादियों के खिलाफ राज्य के विभिन्न थानों में कुल 426 गंभीर मामले दर्ज हैं. इन पर हत्या, पुलिस बलों पर हमला, लेवी वसूली, विस्फोट और हथियारबंद गतिविधियों जैसे आरोप हैं. सरेंडर के दौरान नक्सलियों ने भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी सुरक्षा बलों को सौंपे हैं. इनमें एक एलएमजी इंसास, चार इंसास राइफल, नौ एसएलआर, एक बोल्ट एक्शन राइफल, एक पिस्टल, 31 मैगजीन, 2987 कारतूस और आठ वॉकी-टॉकी शामिल हैं. 

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: NDTV Reporter

आत्मसमर्पण करने वाले प्रमुख इनामी नक्सलियों में गादी मुंडा उर्फ गुलशन, नागेंद्र मुंडा उर्फ प्रभात मुंडा, रेखा मुंडा उर्फ जयंती, सागेन आंगारिया उर्फ दोकोल और सुलेमान हांसदा उर्फ सुनी हांसदा के नाम शामिल हैं. जेजेएमपी संगठन के सचिन बेक ने भी हथियार डाल दिए. इनके अलावा दर्शन उर्फ बिंज हांसदा, करण तियू उर्फ डांगुर, बासुमती जेराई उर्फ बासू, बैजनाथ मुंडा, रघु कायम उर्फ गुणा, किशोर सिरका उर्फ दुर्गा सिरका और राम दयाल मुंडा समेत कई अन्य उग्रवादी भी मुख्यधारा में लौटे हैं. सरेंडर करने वाली महिला कैडरों में वंदना उर्फ शांति, सुनिता सरदार, सपना उर्फ सुरू कालुंडिया और अनिशा कोड़ा उर्फ रानी सहित कई नाम शामिल हैं.

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को राज्य सरकार की पुनर्वास नीति के तहत आर्थिक सहायता और पुनर्वास सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. साथ ही हथियार जमा करने के एवज में निर्धारित राशि भी अलग से दी जाएगी.
Jharkhand Naxal Surrender

Photo Credit: IANS

चाईबासा में नक्सलियों की तरफ से अंजाम दी गई 15 मुख्य वारदातें:-

सुरक्षाबलों के रिकॉर्ड के मुताबिक, सरेंडर करने वाले 25 माओवादियों ने चाईबासा और आसपास के इलाकों में आतंक फैला रखा था. इनके द्वारा अंजाम दी गई 15 सबसे बड़ी और खौफनाक वारदातों का विवरण इस प्रकार है.

1- पूर्व विधायक गुरुचरण नायक पर जानलेवा हमला (जनवरी 2022)

गोइलकेरा थाना क्षेत्र के झीलरंवा में एक फुटबॉल मैच के दौरान मनोहरपुर के पूर्व विधायक गुरुचरण नायक पर नक्सलियों ने अचानक हमला कर दिया था. इस हमले में विधायक तो बच गए, लेकिन उनके दो बॉडीगार्ड्स की गोली और चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई और उनके सरकारी हथियार लूट लिए गए. इस वारदात में सागेन अंगारिया, रघु उर्फ गुना कायम, सुलेमान, दर्शन और बिरसा कोड़ा मुख्य रूप से शामिल थे.

2- तुंबाहाका मुठभेड़ में दो जवान शहीद (अगस्त 2023)

टोंटो थाना क्षेत्र के तुंबाहाका के जंगलों में नक्सलियों ने पुलिस बल पर घात लगाकर अचानक फायरिंग शुरू कर दी थी. इस भीषण मुठभेड़ में झारखंड जगुआर के दो जांबाज पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे. इस हमले का मास्टरमाइंड सागेन और देवान थे.

3- मैगजीन हाउस से 7000 डिटोनेटर की बड़ी लूट (मार्च 2023)

बड़ा जामदा ओपी क्षेत्र के मेरलगाढ़ा और बालजोड़ी स्थित एक मैगजीन हाउस पर धावा बोलकर नक्सलियों ने भारी मात्रा में विस्फोटक लूटा था. इस दौरान करीब 7,000 डिटोनेटर और भारी मात्रा में बारूद लूट लिया गया था. इसमें सागेन अंगारिया, गुलशन, दर्शन, प्रभात मुंडा समेत शीर्ष नक्सली नेता मिसिर बेसरा और अजय महतो शामिल थे.

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: PTI

4- लोवाबेड़ा में कोबरा डिप्टी कमांडेंट पर हमला (जुलाई 2023)

गोइलकेरा के लोवाबेड़ा में सुरक्षा बलों को निशाना बनाने और उनके हथियार लूटने के इरादे से नक्सलियों ने आईईडी ब्लास्ट किया और अंधाधुंध फायरिंग की. इस हमले में कोबरा 209 बटालियन के डिप्टी कमांडेंट दीपक कुमार तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए थे.

5- राजाबासा आईईडी ब्लास्ट, जवान सुशांत कुंटिया शहीद (जनवरी 2023)

टोंटो थाना क्षेत्र के राजाबासा में सर्च ऑपरेशन पर निकले सुरक्षाबलों को रोकने के लिए माओवादियों ने आईईडी ब्लास्ट किया. इस हमले में सीआरपीएफ-60 के जवान सुशांत कुंटिया और मुन्नालाल यादव गंभीर रूप से घायल हुए, जिनमें से इलाज के दौरान सुशांत कुंटिया शहीद हो गए. इस घटना में शीर्ष नेता मिसिर बेसरा, अनल, सागेन और गुलशन समेत 60-70 माओवादी शामिल थे.

6- रेड़दाह और हुसीपी में 80 नक्सलियों के साथ मुठभेड़ (अगस्त 2023)

शीर्ष नक्सली मिसिर बेसरा और अजय महतो की मौजूदगी वाली माओवादियों की हेडक्वार्टर टीम (करीब 80 नक्सली) किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में थी. तभी सुरक्षाबलों के साथ उनकी सीधी मुठभेड़ हो गई. इस घटना में सहायक समादेष्टा चंद्र प्रताप तिवारी गंभीर रूप से घायल हुए थे. मौके से सुरक्षाबलों ने भारी मात्रा में गोला-बारूद और राशन बरामद किया था.

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: PTI

7- तिलाईबेड़ा में दहशत फैलाने के लिए आईईडी ब्लास्ट (अगस्त 2023)

टोंटो थाना क्षेत्र के तिलाईबेड़ा में पुलिस के बढ़ते कदमों को रोकने और स्थानीय ग्रामीणों में खौफ पैदा करने के लिए नक्सलियों ने आईईडी ब्लास्ट और फायरिंग की थी. इसमें सागेन अंगारिया, गुलशन और प्रभात मुंडा का दस्ता शामिल था.

8- बलिबा आईईडी ब्लास्ट – असिस्टेंट कमांडेंट समेत तीन घायल (मार्च 2025)

छोटानागरा थाना अंतर्गत बलिबा के जंगलों में सुरक्षाबलों के एंटी-नक्सल अभियान को बाधित करने के लिए आईईडी का इस्तेमाल किया गया. इस धमाके में एक असिस्टेंट कमांडेंट सहित तीन सुरक्षाकर्मी गंभीर रूप से घायल हुए थे. इसमें सागेन अंगारिया, मुन्नी सुरिन, मिसिर बेसरा और अनल शामिल थे.

9- मरांगपोंगा विस्फोट, सब-इंस्पेक्टर सुनील मंडल शहीद (मार्च 2025)

छोटानागरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत नक्सलियों ने सुरक्षाबलों को बड़ा नुकसान पहुंचाने के लिए दोबारा आईईडी ब्लास्ट किया. इस कायरतापूर्ण हमले में 193 बटालियन के सब-इस्पेक्टर सुनील मंडल शहीद हो गए और एक हेड कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हुए.

10- रातामाटी धमाका, झारखंड जगुआर के आरक्षी शहीद (अप्रैल 2025)

छोटानागरा थाना क्षेत्र के ही रातामाटी के रास्ते में सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों को निशाना बनाकर आईईडी ब्लास्ट किया गया. इस धमाके में झारखंड जगुआर के आरक्षी सुनील धान शहीद हो गए, जबकि कोबरा के एक हेड कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हुए.

11- दुगूनिया मुठभेड़, एरिया कमांडर अरुण ढेर (अगस्त 2025)

गोइलकेरा थाना अंतर्गत दुगूनिया के जंगलों में नक्सलियों ने हथियार लूटने के उद्देश्य से सुरक्षाबलों की टीम पर हमला किया, लेकिन सुरक्षाबलों की जवाबी कार्रवाई में भाकपा माओवादी का एरिया कमांडर अरुण उर्फ वारूण उर्फ निलेश मडकम मारा गिराया गया था.

12- पंचलाता बुरू मुठभेड़ , जोनल कमांडर अपटन ढेर (सितंबर 2025)

गोइलकेरा के पंचलाता बुरू के घने जंगलों में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच आमने-सामने की भीषण मुठभेड़ हुई. सुरक्षाबलों ने बहादुरी का परिचय देते हुए माओवादियों के जोनल कमांडर अपटन उर्फ अमित हांसदा को ढेर कर दिया, जो संगठन के लिए एक बहुत बड़ा झटका था.

13- बिंगईकीर और कुलापाबुरू की भीषण मुठभेड़ (नवंबर 2025)

छोटानागरा थाना क्षेत्र में शीर्ष नक्सलियों मिसिर बेसरा, अनल और अनमोल के मुख्य दस्ते के साथ सुरक्षाबलों की आमने-सामने की मुठभेड़ हुई. इस कार्रवाई में नक्सलियों को भारी क्षति पहुंची और वे जान बचाकर भागे. मौके से नक्सलियों की. दो एसएलआर राइफल, एके 303 राइफल, भारी मात्रा में मैगजीन, जिलेटिन, कारतूस और दो लैपटॉप समेत कई अहम सामग्रियां बरामद की गईं.

14- कोलबंगा में कोबरा असिस्टेंट कमांडेंट घायल (मार्च 2026)

जराईकेला थाना क्षेत्र के कोलबंगा में सुरक्षाबलों को निशाना बनाने के उद्देश्य से नक्सलियों ने घात लगाकर आईईडी ब्लास्ट किया और फायरिंग की. इसमें कोबरा 209 बटालियन के असिस्टेंट कमांडेंट अजय मल्लिक सहित तीन जवान गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे.

15- दलाईगढ़ा में बड़ा हमला, 6 जवान जख्मी (अप्रैल 2026)

छोटानागरा थाना अंतर्गत दलाईगढा के दुर्गम पहाड़ी और जंगली क्षेत्रों में नक्सलियों ने सुरक्षाबलों को लक्षित कर ताबड़तोड़ फायरिंग और आईईडी विस्फोट किए. इस भीषण हमले में कोबरा 205, 207 और 210 बटालियन के कुल 06 जवान गंभीर रूप से घायल हो गए थे.

ये भी पढ़ें:- गर्म तवे की तरह तप रही है घर की छत? करें ये काम..बिना AC के भी 'शिमला' जैसा कूल रहेगा आपका घर

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com