विज्ञापन
This Article is From Jul 18, 2017

जम्‍मू-कश्‍मीर : पाक की ओर से फ़ायरिंग की चपेट में आई स्कूल वैन, ड्राइवर ने भाग कर बचाई जान

जम्मू कश्मीर के पुंछ के बालाकोट और बिंबर गली सेक्टर में पाकिस्तान ने एक बार फिर सीज़फ़ायर तोड़ा है.

जम्‍मू-कश्‍मीर : पाक की ओर से फ़ायरिंग की चपेट में आई स्कूल वैन, ड्राइवर ने भाग कर बचाई जान
वैने के ड्राइवर ने किसी तरह भाग कर अपनी जान बचाई
  • राज्‍य में पिछले 24 घंटों में दो अलग-अलग मुठभेड़ में सात आतंकी मारे गए हैं
  • सोमवार से इस इलाक़े में पाकिस्तान की ओर से तीसरी बार फ़ायरिंग की गई है
  • 'ये पाक की कायराना हरकत है और उसको इसका अंजाम भी भुगतना पड़ रहा है'
श्रीनगर: पाकिस्‍तान की ओर से फ़ायरिंग के दौरान बालाकोट सेक्टर में एक बड़ा हादसा टल गया जब स्कूल की एक वैन सीमा पार से जारी गोलीबारी की जद में आ गई. हांलाकि राहत की बात ये थी कि उस वक्त वैन में बच्चे सवार नहीं थे. प्रशासन ने पहले ही फ़ायरिंग की वजह से स्कूलों को बंद कर रखा था. गोलीबारी के बाद वैन के ड्राइवर ने गाड़ी से भागकर अपनी जान बचाई. जम्मू कश्मीर के पुंछ के बालाकोट और बिंबर गली सेक्टर में पाकिस्तान ने एक बार फिर सीज़फ़ायर तोड़ा है. भारत की ओर से पाक फ़ायरिंग का माकूल जवाब दिया जा रहा है. सोमवार से इस इलाक़े में पाकिस्तान की ओर से तीसरी बार फ़ायरिंग की गई है. सोमवार को यहां पाकिस्‍तान की तरफ से की गई फ़ायरिंग में एक बच्ची की मौत हो गई थी.

पिछले 24 घंटों में मार गिराए गए 7 आतंकी
उधर राज्‍य में पिछले 24 घंटों में दो अलग-अलग मुठभेड़ में सात आतंकी मारे गए हैं. मंगलवार को गुरेज में सेना ने चार आतंकियों को मार गिराया. ये आतंकी LoC पर घुसपैठ की कोशिश कर रहे थे. वहीं अनंतनाग में भी बीती रात एक मुठभेड़ में 3 आतंकियों को मार गिराया गया. तीनों आतंकी लश्कर के बताए गए हैं. इनके शव और हथियार भी बरामद हुए हैं. बरामद हथियारों में एक एके 47, एक SLR और एक पिस्तौल बरामद हुई है. यहां सुरक्षाबलों को वानीहमा गांव में आतंकियों के छुपे होने की सूचना मिली थी जिसके बाद दोनों तरफ से फायरिंग हुई.

पढ़ें : जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में मुठभेड़, SHO समेत 6 पुलिसकर्मियों की हत्‍या में शामिल बशीर लश्करी ढेर

पाक को अंजाम भुगतना पड़ेगा : निर्मल सिंह
पाकिस्‍तान की ओर से लगातार किए जा रहे संघर्षविराम उल्‍लंघन पर जम्‍मू-कश्‍मीर के उपमुख्यमंत्री निर्मल सिंह ने कहा, 'ये पाक की कायराना हरकत है और जिस तरीके से हमारे नागरिक इलाकों के ऊपर वो फायरिंग कर रहा है, तो उसको इसका अंजाम भी भुगतना पड़ रहा है. हमारी तरफ से भी बड़ी जोर-शोर और कई गुना ताकत से उनको जवाब दिया जा रहा है. लेकिन वो है कि बिल्‍कुल बाज नहीं आ रहा है. उसको सबक सिखाया जाएगा और सिखाया जा रहा है. लेकिन आने वाले वक्‍त में पाक को इसका भुगतान करना पड़ेगा ये स्‍पष्‍ट है.'

पढ़ें : कश्मीर के पुलवामा में सुरक्षाबलों की आतंकियों से मुठभेड़, शरारती तत्वों ने किया पथराव

वीजा को लेकर भी दोनों देशों में तल्‍खी
भारत-पाक के रिश्तों की कड़वाहट सीमा पार से फ़ायरिंग और आतंकी वारदातों तक ही सीमित नहीं है. हाल के दिनों में वीज़ा को लेकर दोनों देशों की तल्ख़ी सामने आई है. अब POK के एक शख़्स ने विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से वीज़ा के लिए मदद की गुहार लगाई है. लीवर ट्यूमर का दर्द झेल रहे ओसामा ने सुषमा को ट्वीट कर कहा है कि वो इलाज के लिए भारत आना चाहता है लेकिन सरताज अज़ीज़ उसके वीज़ा के लिए सिफ़ारिश नहीं करेंगे. जिसके बाद सुषमा ने बेहद तल्ख़ तेवर में ट्वीट कर POK को भारत का अभिन्न अंग बताया है.

पढ़ें : अनंतनाग में लश्कर के तीन आतंकी मारे गए, 6 महीने में 100 आतंकी हो चुके हैं ढेर

4 जुलाई को पुलवामा में सुरक्षाबलों ने 3 आतंकियों को मार गिराया था

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Jammu And Kashmir, School Van Trapped In Firing, Cross Border Firing
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com