Jharkhand News: झारखंड के रामगढ़ जिले की चुटूपालु घाटी एक बार बहुत बड़ा सड़क हादसा हो गया. जहां मंगलवार को एक बेकाबू ट्रेलर ने सड़क पर ऐसा तांडव मचाया कि हर तरफ चीख-पुकार मच गई. ब्रेक फेल होने की आशंका के बीच ट्रेलर चालक ने अपना नियंत्रण खो दिया और देखते ही देखते यह मौत का वाहन बन गया और कई गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया.
दो किलोमीटर तक घसीटता रहा ट्रेलर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घाटी से नीचे उतरते समय ट्रेलर की रफ्तार इतनी तेज थी कि उसने सामने आ रहे कई छोटे और बड़े वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना भयावह था कि ट्रेलर करीब दो किलोमीटर तक सड़क पर मौजूद गाड़ियों को घसीटता हुआ आगे बढ़ता रहा. इस दौरान कई गाड़ियां पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया. अपनी जान बचाने के लिए लोग इधर-उधर भागते नजर आए.
एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत
इस भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया. पुलिस और राहत बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर यातायात बहाल करने का काम शुरू किया. क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से हटाया जा रहा है. ट्रेलर चालक को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है ताकि हादसे के असली कारणों का पता चल सके.
घाटी में सुरक्षा पर उठे सवाल
चुटूपालु घाटी को अक्सर 'डेथ ट्रैप' के रूप में जाना जाता है क्योंकि यहां पहले भी कई बड़े हादसे हो चुके हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि घाटी में भारी वाहनों की बेतहाशा रफ्तार और ब्रेक फेल होने की घटनाएं अब आम हो गई हैं. लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि सुरक्षा इंतजामों को और सख्त किया जाए. घाटी में प्रवेश करने वाले भारी वाहनों की कड़ी जांच और गति सीमा पर कड़ा नियंत्रण समय की मांग है.
यह भी पढ़ें- गहरी नींद में थे यात्री, तभी ट्रेलर से टकराई बस...दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर जिंदा जले यात्री, 8 की मौत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं